- नई द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस से कुमाऊं और राजधानी के बीच सफर होगा आसान, पर्यटन, व्यापार और चारधाम यात्रा को मिलेगा बड़ा लाभ
देहरादून। उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रेल मंत्रालय ने 15310/15309 रामनगर–देहरादून–रामनगर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दे दी है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से पहली बार रामनगर और देहरादून के बीच सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा उपलब्ध होगी। लंबे समय से क्षेत्रीय जनता की मांग और सांसद अनिल बलूनी के विशेष प्रयासों के बाद मिली इस सौगात से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद और बिजनौर के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेल मंत्रालय के अनुसार नई एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में यही ट्रेन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर होगा।
नई रेल सेवा से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, सरकारी कर्मचारियों और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। यात्री अब देहरादून और हरिद्वार जाकर उसी दिन अपने आवश्यक कार्य निपटाकर वापस लौट सकेंगे। इससे दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन पहले की तुलना में अधिक तेज, सुविधाजनक और किफायती होगा। यह एक्सप्रेस ट्रेन पर्यटन और धार्मिक पर्यटन को भी नई गति देगी। जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले देश-विदेश के पर्यटक, गिरिजा देवी मंदिर और सीतावनी जैसे धार्मिक स्थलों के श्रद्धालु तथा हरिद्वार और देहरादून से बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्रीय व्यापार, शिक्षा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, एसी चेयर कार, शयनयान, द्वितीय श्रेणी चेयर कार तथा सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।









