- मौसम विभाग की चेतावनी के बाद डीएम का बड़ा फैसला, कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और अगले 24 घंटों के लिए जारी भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए शनिवार, 18 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने यह आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा कहीं-कहीं अत्यंत तीव्र बारिश की संभावना जताई है। संभावित खतरे को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 18 जुलाई को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।









