- अस्पताल परिसर में हुई हिंसक झड़प की जांच में जुटी पुलिस, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे, तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
हल्द्वानी। हल्द्वानी के बेस अस्पताल में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने के लिए अस्पताल सहित अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सीओ हल्द्वानी अमित सैनी ने बताया कि मारपीट का मामला पुलिस के संज्ञान में आया है और घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है।
अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के साथ-साथ उन स्थानों की भी फुटेज देखी जा रही है, जहां अस्पताल पहुंचने से पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट होने की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







