- कार्यभार ग्रहण करने के बाद अधीनस्थों के साथ की बैठक
- आमजन की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश
पिथौरागढ़। कोतवाली पिथौरागढ़ के नव नियुक्त प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिसिंग को प्रभावी बनाने और कानून-व्यवस्था मजबूत रखने की दिशा में कदम उठाए हैं। उन्होंने कोतवाली में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से परिचय प्राप्त करने के साथ उनकी कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों की जानकारी ली।

उन्होंने सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से करने, क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नीरज भाकुनी ने स्पष्ट किया कि आमजन की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने और पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी व जनहितकारी बनाने पर जोर दिया।


