- बीएलए-2 इकराम अली के नाम से निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर दाखिल किए गए थे 28 फॉर्म-7
- शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर न्यायालय पहुंचे थे आवेदक
हल्द्वानी। मतदाता सूची से 28 लोगों के नाम हटवाने के लिए एक व्यक्ति की कथित फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर ऑनलाइन फॉर्म-7 दाखिल करने का मामला सामने आया है। इस मामले में कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस ने इकराम अली की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंद्रानगर निवासी इकराम अली के अनुसार, वह विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान अपने बूथ पर बीएलए-2 के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्हें 20 अगस्त 2026 को जानकारी मिली कि निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर 12 अगस्त को भाग संख्या 134 के 28 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए उनके नाम से ऑनलाइन फॉर्म-7 दाखिल किए गए हैं। इकराम अली ने दावा किया कि उन्होंने न तो ये आवेदन किए और न ही किसी अन्य व्यक्ति को अपनी ओर से आवेदन करने के लिए अधिकृत किया था।

आवेदक ने निर्वाचन अधिकारियों को लिखित शिकायत और शपथ-पत्र देकर फॉर्म-7 से अपना संबंध होने से इनकार किया। इसके बाद 24 अगस्त को थाना बनभूलपुरा और 29 अगस्त को एसएसपी नैनीताल को भी शिकायत भेजी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने 15 सितंबर को न्यायालय में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 175(3) के तहत प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया। प्रार्थना-पत्र में फर्जी आवेदन दाखिल करने वालों की पहचान के लिए निर्वाचन पोर्टल के लॉगिन, आईपी एड्रेस, मोबाइल नंबर, ई-मेल, ओटीपी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की गई थी। न्यायालय में प्रस्तुत शिकायत के आधार पर अब बनभूलपुरा पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आरोपियों की पहचान और पूरे प्रकरण की जांच पुलिस के लिए अहम होगी।


