- कार्यभार ग्रहण करते ही पत्रकारों से की पहली प्रेस वार्ता
- यातायात सुधार, बीट पुलिसिंग मजबूत करने और फरियादियों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण को बताया प्राथमिकता
बागेश्वर। जनपद के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चन्द्र (आईपीएस) ने शनिवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने बाबा बागनाथ मंदिर में दर्शन कर जिले की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। पुलिस कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्द सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेखों को अद्यतन रखने और कार्यालय में अनुशासन व स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसपी ने पत्रकारों से पहली प्रेस वार्ता में अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने, साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा यातायात व्यवस्था सुधारने की बात कही।

उन्होंने बीट पुलिसिंग को मजबूत कर पुलिस-जन संवाद बढ़ाने और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए ठोस प्रयास करने पर जोर दिया। इसके बाद थानाध्यक्षों और शाखा प्रभारियों के साथ बैठक में एसपी ने नशे और साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, नए आपराधिक कानूनों के तहत गुणवत्तापूर्ण विवेचना और अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का कल्याण सुनिश्चित किया जाएगा, लेकिन अनुशासनहीनता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। साथ ही बीट पुलिसकर्मियों को साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा फरियादियों की शिकायतों का संवेदनशीलता से समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।


