- हल्द्वानी में बड़ा हादसा टला, बस में सवार यात्रियों और राहगीरों को नहीं आई चोट
- दुर्घटना के बाद लगा जाम, पुलिस ने खुलवाया
हल्द्वानी। रामनगर से हल्द्वानी आ रही रामनगर डिपो की रोडवेज बस मंगलवार रात करीब 8:45 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस संख्या UK-07-PA-2918 आगे चल रही बाइक को पास लेने के दौरान अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में बस सवार यात्रियों और राहगीरों को किसी तरह की चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस हल्द्वानी की ओर आ रही थी। इसी दौरान कुसुमखेड़ा चौराहे के पास आगे चल रही बाइक को पास देने के प्रयास में बस डिवाइडर पर चढ़ गई। बस के डिवाइडर पर चढ़ते ही मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। दुर्घटना के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित होने से कुछ समय के लिए जाम लग गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए जाम खुलवाया। बस को सड़क से हटाने के लिए क्रेन बुलाने की कार्रवाई की गई। कोतवाली मुखानी के प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी ने बताया कि बस को क्रेन की मदद से हटवाया जा रहा है। प्रथम दृष्टया सड़क चौड़ीकरण के लिए चल रहा निर्माण कार्य दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में किसी के घायल नहीं होने से पुलिस और यात्रियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा रहा है।




