- प्रेमनगर के निजी मकान पर देर रात छापा, पांच जुआरी गिरफ्तार
- ₹55,690 नकद, सात मोबाइल और ताश की गड्डियां बरामद, बड़े ऑनलाइन नेटवर्क के मिले सुराग
देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत देहरादून पुलिस ने अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रेमनगर क्षेत्र में संचालित हाईप्रोफाइल जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर देर रात एक निजी मकान में छापेमारी कर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 55,690 रुपये नकद, सात मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां बरामद हुई हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के मोबाइल फोन से ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जल्द ही व्यापक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार प्रेमनगर क्षेत्र की त्यागी मार्केट स्थित एक निजी मकान में अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टा संचालित होने की गोपनीय सूचना मिलने पर विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से देर रात छापा मारकर मकान में चल रहे जुए के खेल का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जो ताश के पत्तों से जुआ खेलने के साथ-साथ ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टेबाजी में भी शामिल थे। पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सुमित माकिन अपने निजी मकान में लोगों को बुलाकर जुआ खिलाता था और ऑनलाइन सट्टा भी संचालित कराता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद सात मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं, जिनकी जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े बड़े गिरोह और नेटवर्क के महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।









