- वार्ड 37 में वर्षों से बदहाल है आंतरिक मार्ग
- निर्माण में बाधा और बिना अनुमति बाउंड्री क्षतिग्रस्त करने की शिकायत की जांच की मांग
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के वार्ड नंबर 37 मल्ला चौफुला में वर्षों से जर्जर पड़े आंतरिक मार्ग के निर्माण को लेकर पार्षद विद्या देवी ने महापौर को पत्र सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। पार्षद ने पनी राम के घर से प्रिया रॉय के घर तक क्षतिग्रस्त मार्ग को डामरीकरण के बजाय सीसी सड़क में तब्दील कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। साथ ही निर्माण कार्य में कथित बाधा डालने और जेसीबी से कुछ स्थानों पर दीवारों व भवनों की बाउंड्री क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। पार्षद की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि उक्त आंतरिक मार्ग लंबे समय से बेहद खराब स्थिति में है और इसके कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण को लेकर पूर्व में भी नगर निगम स्तर पर पत्र दिया गया था। पत्र के अनुसार, महापौर की ओर से संबंधित एडीबी एवं यूयूएसडीए अधिकारियों को सीसी सड़क निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर मनोज गोस्वामी द्वारा क्षेत्र के लोगों को एकत्रित कर प्रस्तावित सीसी सड़क निर्माण को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। पार्षद ने यह भी शिकायत की है कि कुछ स्थानों पर जेसीबी के माध्यम से दीवारों और भवनों की बाउंड्री क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी मिली है। पत्र में मांग की गई है कि यदि यह कार्रवाई सक्षम अनुमति के बिना की गई है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। पार्षद विद्या देवी ने महापौर से सड़क की वास्तविक स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराने तथा संबंधित विभागों और क्षेत्रवासियों को विश्वास में लेकर सड़क की आवश्यक चौड़ाई का तकनीकी निर्धारण कराने की मांग की है। साथ ही सड़क चौड़ीकरण से संबंधित किसी प्रस्ताव या तकनीकी आवश्यकता को स्पष्ट करने की मांग की गई है, ताकि क्षेत्र में किसी तरह का भ्रम न रहे। पत्र में पनी राम के घर से प्रिया रॉय के घर तक प्रस्तावित सीसी सड़क का निर्माण जल्द शुरू कर उसे पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। पार्षद प्रतिनिधि हृदयेश कुमार और वार्ड के क्षेत्रवासियों ने भी सड़क निर्माण को जनहित में जल्द पूरा कराने की मांग की है।




