- उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी के PIU हल्द्वानी कार्यालय में हुआ आयोजन
- अभियंताओं ने महान अभियंता के जीवन और कार्यों को किया याद
हल्द्वानी। भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर मंगलवार को उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी के अभियंताओं की ओर से PIU हल्द्वानी कार्यालय के सभागार में अभियंता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभियंताओं ने सर एम. विश्वेश्वरैया के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने और अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह एवं गुरप्रीत देवोल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित अभियंताओं ने भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान वक्ताओं ने उनके जीवन, कार्यशैली और देश के विकास में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। अभियंताओं ने कहा कि सर एम. विश्वेश्वरैया का जीवन तकनीकी दक्षता, अनुशासन, समर्पण और ईमानदारी की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपने कार्यक्षेत्र में अपनाते हुए जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह एवं गुरप्रीत देवोल के अलावा समस्त सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, अन्य अभियंता एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अभियंता दिवस के महत्व और तकनीकी क्षेत्र में अभियंताओं की भूमिका पर भी चर्चा की गई।




