- पटवाडांगर, मरचूला और एचएमटी रानीबाग की जमीनों को लेकर उठाए सवाल
- फैसले वापस नहीं हुए तो सड़क पर उतरने की चेतावनी
हल्द्वानी। सरकारी जमीनों के हस्तांतरण और उपयोग को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। हल्द्वानी में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश की बेशकीमती सरकारी जमीनों को यूआईआईडीबी और सिडकुल के माध्यम से हस्तांतरित कर बड़े उद्योगपतियों और बाहरी लोगों को देने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने सरकार से जमीनों से जुड़े ऐसे फैसलों को वापस लेने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। राहुल छिमवाल ने कहा कि नैनीताल जिले के पटवाडांगर और मरचूला-कॉर्बेट क्षेत्र की जमीनों के साथ ही एचएमटी रानीबाग की जमीन को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी जमीनों को निजी हितों के लिए इस्तेमाल किए जाने की तैयारी की जा रही है और इससे राज्य के हित प्रभावित होंगे।
पटवाडांगर को लेकर सरकारी रिकॉर्ड में UIIDB की ओर से प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट के लिए भूमि आवंटन संबंधी निविदा जारी होने की पुष्टि होती है। आधिकारिक UIIDB वेबसाइट पर इस परियोजना का RFP सूचीबद्ध है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि राज्य की बहुमूल्य जमीनों से जुड़े फैसलों में पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिन जमीनों को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं, उनके हस्तांतरण और आवंटन संबंधी फैसलों की समीक्षा की जाए तथा जनहित के विपरीत किसी भी प्रक्रिया को रोका जाए। छिमवाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जमीनों के मुद्दे को लेकर पार्टी आने वाले दिनों में व्यापक स्तर पर विरोध-प्रदर्शन की रणनीति तैयार करेगी।




