- पिरान कलियर में मेडिकल स्टोर से 1150 ट्रामाडोल कैप्सूल व 10 कोडीन सिरप बरामद
- काठगोदाम में चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
हल्द्वानी/हरिद्वार। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ STF ने लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। पिरान कलियर में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की बिक्री की सूचना पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि काठगोदाम में STF कुमाऊं यूनिट और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1 किलो 150 ग्राम चरस के साथ दो कथित तस्करों को पकड़ा गया। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। STF के अनुसार, 15 सितंबर को पिरान कलियर स्थित मोनी मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई के दौरान 1150 Puroxiwin Spas ट्रामाडोल कैप्सूल और 10 कोडीन कफ सिरप बरामद किए गए। मौके पर मौजूद कुर्बान अली निवासी महमूदपुर और आदिल निवासी मुकरपुर दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज या चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन प्रस्तुत नहीं कर सके। दोनों के खिलाफ थाना कलियर में NDPS Act की धारा 8/22/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं, 16 सितंबर को STF कुमाऊं यूनिट ने थाना काठगोदाम पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चेकिंग के दौरान मनोज चंद्र निवासी पाटी, चम्पावत और संजय चंद्र निवासी अनरपा, पाटी को 1 किलो 150 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। STF के मुताबिक बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पांच लाख रुपये है। आरोपियों के कब्जे से एक स्कूटी भी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चम्पावत क्षेत्र से चरस खरीदकर नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में ऊंचे दामों पर बेचते थे। STF अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। STF ने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




