- दो सप्ताह पहले दिया गया था नोटिस
- सरकारी गोदाम की भंडारण क्षमता प्रभावित होने का दिया गया हवाला
- प्रशासन के अनुसार प्रदेश में अब तक 604 अवैध मजारें हटाई गईं
हल्द्वानी। सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत हल्द्वानी प्रशासन ने शनिवार तड़के राजपुरा स्थित भारतीय खाद्य निगम (FCI) परिसर में बनी अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में पहुंची प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए संरचना को हटवा दिया। प्रशासन के अनुसार, सरकारी गोदाम परिसर में बनी इस संरचना को हटाने के लिए करीब दो सप्ताह पहले विधिक प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी किया गया था और इसे स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय में संरचना नहीं हटाए जाने पर शनिवार सुबह प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

अधिकारियों के मुताबिक, इस अतिक्रमण के कारण गोदाम की भंडारण क्षमता भी प्रभावित हो रही थी।बताया गया कि कुछ समय पहले यहां काम करने के लिए बाहरी राज्यों से आए श्रमिकों ने इस मजार का निर्माण कराया था। प्रशासन ने इसे सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान का हिस्सा बताते हुए दावा किया कि प्रदेश में अब तक 604 अवैध मजारें हटाई जा चुकी हैं। गौरतलब है कि एक दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उत्तराखंड सरकार की अवैध मजारों और मदरसों के खिलाफ कार्रवाई का समर्थन किया था। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की बात कहते रहे हैं। राजपुरा में हुई इस कार्रवाई को भी सरकार के इसी अभियान की कड़ी माना जा रहा है।









