देहरादून। पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक वर्ष पुराने हत्याकांड का खुलासा करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में राजपुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने राजपुर क्षेत्र स्थित जाखन में अजय बटेजा की हत्या करना कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार 26 मई 2025 को जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ममेरे भाई अजय बटेजा की जाखन स्थित आवास में हत्या कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई और मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज तथा मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई। जांच के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे मुजफ्फरनगर से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक अजय बटेजा और उसके सौतेले भाई अमित बटेजा के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी जैकी ने खुलासा किया कि अमित बटेजा ने उसे अपने भाई को रास्ते से हटाने के बदले जाखन स्थित संपत्ति में हिस्सा देने और पुराने आपराधिक मामले में बचाने का लालच दिया था।
योजना के तहत आरोपी अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ देहरादून पहुंचा और घटना की रात मृतक को अत्यधिक शराब पिलाकर तकिये से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। जांच में यह भी सामने आया कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपी ने शव को पंखे से लटकाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका। पकड़े जाने के डर से आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर निकालकर अपने साथ ले गया और प्रेमिका के साथ बस से सहारनपुर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी राजन उर्फ जैकी सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, लूट, अवैध वसूली, शस्त्र अधिनियम और गुण्डा एक्ट समेत दो दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुपारी लेकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के लिए कुख्यात रहा है और “सुपारी किलर” के नाम से जाना जाता है। मामले में मृतक का सौतेला भाई अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। घटना के सफल अनावरण पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा टीम को पांच हजार रुपये तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा ढाई हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है।






