- बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी
- हल्द्वानी बैठक में नैनीताल और ऊधम सिंह नगर के अधिकारियों को सख्त निर्देश
हल्द्वानी। उत्तराखंड में बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर सरकार ने अब मरम्मत अभियान तेज कर दिया है। प्रदेश की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडे ने हल्द्वानी में नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क मरम्मत कार्यों की समीक्षा की और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सड़क निर्माण और रखरखाव से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप सड़कों की मरम्मत का काम तेजी से पूरा किया जाए। बरसात के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। ऐसे में अब संबंधित विभागों को चिन्हित स्थानों पर तत्काल मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क को गड्ढामुक्त करने के अभियान में लोक निर्माण विभाग के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) और नगर निगम भी जिम्मेदारी निभाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में पीएमजीएसवाई और संबंधित विभागों के अधीन आने वाली सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी, जबकि शहरी क्षेत्रों में नगर निगम के अंतर्गत आने वाली सड़कों को निगम द्वारा दुरुस्त किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडे ने कहा कि पीडब्ल्यूडी अपने अधीन आने वाली सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का काम करेगा। वहीं, शहर के भीतर नगर निगम के अधीन आने वाली सड़कों की मरम्मत नगर निगम द्वारा कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क मरम्मत के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए। सरकार के इस अभियान का उद्देश्य बारिश के बाद खराब हुई सड़कों को जल्द दुरुस्त कर आम लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना है। अब निगाहें 15 अक्टूबर की समयसीमा पर हैं, जब तक संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य पूरा करना है।




