नैनीताल। भवाली-सेनिटोरियम मोटर मार्ग पर गुरुवार दोपहर करीब दो बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब एक कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस तथा राहत-बचाव टीम को सूचना दी। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार कार में छह लोग सवार थे, जिनमें से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई बताई जा रही है।
क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल ने बताया कि मृतकों में खटीमा निवासी एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), उनकी पत्नी सीमा खेड़ा चुफाल (45), पुत्र वासु चुफाल (19) और 12 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है। हादसे में वाहन चालक की भी मौत हुई है, जिसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि चालक उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला था। दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।






