चम्पावत। चम्पावत में एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के अनुसार, 6 मई को आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक नाबालिग बालिका, जो एक दिन पहले अपनी सहेली की शादी में शामिल होने ग्राम सल्ली गई थी, घर वापस नहीं लौटी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर खोजबीन शुरू की और स्थानीय स्तर पर लगातार जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस ने बालिका को एक डेयरी के पास से बरामद कर लिया। पीड़िता से पूछताछ में सामने आया कि उसके साथ कुछ व्यक्तियों द्वारा दुष्कर्म किया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए पीड़िता को जिला चिकित्सालय भेजा, जहां उसका उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया। साथ ही घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फील्ड यूनिट द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए एसओजी और स्थानीय पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं, जो तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। एसपी रेखा यादव ने स्वयं पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों को लेकर पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है और इस मामले में भी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




