रुद्रपुर। महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग में बड़ा एक्शन देखने को मिला है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने महिला संबंधी गंभीर प्रकरण में लापरवाही बरतने पर महिला हेल्प डेस्क में तैनात दो महिला कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला उस समय सामने आया जब मलिक कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी कि उसकी नाबालिग बेटी को 17 अप्रैल को यश प्रताप सिंह नामक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। पीड़िता की मां के अनुसार उसने कई बार कोतवाली रुद्रपुर, पंतनगर और महिला हेल्प डेस्क में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन कहीं भी नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। मामला एसएसपी तक पहुंचते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसएसपी अजय गणपति ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला हेड कांस्टेबल पायल आर्या और महिला कांस्टेबल मंजू आर्या को ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच क्षेत्राधिकारी पंतनगर डी.आर. वर्मा को सौंपी गई है। जांच अधिकारी को सात दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिला अपराधों को लेकर जनपद में जीरो टॉलरेंस नीति लागू है और किसी भी पीड़िता को न्याय दिलाने में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि महिला संबंधी हर शिकायत पर तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ित पक्ष के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए।




