Home Blog Page 9

उत्तराखंड में नंबर वन बना लालकुआं दुग्ध संघ, मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अध्यक्ष मुकेश बोरा को किया सम्मानित

  • वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ घोषित
  • बेहतर दुग्ध उपार्जन और कार्यप्रणाली के दम पर हासिल की उपलब्धि

लालकुआं। दुग्ध उत्पादन और सहकारिता के क्षेत्र में लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने प्रदेशभर में अपनी सफलता का परचम लहराया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए लालकुआं दुग्ध संघ को उत्तराखंड का सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किया। इस सम्मान से लालकुआं के साथ ही नैनीताल जनपद के दुग्ध उत्पादकों और सहकारिता क्षेत्र में खुशी की लहर है। उत्तराखंड सहकारी डेरी फैडरेशन लिमिटेड की ओर से जारी प्रमाण-पत्र के अनुसार, 20 हजार लीटर से अधिक दैनिक प्रसंस्करण क्षमता वाले मैदानी क्षेत्र के दुग्ध संघों की श्रेणी में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान दुग्ध उपार्जन संबंधी गतिविधियों के प्रदर्शन के आधार पर लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड का सर्वश्रेष्ठ संघ के रूप में चयन किया गया है।

ऊधम सिंह नगर के शक्तिफार्म में आयोजित पशुपालन चिंतन गोष्ठी एवं मेले में मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार सौंपा। इस दौरान उन्होंने संघ की उपलब्धि की सराहना की। प्रमाण-पत्र उत्तराखंड सहकारी डेरी फैडरेशन के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा, सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी और उप महाप्रबंधक पीएस नागपाल के हस्ताक्षरों से जारी किया गया है। इस उपलब्धि को संघ की बेहतर कार्यप्रणाली, प्रबंधन क्षमता और दुग्ध उत्पादकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों की मेहनत, दुग्ध समितियों की सक्रियता और सहकारी व्यवस्था के सहयोग से लालकुआं दुग्ध संघ ने प्रदेश में यह मुकाम हासिल किया है।

एचएमटी रानीबाग से प्राग फार्म तक सरकारी जमीनों को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी का आरोप, कांग्रेस ने खोला मोर्चा

  • सुमित हृदयेश बोले—कुमाऊं के प्रवेश द्वार से ही शुरू हुई सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में देने की प्रक्रिया
  • एचएमटी की जमीन पर उद्योगों के बजाय होटल बनाने की तैयारी

हल्द्वानी। उत्तराखंड में सरकारी जमीनों और ऐतिहासिक संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने के मुद्दे पर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हल्द्वानी महानगर कांग्रेस ने एचएमटी फैक्ट्री रानीबाग के गेट नंबर-2 पर धरना-प्रदर्शन कर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एचएमटी रानीबाग से लेकर किच्छा के प्राग फार्म तक प्रदेश की बेशकीमती सरकारी जमीनों को निजी व्यावसायिक हितों के हवाले करने की तैयारी की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘हमारी भूमि, हमारा अधिकार, कांग्रेस की यही है पुकार’ का नारा बुलंद किया। विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि हल्द्वानी कुमाऊं का प्रवेश द्वार है और दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने की शुरुआत भी यहीं से हो रही है। उन्होंने कहा कि एचएमटी रानीबाग का घड़ी कारखाना कभी हजारों परिवारों की आजीविका का आधार था। कांग्रेस की मंशा इस जमीन पर नए उद्योग स्थापित कर स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की थी, लेकिन वर्तमान सरकार यहां उद्योगों के बजाय होटल स्थापित करने की तैयारी कर रही है। उनके अनुसार, नैनीताल रोपवे के लिए पांच एकड़ जमीन छोड़कर शेष 53 एकड़ भूमि यूआईआईडीबी के माध्यम से निजी हाथों में सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने इसे स्थानीय युवाओं के रोजगार और भविष्य से जुड़ा गंभीर सवाल बताया।

सुमित हृदयेश ने आरोप लगाया कि सरकार की नजर केवल एचएमटी की जमीन पर नहीं है, बल्कि रानीबाग, ज्योलीकोट, रातीघाट और रामगढ़ के ऐतिहासिक निरीक्षण भवनों को भी निजी हाथों में देने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने पटवाडांगर की जमीन और नैनीताल के सीवर प्लांट से जुड़े फैसलों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ये संपत्तियां केवल सरकारी भूमि नहीं, बल्कि कुमाऊं की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत हैं। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रदेश के बेरोजगार युवा रोजगार की मांग कर रहे हैं, भूमिहीन परिवार आवास के लिए संघर्ष कर रहे हैं और विकास कार्यों के लिए जमीन की कमी बताई जाती है, ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि बड़ी मात्रा में सरकारी जमीनें निजी संस्थानों को किस उद्देश्य से दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की जमीन और प्रदेश की अस्मिता की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। कांग्रेस नेताओं ने ऋषिकेश के आईडीपीएल की 633 एकड़, डाकपत्थर की करीब 190 एकड़, मसूरी के जॉर्ज एवरेस्ट की 142 एकड़ और किच्छा के प्राग फार्म की लगभग 1,938 एकड़ सरकारी भूमि का मुद्दा भी उठाया। 

जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने आरोप लगाया कि सरकार इन संपत्तियों का इस्तेमाल जनहित, रोजगार सृजन और स्थानीय जरूरतों के बजाय निजी व्यावसायिक घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की संपत्तियों पर पहला अधिकार जनता का है और कांग्रेस इस मुद्दे को गांव-गांव तक पहुंचाएगी। धरना दे रहे कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि एचएमटी रानीबाग की जमीन पर होटल के बजाय रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्योग स्थापित किए जाएं, कुमाऊं के ऐतिहासिक निरीक्षण भवनों को निजीकरण की प्रक्रिया से बाहर रखा जाए और प्राग फार्म की जमीन के उपयोग में किसानों, भूमिहीन परिवारों तथा स्थानीय जनता के हितों को प्राथमिकता दी जाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने की, जबकि संचालन एचएमटी के पूर्व यूनियन नेता गिरीश पांडे ने किया। धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेसजनों ने एक स्वर में कहा कि उत्तराखंड की जमीन, जल, जंगल और ऐतिहासिक धरोहरों की रक्षा के लिए उनका आंदोलन जारी रहेगा।

गंगोत्री हाईवे पर भीषण हादसा: भागीरथी नदी में गिरी इनोवा, चार की मौत, एक गंभीर घायल, दो अब भी लापता

  • गंगनानी के पास डबरानी की ओर जाते समय हुआ हादसा
  • गुजरात से आए परिवार की कार नदी में समाई
  •   SDRF, NDRF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगनानी के समीप डबरानी की ओर जा रही गुजरात नंबर की इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में चालक समेत सात लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक गंभीर घायल को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया है। हादसे में लापता दो लोगों की तलाश के लिए नदी और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह वाहन संख्या UK08 TA 6040 के दुर्घटनाग्रस्त होकर भागीरथी नदी में गिरने की सूचना मिली। वाहन गंगोत्री की ओर जा रहा था और उसमें गुजरात निवासी छह यात्रियों के साथ चालक सवार था। 

सूचना मिलते ही सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर पोस्ट उजेली और भटवाड़ी से SDRF की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचकर SDRF ने स्थानीय पुलिस, NDRF और अन्य बचाव दलों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बचाव अभियान के दौरान नदी तट से चार शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान गुजरात के सूरत निवासी 49 वर्षीय अशोकबेन पटेल, 19 वर्षीय रुतिका अशोकभाई पटेल, 32 वर्षीय घनश्यामभाई सरवालिया और वाहन चालक राहुल अग्रवाल निवासी गोसाईं गली, हरिद्वार के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल 17 वर्षीय वेदांत अशोकभाई पटेल को रेस्क्यू कर उपचार के लिए भेजा गया है। बेहतर उपचार के लिए उसे हेलीकॉप्टर से रेफर करने की प्रक्रिया भी जारी है। हादसे के बाद से 45 वर्षीय सुधाबेन अशोकभाई पटेल निवासी कटारगाम, सूरत और 34 वर्षीय किरणबेन विशालभाई पटेल निवासी सायला, सुरेंद्रनगर, गुजरात लापता हैं। उनकी तलाश में बचाव दल नदी के प्रवाह और आसपास के संभावित क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। SDRF, NDRF और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

नैनीताल पुलिस ने 55.25 लाख के 250 गुमशुदा मोबाइल खोजे, 250 लोगों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान

  • SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर मोबाइल ऐप सेल की बड़ी कार्रवाई
  • कई राज्यों से बरामद किए गए अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन

हल्द्वानी। गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में जुटी नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जुलाई से 4 नवंबर 2026 तक की अवधि में विभिन्न ब्रांड के 250 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 55 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने नैनीताल पुलिस का आभार जताया। SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने गुमशुदा मोबाइल फोन की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप सेल को फोन बरामद करने के लिए सख्त निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन/हल्द्वानी रविकान्त सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी मोबाइल ऐप सेल (साइबर सेल) उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।

शिकायतकर्ताओं की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्रों के आधार पर मोबाइल फोन के IMEI नंबरों को CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रैक किया गया। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास कर उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर सहित पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, राजस्थान, दिल्ली और उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद किए गए 250 मोबाइल फोन में ओप्पो के 58, वीवो के 45, सैमसंग के 40, रेडमी के 23, रियलमी के 19, पोको के 17, वनप्लस के 13, IQ के 8, आईफोन के 7, इनफिनिक्स के 7, मोटोरोला के 7, आईटेल के 3, टेक्नो के 2 और नोकिया का एक मोबाइल शामिल है। सभी मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द कर दिए गए। इस सराहनीय कार्य पर SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मोबाइल रिकवरी टीम की प्रशंसा करते हुए टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। मोबाइल बरामदगी अभियान में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचन्द्र प्रजापति शामिल रहे।

जांच में अधोमानक निकला मदर डेयरी का गाय का दूध, फैट 3.2% की जगह मिला 2.9 प्रतिशत

हल्द्वानी। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बीच मदर डेयरी के पैक्ड गाय के दूध का नमूना जांच में अधोमानक और मिथ्याछाप घोषित हुआ है। केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला, गाजियाबाद की रिपोर्ट में दूध में फैट की मात्रा निर्धारित मानक से कम पाई गई। विभाग ने मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने अगस्त 2026 में हल्द्वानी के भोलानाथ गार्डन स्थित मदर डेयरी वितरक से दूध का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा था। राजकीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर में नमूना अधोमानक पाए जाने के बाद अपील पर इसे केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला, गाजियाबाद भेजा गया।  21 अक्टूबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार दूध में फैट की मात्रा केवल 2.9 प्रतिशत मिली, जबकि निर्धारित न्यूनतम मानक 3.2 प्रतिशत है। वहीं, पैकेट पर न्यूनतम 4 प्रतिशत फैट होने का दावा किया गया था।

इसी आधार पर नमूने को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अधोमानक और मिथ्याछाप घोषित किया गया है। उधर, बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रामनगर, हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र और लालकुआं सहित ग्रामीण क्षेत्रों में करीब दो दर्जन खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 21 प्रतिष्ठानों से गुड़, गुलाब जामुन, पेड़ा, बेसन के लड्डू, बालूशाही और तिल-खोया लड्डू समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 14 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और सुरक्षित खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश भी दिए गए। कार्रवाई में तहसीलदार लालकुआं ईश्वर सिंह, सहायक आयुक्त अजय सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह सहित विभागीय टीम मौजूद रही। विभाग ने उपभोक्ताओं से खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग, निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि और लाइसेंस संबंधी जानकारी जांचने की अपील की है।

बच्ची नगर में सुरेश भट्ट ने साधा जनसंपर्क, 2027 में भाजपा की जीत की हैट्रिक का किया दावा

कालाढूंगी। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने जनसंपर्क अभियान तेज करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं दायित्वधारी सुरेश भट्ट ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के बच्ची नगर में स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर आगामी चुनाव में जीत की हैट्रिक का संकल्प दोहराया। बच्ची नगर-1 में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान सुरेश भट्ट ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं, विकास से जुड़ी अपेक्षाएं और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सरकार और संगठन का लक्ष्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

भट्ट ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की एकजुटता और जनता के समर्थन से उत्तराखंड में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और जीत की हैट्रिक लगाएगी। कार्यक्रम में किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र रावत, राकेश जोशी, रमेश जोशी, भुवन पांडे, त्रिलोचन जोशी, लोकमणि जोशी, बालकिशन जोशी, दिनेश जोशी, देवेंद्र रावत, हरिकृष्ण जोशी, रोहित सामंत, नवीन बिष्ट, धीरज जोशी, रवि मेहरा, गौरव जोशी, हरीश जोशी, दिनेश आर्य, बंशीधर जोशी, चंदन बोरा, जितेंद्र रावत, कमल रावत और पूरन बिष्ट सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

सरकारी जमीनों को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी, पटवाडांगर भूमि मामले में धामी सरकार पर बरसे यशपाल आर्य

नैनीताल। उत्तराखंड की सरकारी जमीनों और ऐतिहासिक धरोहरों को निजी हाथों में सौंपने के मुद्दे पर कांग्रेस ने धामी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि प्रदेश की करीब एक लाख करोड़ रुपये की सरकारी संपत्तियों को 60 से 90 साल की लंबी अवधि के लिए निजी हाथों में देने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने पटवाडांगर की जमीन का मामला उठाते हुए सवाल किया कि जब जमीन की पैमाइश तक नहीं हुई थी और सरकारी अभिलेखों में उसका मालिकाना हक स्पष्ट नहीं था, तो उसे होटल परियोजना के लिए कैसे आवंटित कर दिया गया। बुधवार को पटवाडांगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे यशपाल आर्य ने ‘भूमि बचाओ-धामी हटाओ’ अभियान की शुरुआत की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकारी संपत्तियों को बचाने का संकल्प लेते हुए प्रतीकात्मक रूप से रक्षा सूत्र बांधे। आर्य ने दावा किया कि पटवाडांगर की जमीन को लेकर सरकारी दस्तावेजों में अलग-अलग समय पर मालिक और रकबा बदलता रहा। कभी इसे जैव प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से संबंधित, कभी कृषि एवं उद्यान विभाग की भूमि तो कभी जैव प्रौद्योगिकी परिषद की जमीन बताया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना स्पष्ट पैमाइश और स्वामित्व निर्धारण के जमीन को होटल परियोजना के लिए देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पटवाडांगर की 13.64 एकड़ भूमि को 90 साल के लिए 37.80 करोड़ रुपये के रिजर्व प्राइस और पांच रुपये प्रति वर्गमीटर सालाना किराये पर देने की तैयारी है, जबकि इसका बाजार मूल्य करीब 82 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। उन्होंने ज्योलीकोट के ऐतिहासिक निरीक्षण भवन सहित नैनीताल जिले की अन्य बेशकीमती संपत्तियों को भी निजी हाथों में सौंपने पर सवाल उठाए। आर्य ने आरोप लगाया कि सरकार के पास गरीबों को आवास देने और विकास परियोजनाओं के लिए क्षतिपूरक वनीकरण की जमीन उपलब्ध नहीं है, लेकिन सरकारी भूमि निजी कंपनियों को देने में तेजी दिखाई जा रही है। यशपाल आर्य ने मांग की कि सभी संबंधित निविदाएं तत्काल निरस्त की जाएं, यूआईआईडीबी को दी गई जमीनें संबंधित विभागों को वापस की जाएं और जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट की लीज रद्द कर पूरे मामले की उच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई जांच कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकारी जमीनों और प्रदेश की संपत्तियों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखेगी।

हल्द्वानी विधानसभा सीट पर भाजपा में दावेदारी शुरू, कौस्तुबानन्द जोशी ने पेश किया टिकट का दावा

हल्द्वानी। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। चुनाव में अभी समय है, लेकिन हल्द्वानी विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर टिकट के दावेदार सामने आने लगे हैं। भाजपा के प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुबानन्द जोशी ने भी हल्द्वानी सीट से अपनी दावेदारी पेश कर दी है। इन दिनों वह ‘हल्द्वानी के मन की बात’ अभियान के जरिए शहर के लोगों के बीच पहुंचकर विकास से जुड़ी उनकी अपेक्षाएं और सुझाव जान रहे हैं। कौस्तुबानन्द जोशी का कहना है कि उन्होंने अपनी दावेदारी पार्टी संगठन के सामने रख दी है और इस संबंध में प्रभारी मंत्री को भी अवगत करा दिया है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले वह नगर निगम चुनाव में महापौर पद के लिए भी टिकट की दावेदारी कर चुके हैं, लेकिन उस समय परिस्थितियां उनके अनुकूल नहीं रहीं। जोशी ने कहा कि यदि पार्टी संगठन उन्हें विधानसभा चुनाव में मौका देता है तो वह हल्द्वानी को एक नए और विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के लिए काम करेंगे। फिलहाल उनके ‘हल्द्वानी के मन की बात’ अभियान को आगामी चुनाव से पहले जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने और शहर की समस्याओं व विकास की प्राथमिकताओं को समझने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

केदारताल में रेस्क्यू अभियान के दौरान शव बरामद, अब तक दो पुरुष और दो महिलाओं की मौत

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के दुर्गम केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश में चल रहे रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और महिला का शव बरामद हुआ है। SDRF और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) की टीम ने शव को खोजने के बाद हेलीकॉप्टर से मातली हेलीपैड पहुंचाया। इसके साथ ही अभियान में अब तक कुल चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। शेष लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ सहित कुल 13 सदस्यीय दल गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। 

खराब मौसम, भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के कारण रास्ता अवरुद्ध होने से दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका। सूचना मिलने के बाद SDRF, NIM, वन विभाग, प्रशासन और ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में टीमें बेहद दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। इससे पहले तीन शव हेलीकॉप्टर से मातली हेलीपैड पहुंचाए गए थे, जबकि अब एक और महिला का शव बरामद हुआ है। प्रतिकूल मौसम और भारी बर्फबारी के बावजूद रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता से अभियान में जुटी हैं। शेष लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए संयुक्त अभियान जारी है।

दीपावली पर बैंकों और सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाएगी पुलिस, म्यूल खातों से संदिग्ध लेन-देन पर भी रहेगी नजर

हल्द्वानी। दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वित्तीय लेन-देन को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी शुरू कर दी है। बैंक, एटीएम और सर्राफा प्रतिष्ठानों को निशाने पर लेने वाले अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बैंक प्रबंधकों और सर्राफा कारोबारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध बैंक खातों, म्यूल अकाउंट और बड़ी धनराशि के लेन-देन पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर बुधवार को मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह की अध्यक्षता में गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें त्योहारी सीजन के दौरान बैंक, एटीएम और सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

एसपी ने बैंक प्रबंधकों को खाता खोलते समय खाताधारकों के पते और दस्तावेजों का उचित सत्यापन करने तथा संदिग्ध बैंक खातों और म्यूल अकाउंट पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। म्यूल खातों के जरिए होने वाले संदिग्ध लेन-देन की पहचान के लिए अलर्ट सिस्टम विकसित करने और संदिग्ध धनराशि के हस्तांतरण को रोकने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने को भी कहा गया। पुलिस ने बैंकों से बड़ी धनराशि निकालने वाले ग्राहकों को विशेष रूप से सतर्क करने को कहा है। ऐसे ग्राहकों को अनजान व्यक्तियों से सावधान रहने और किसी के बहकावे में न आने की सलाह दी जाएगी। यदि किसी को पीछा किए जाने या आसपास संदिग्ध गतिविधि का एहसास हो तो तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया जाएगा। सर्राफा कारोबारियों को भी ग्राहकों को सुरक्षा संबंधी सावधानियां बताने और प्रतिष्ठानों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने सभी बैंक प्रबंधकों को प्रतिष्ठानों में सुरक्षा गार्ड तैनात करने, उनके अनिवार्य पुलिस सत्यापन और सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। 

बैंक के बाहरी परिसर और एटीएम के बाहर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। बैंक में आने वाले वरिष्ठ नागरिकों को लेन-देन के दौरान जरूरी सुरक्षा संबंधी जानकारी देने और बैंक परिसरों में संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के साथ अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने पर भी जोर दिया गया। त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के बैंकों और सर्राफा बाजारों में नियमित पुलिस गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। कोतवाली हल्द्वानी प्रभारी को पटेल चौक, सदर बाजार सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और फड़-ठेली लगाने वालों का समय-समय पर सत्यापन कराने को कहा गया है। एसएसपी के निर्देश पर जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को बैंक प्रबंधकों तथा सर्राफा कारोबारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा गया है। नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाएं तथा बैंक या एटीएम से बड़ी धनराशि निकालते समय विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 पर दें।