Home Blog Page 10

नगर निगम ने शुद्ध बताशे और खिलौनों की बिक्री के लिए लगाए स्टॉल, महापौर ने खरीदारी कर की पहल की शुरुआत

हल्द्वानी। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने नई पहल की है। बुधवार को नगर निगम कार्यालय परिसर में निगम द्वारा निर्मित शुद्ध बताशों और खिलौनों की बिक्री के लिए लगाए गए स्टॉलों का महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान महापौर ने स्वयं स्टॉल से खरीदारी कर पहल को प्रोत्साहित किया और आमजन से भी स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील की।महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना ही नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देना है।

 

निगम की ओर से स्थानीय उत्पादों और जनहित से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शुद्ध बताशों और खिलौनों की बिक्री के लिए लगाए गए स्टॉल इसी दिशा में एक प्रयास हैं, जिनके माध्यम से आमजन को स्थानीय उत्पादों से जोड़ने का अवसर मिलेगा। महापौर ने सनातनी समाज सहित समस्त आमजन से अपील की कि वे नगर निगम द्वारा लगाए गए स्टॉलों से अधिक से अधिक खरीदारी करें, ताकि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और समर्थन से यह पहल स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा सहित सम्मानित पार्षदगण और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

होटल की NOC के लिए मांगी 20 हजार की रिश्वत, 6 हजार रुपये लेते अग्निशमन अधिकारी गिरफ्तार

देहरादून/कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन स्थित एक होटल की फायर NOC जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में सतर्कता विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटद्वार फायर स्टेशन के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने बुधवार को आरोपी अधिकारी को शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपने लैंसडाउन स्थित होटल की अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के लिए फायर स्टेशन कोटद्वार में संपर्क किया था। 

आरोप है कि इस कार्य के एवज में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी ने उससे 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई, जिसमें शिकायत प्रथम दृष्टया ट्रैप कार्रवाई के योग्य पाई गई।इसके बाद थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में अभियोग पंजीकृत कराया गया। बुधवार, 4 नवंबर 2026 को सतर्कता विभाग की ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए भूपेश त्यागी, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी (लीडिंग फायरमैन), को शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मामले में सतर्कता विभाग की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

183 प्रतिभागियों ने दिखाई रचनात्मकता, ‘हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता-2026’ के विजेताओं को किया सम्मानित

हल्द्वानी। शहर की खूबसूरती, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय पहचान को सोशल मीडिया के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने की पहल ‘हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता-2026’ का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में 183 युवाओं और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स ने हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेताओं को सम्मानित करने के साथ ही सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य हल्द्वानी की स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ शहर की खूबसूरती और विशेषताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नई पहचान दिलाना है।

 प्रतिभागियों ने अपनी रील्स के माध्यम से शहर की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों, स्थानीय खानपान, व्यापार, कला-संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया शहर की पहचान को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। ऐसे आयोजनों से हल्द्वानी की सकारात्मक छवि को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 183 प्रतिभागियों ने अपनी रील्स प्रस्तुत कीं। निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद दीप चन्द्र भट्ट ने प्रथम, हेमन्त सिंह बिष्ट ने द्वितीय और मो. आसिम मिकरानी ने तृतीय स्थान हासिल किया। तीनों विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान शहर के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ संवाद भी किया गया। इसमें डिजिटल माध्यमों के जरिए हल्द्वानी की पहचान को और अधिक मजबूत बनाने तथा शहर की सकारात्मक छवि को व्यापक स्तर पर पहुंचाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में युवाओं की भागीदारी ने शहर की रचनात्मक क्षमता को सामने लाने का काम किया है। कार्यक्रम में पूर्व महापौर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, सोशल मीडिया संयोजक भुवन जोशी, वरिष्ठ वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, पूर्व अध्यक्ष कुलदीप कुल्याल, सचिन साह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

दीपावली पर आग की घटनाओं को रोकने के लिए फायर सर्विस अलर्ट, बाजारों और कॉलोनियों में चलाया जागरूकता अभियान

  • एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी फायर टीम ने व्यापारियों और आमजन को दी सुरक्षा संबंधी जानकारी
  • दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखने की अपील

हल्द्वानी। दीपावली के दौरान आतिशबाजी से होने वाली आगजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस और अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर फायर स्टेशन हल्द्वानी की टीम ने शहर के मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों और आवासीय कॉलोनियों में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नागरिकों, व्यापारियों और बच्चों को पटाखों के सुरक्षित इस्तेमाल के साथ आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। 

मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार के पर्यवेक्षण और अग्निशमन अधिकारी हल्द्वानी मिंदर पाल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत फायर सर्विस कर्मियों ने लोगों को समझाया कि पटाखे हमेशा खुले स्थान पर ही जलाएं और संकरी गलियों, घरों की बालकनी या भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आतिशबाजी करने से बचें। पटाखे जलाते समय पास में पानी और मिट्टी से भरी बाल्टियां रखने तथा बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही आतिशबाजी करने की सलाह दी गई। फायर टीम ने लोगों को आतिशबाजी के दौरान सूती कपड़े पहनने और ढीले व सिंथेटिक कपड़ों से बचने की हिदायत भी दी। वहीं, व्यापारियों से दुकानों और प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने तथा उन्हें चालू हालत में रखने की अपील की गई। अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने और किसी भी आपात स्थिति में सतर्कता बरतने की जरूरत है।

भाजपा में टिकट के दावेदारों की लंबी कतार, हल्द्वानी में मदन कौशिक ने की रायशुमारी

  • हल्द्वानी, लालकुआं और कालाढूंगी विधानसभा के नेताओं व कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक
  • कई नेताओं ने पेश की दावेदारी
  • बोले मदन कौशिक- ‘60 पार’ के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी पार्टी

हल्द्वानी। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में हल्द्वानी स्थित भाजपा के कुमाऊं संभाग कार्यालय में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने हल्द्वानी, लालकुआं और कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और संभावित दावेदारों से रायशुमारी की। इस दौरान टिकट की दावेदारी पेश करने वाले नेताओं की अच्छी-खासी भीड़ नजर आई। कई नेताओं ने एक-एक कर प्रभारी मंत्री के सामने अपनी दावेदारी रखते हुए चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में टिकट के लिए बड़ी संख्या में नेता सक्रिय दिखाई दिए। 

प्रत्येक विधानसभा से एक दर्जन से अधिक संभावित दावेदारों के मैदान में होने की चर्चा है। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों से बातचीत कर चुनावी तैयारियों, संगठन की स्थिति और संभावित प्रत्याशियों को लेकर फीडबैक लिया। प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा किस तरह प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करे, इसी रणनीति के तहत प्रत्येक प्रभारी मंत्री को संबंधित जिलों में भेजकर कार्यकर्ताओं और नेताओं से रायशुमारी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर खासा उत्साह है और सभी मिलकर चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। एंटी इनकंबेंसी के सवाल पर मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा के सामने ऐसी कोई चुनौती नहीं है। पार्टी ‘अबकी बार 60 पार’ के नारे के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेगी।

शनि बाजार रोड और बनभूलपुरा में नगर निगम का बुलडोजर, अतिक्रमण ध्वस्त, जर्जर सामुदायिक भवन भी गिराया

  • नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में चली कार्रवाई
  •   रास्ते से हटाए गए अवरोध, खाली भूमि पर नए विकास कार्यों की बनेगी योजना

हल्द्वानी। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को शनि बाजार रोड और नई बस्ती बनभूलपुरा में कार्रवाई की। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में निगम की टीम ने शनि बाजार रोड के मोड़ पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। इसके साथ ही ताज मस्जिद के पास रास्ते में किए गए अतिक्रमण को हटाया गया और वार्ड संख्या 23 नई बस्ती स्थित जर्जर सामुदायिक भवन को भी गिरा दिया गया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि शनि बाजार रोड के मोड़ पर नए अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। इस संबंध में एक दिन पहले ही प्राधिकरण और नगर निगम की टीम ने संबंधित व्यक्ति को निर्माण रोकने की हिदायत दी थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। उन्होंने बताया कि निर्माण के चलते वहां स्थित ट्रांसफार्मर को भी चारों ओर से घेर दिया गया था। इसके बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

उन्होंने बताया कि बनभूलपुरा में ताज मस्जिद के पास कुछ लोगों द्वारा रास्ते में अवरोध किया गया था, जिसे हटाकर आवागमन का रास्ता साफ कराया गया। वहीं, वार्ड संख्या 23 स्थित नगर निगम के पुराने सामुदायिक भवन को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि इसका इस्तेमाल नशे के लिए किया जा रहा है। भवन जर्जर और खतरनाक स्थिति में होने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर उसे ध्वस्त किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में जहां भी अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सामुदायिक भवन हटने के बाद निगम की भूमि पूरी तरह खाली हो जाएगी, जिसके बाद इस स्थान के विकास के लिए विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।

हल्द्वानी-रुद्रपुर रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौत, दो घायल

  • एस बैंड के पास हुआ दर्दनाक हादसा
  • घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल में कराया गया भर्ती

हल्द्वानी। हल्द्वानी-रुद्रपुर रोड पर एस बैंड के पास सोमवार शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।

सीओ रविकांत सेमवाल के अनुसार, सोमवार 2 नवंबर 2026 को शाम करीब छह बजे मोटरसाइकिल संख्या UK 06 BH 0219 और UK 18 E 6717 के बीच टक्कर हुई। दुर्घटना में कालाढूंगी निवासी 30 वर्षीय सौरभ बिष्ट पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट और रुद्रपुर निवासी 28 वर्षीय राजू गुप्ता पुत्र कृष्ण मुरारी लाल की मौत हो गई। हादसे में कालाढूंगी बंदोबस्ती निवासी 32 वर्षीय बृजेश सती पुत्र जगदीश चंद्र सती और रुद्रपुर निवासी 50 वर्षीय प्रेम शंकर शर्मा पुत्र गंगाधर शर्मा घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है। मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड बैठक में 18 प्रस्तावों पर मुहर, 10 हजार नई स्ट्रीट लाइट खरीदने का फैसला

  • नए ग्रामीण क्षेत्रों में कमर्शियल टैक्स की छूट 31 दिसंबर तक बढ़ी
  • काठगोदाम इंटर कॉलेज में बनेगा छात्रावास
  • सफाई व्यवस्था पर पार्षद ने जताई नाराजगी

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की सोमवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में 10 हजार नई स्ट्रीट लाइट खरीदने, निगम में शामिल नए ग्रामीण क्षेत्रों में कमर्शियल टैक्स की छूट 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाने और कई विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। हालांकि, सफाई व्यवस्था को लेकर बैठक में हंगामे जैसी स्थिति भी देखने को मिली और पार्षद भागीरथी बिष्ट धरने पर बैठ गईं। बैठक में नगर निगम की दुकानों के किराये में छूट की अवधि बढ़ाने, पुराना मीट मार्केट गली नंबर-12 बनभूलपुरा के पुनर्निर्माण और निगम की दुकानों का सर्वे कराने के प्रस्तावों पर मुहर लगी। साथ ही नजूल से जुड़े दस्तावेजों के संरक्षण का निर्णय लिया गया। काठगोदाम स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज में अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए छात्रावास बनाने और कॉलेज के शिक्षकों के वेतन वृद्धि के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

शहर की प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए ईएसएल कंपनी से 10 हजार स्ट्रीट लाइट खरीदने का अनुबंध किया जाएगा। वहीं, डीके पार्क का सौंदर्यीकरण जिला विकास प्राधिकरण के माध्यम से कराया जाएगा। शनि बाजार मोड़ पर सड़क चौड़ीकरण के कारण ध्वस्त हुई दुकानों के पुनर्निर्माण और गौला रोखड़ स्थित झील विकास प्राधिकरण की भूमि पर प्लास्टिक प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव भी बैठक में स्वीकृत किए गए। इसके अलावा कबाड़ी और बढ़ई के ट्रेड लाइसेंस शुल्क में संशोधन, नगर निगम के कम्युनिटी हॉल को निगम के नियंत्रण में लेने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अनुमोदन और फ्रेश वेस्ट प्लांट के पूर्व स्वीकृत कार्यों को वर्तमान दरों पर कराने सहित अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा के बाद निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षद भागीरथी बिष्ट ने नाराजगी जताते हुए धरना दिया। वहीं, कई विभागीय अधिकारियों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर पार्षदों ने सवाल उठाए। इस पर नगर आयुक्त ने अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही।

देवभूमि परिवार पोर्टल लॉन्च, 2047 तक उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था 28 लाख करोड़ करने का लक्ष्य

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने और प्रदेश के दीर्घकालिक विकास को नई दिशा देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को दो महत्वपूर्ण पहल कीं। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उन्होंने ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का शुभारंभ किया और ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का विमोचन किया। पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के परिवारों का एकीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार होगा, जबकि विजन दस्तावेज में वर्ष 2047 तक राज्य को विकसित बनाने के लिए करीब 440 संकेतकों के आधार पर लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सफलता केवल योजनाएं बनाने से नहीं, बल्कि उनका लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचाने से तय होती है। देवभूमि परिवार पोर्टल से सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की पहचान आसान होगी और नागरिकों को बार-बार दस्तावेज जमा करने तथा अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। पंजीकरण के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट देवभूमि परिवार आईडी दी जाएगी, जिससे विभागों के बीच समन्वय और योजनाओं की निगरानी भी बेहतर होगी।

‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ के तहत प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लगभग 28 लाख करोड़ रुपये और प्रतिव्यक्ति आय को करीब 20 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही बेरोजगारी दर को 3.5 प्रतिशत और बहुआयामी गरीबी को 0.61 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऊर्जा क्षमता को लगभग 22 हजार मेगावाट और वन आच्छादन को 46.6 प्रतिशत तक पहुंचाने की भी योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड महत्वपूर्ण योगदान देगा। राज्य सरकार सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी, धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक निवेश, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास मॉडल पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए ‘प्रकृति के साथ प्रगति’ पर आधारित होना चाहिए। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव नियोजन डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने पोर्टल और विजन दस्तावेज की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, विधायक सविता कपूर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित जनप्रतिनिधि और शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी और अधिकारी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

नैनीताल के एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चन्द्र बने आईपीएस, मुख्यमंत्री ने बैच लगाकर किया सम्मानित

  • वैज्ञानिक से पुलिस अधिकारी तक का रहा सफर
  • 2005 में राज्य पुलिस सेवा में हुए थे शामिल
  • मेधावी सेवा के लिए मिल चुका है पुलिस पदक

नैनीताल। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के अधिकारी और नैनीताल में पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात के पद पर तैनात डॉ. जगदीश चन्द्र को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में पदोन्नति मिलने पर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने उन्हें आईपीएस बैच लगाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित नैनीताल पुलिस परिवार ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। डॉ. जगदीश चन्द्र का शैक्षणिक और पेशेवर सफर काफी विविध रहा है। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय से पर्यावरण विज्ञान में एमएससी तथा जेएनयू से एमफिल और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। वर्ष 2002 से 2005 तक उन्होंने भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद में वैज्ञानिक के रूप में सेवाएं दीं।

इसके बाद वर्ष 2005 में राज्य पुलिस सेवा में शामिल हुए और देहरादून, चमोली तथा ऊधम सिंह नगर में विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 2013 में अपर पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। उन्होंने देहरादून, काशीपुर और हल्द्वानी में नगर पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न पदों पर सेवाएं दीं। अपने सेवाकाल में उन्होंने कुंभ मेला, नंदा राजजात यात्रा और कोविड-19 के दौरान महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। पुलिस बैंड के गठन में भी उनका योगदान रहा। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2016 और 2020 में सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न तथा वर्ष 2025 में गृह मंत्रालय की ओर से पुलिस पदक (मेधावी सेवा) से सम्मानित किया जा चुका है। आईपीएस में पदोन्नति को उनकी लंबी पुलिस सेवा की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।