देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने और प्रदेश के दीर्घकालिक विकास को नई दिशा देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को दो महत्वपूर्ण पहल कीं। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उन्होंने ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का शुभारंभ किया और ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का विमोचन किया। पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के परिवारों का एकीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार होगा, जबकि विजन दस्तावेज में वर्ष 2047 तक राज्य को विकसित बनाने के लिए करीब 440 संकेतकों के आधार पर लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सफलता केवल योजनाएं बनाने से नहीं, बल्कि उनका लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचाने से तय होती है। देवभूमि परिवार पोर्टल से सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की पहचान आसान होगी और नागरिकों को बार-बार दस्तावेज जमा करने तथा अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। पंजीकरण के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट देवभूमि परिवार आईडी दी जाएगी, जिससे विभागों के बीच समन्वय और योजनाओं की निगरानी भी बेहतर होगी।

‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ के तहत प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लगभग 28 लाख करोड़ रुपये और प्रतिव्यक्ति आय को करीब 20 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही बेरोजगारी दर को 3.5 प्रतिशत और बहुआयामी गरीबी को 0.61 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऊर्जा क्षमता को लगभग 22 हजार मेगावाट और वन आच्छादन को 46.6 प्रतिशत तक पहुंचाने की भी योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड महत्वपूर्ण योगदान देगा। राज्य सरकार सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी, धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक निवेश, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास मॉडल पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए ‘प्रकृति के साथ प्रगति’ पर आधारित होना चाहिए। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव नियोजन डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने पोर्टल और विजन दस्तावेज की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, विधायक सविता कपूर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित जनप्रतिनिधि और शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी और अधिकारी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
