शनि बाजार रोड और बनभूलपुरा में नगर निगम का बुलडोजर, अतिक्रमण ध्वस्त, जर्जर सामुदायिक भवन भी गिराया

  • नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में चली कार्रवाई
  •   रास्ते से हटाए गए अवरोध, खाली भूमि पर नए विकास कार्यों की बनेगी योजना

हल्द्वानी। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को शनि बाजार रोड और नई बस्ती बनभूलपुरा में कार्रवाई की। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में निगम की टीम ने शनि बाजार रोड के मोड़ पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। इसके साथ ही ताज मस्जिद के पास रास्ते में किए गए अतिक्रमण को हटाया गया और वार्ड संख्या 23 नई बस्ती स्थित जर्जर सामुदायिक भवन को भी गिरा दिया गया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि शनि बाजार रोड के मोड़ पर नए अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। इस संबंध में एक दिन पहले ही प्राधिकरण और नगर निगम की टीम ने संबंधित व्यक्ति को निर्माण रोकने की हिदायत दी थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। उन्होंने बताया कि निर्माण के चलते वहां स्थित ट्रांसफार्मर को भी चारों ओर से घेर दिया गया था। इसके बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

शनि बाजार रोड और बनभूलपुरा में नगर निगम का बुलडोजर, अतिक्रमण ध्वस्त, जर्जर सामुदायिक भवन भी गिराया

उन्होंने बताया कि बनभूलपुरा में ताज मस्जिद के पास कुछ लोगों द्वारा रास्ते में अवरोध किया गया था, जिसे हटाकर आवागमन का रास्ता साफ कराया गया। वहीं, वार्ड संख्या 23 स्थित नगर निगम के पुराने सामुदायिक भवन को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि इसका इस्तेमाल नशे के लिए किया जा रहा है। भवन जर्जर और खतरनाक स्थिति में होने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर उसे ध्वस्त किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में जहां भी अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सामुदायिक भवन हटने के बाद निगम की भूमि पूरी तरह खाली हो जाएगी, जिसके बाद इस स्थान के विकास के लिए विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।

Read more

Local News