- एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी फायर टीम ने व्यापारियों और आमजन को दी सुरक्षा संबंधी जानकारी
- दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखने की अपील
हल्द्वानी। दीपावली के दौरान आतिशबाजी से होने वाली आगजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस और अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर फायर स्टेशन हल्द्वानी की टीम ने शहर के मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों और आवासीय कॉलोनियों में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नागरिकों, व्यापारियों और बच्चों को पटाखों के सुरक्षित इस्तेमाल के साथ आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार के पर्यवेक्षण और अग्निशमन अधिकारी हल्द्वानी मिंदर पाल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत फायर सर्विस कर्मियों ने लोगों को समझाया कि पटाखे हमेशा खुले स्थान पर ही जलाएं और संकरी गलियों, घरों की बालकनी या भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आतिशबाजी करने से बचें। पटाखे जलाते समय पास में पानी और मिट्टी से भरी बाल्टियां रखने तथा बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही आतिशबाजी करने की सलाह दी गई। फायर टीम ने लोगों को आतिशबाजी के दौरान सूती कपड़े पहनने और ढीले व सिंथेटिक कपड़ों से बचने की हिदायत भी दी। वहीं, व्यापारियों से दुकानों और प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने तथा उन्हें चालू हालत में रखने की अपील की गई। अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने और किसी भी आपात स्थिति में सतर्कता बरतने की जरूरत है।
