सुशीला तिवारी अस्पताल में DM का औचक छापा, बदहाल व्यवस्थाओं पर भड़के

  • रैन बसेरे की अव्यवस्था और गंदगी देख जताई नाराजगी
  • मरीजों से जाना हाल, डॉक्टरों को बाहर की दवाएं लिखना पूरी तरह बंद करने के निर्देश

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे की बदहाल व्यवस्था, गंदगी और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की स्थिति देखकर डीएम ने नाराजगी जताई। अस्पताल में अव्यवस्थाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन से सवाल किया कि क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों से बातचीत की और उनके उपचार तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सर्दियों के मौसम में यदि मरीजों और तीमारदारों को इस तरह की अव्यवस्थाओं के बीच रहना पड़ेगा तो उन्हें ठंड से परेशानी हो सकती है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन को पहले से ही सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने चाहिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

सुशीला तिवारी अस्पताल में DM का औचक छापा, बदहाल व्यवस्थाओं पर भड़के

डीएम ने कहा कि सुशीला तिवारी अस्पताल प्रदेश का एक नामचीन चिकित्सा संस्थान है, जहां दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल में आने वाले मरीजों को उसी स्तर की चिकित्सा सुविधाएं और बेहतर व्यवस्थाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने साफ-सफाई, रैन बसेरे, वार्डों और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दवाओं को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि मरीजों को बाहर से दवाएं लिखना पूरी तरह बंद किया जाए। अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के माध्यम से ही मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि मरीजों को अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ना चाहिए। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट और सुशीला तिवारी अस्पताल के MS अरुण भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि रैन बसेरे से लेकर वार्डों और अन्य सभी व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए। औचक निरीक्षण के बाद अब अस्पताल प्रशासन पर डीएम के निर्देशों का पालन कर मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी है।

Advertisement

Read more

Local News