- देहरादून और हल्द्वानी में डकैती के मामलों में था वांछित
- उत्तराखंड STF और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन प्रहार के तहत भाटपाड़ा से दबोचा
- पहचान छिपाकर टाइल्स-पत्थर लगाने का कर रहा था काम
हल्द्वानी/देहरादून। उत्तराखंड पुलिस को लंबे समय से फरार चल रहे एक कुख्यात इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 17 वर्षों से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी शौकत अली को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी देहरादून के बसंत विहार और हल्द्वानी कोतवाली में दर्ज डकैती के मुकदमों में वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और दिल्ली, बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल में पहचान छिपाकर रह रहा था।पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2009 को देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा के घर में पांच हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर लूटपाट की थी। इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल भी किया गया था। मामले में बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान राशिद उर्फ राकीब, बबलू, इमरान, समद और शौकत अली की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस ने 6 अगस्त 2009 को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत अली घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। लगातार फरार रहने के चलते तत्कालीन एसएसपी देहरादून ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखंड ने इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी थी। वर्तमान में वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने उसकी तलाश तेज की। पुलिस के मुताबिक, मैनुअल पुलिसिंग और लगातार पतारसी-सुरागरसी के दौरान टीम को सूचना मिली कि शौकत अली कोलकाता क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे थाना भाटपाड़ा क्षेत्र, जनपद उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शौकत अली पुत्र लतीफ, निवासी अहमदनगर, थाना देहली गेट, मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसकी उम्र 54 वर्ष है।

पुलिस के अनुसार, वह पश्चिम बंगाल के इच्छापुर क्षेत्र में रह रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लंबे समय से अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदलकर रह रहा था।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शौकत अली के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। मेरठ के देहली गेट थाने में वर्ष 1991 से 2006 के बीच कई आपराधिक मामले दर्ज हुए हैं। वहीं, हल्द्वानी कोतवाली में वर्ष 2009 में हत्या के प्रयास, मारपीट और लूट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। देहरादून के बसंत विहार थाने में भी डकैती का मामला दर्ज है। इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली एसटीएफ टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक हितेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं, बसंत विहार थाना पुलिस की ओर से थानाध्यक्ष अमित कुमार शर्मा और अपर उपनिरीक्षक गंभीर सिंह ने कार्रवाई में सहयोग किया। उत्तराखंड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

