Home Blog Page 11

ऊंचापुल में कार सर्विस सेंटर में लगी आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

हल्द्वानी। ऊंचापुल के पास रविवार को एक कार सर्विस सेंटर में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। दुकान से उठती आग की लपटों ने आसपास के दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और मुखानी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग आसपास की दुकानों तक फैलने से पहले ही बुझा दी गई, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सीएफओ नैनीताल गौरव किरार ने बताया कि आज 1 नवंबर को 112 के माध्यम से ऊंचापुल के पास कार सर्विस सेंटर में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। 

सूचना पर एफएसओ मिंदर पाल के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मियों के साथ मुखानी थाना प्रभारी और पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए आग बुझाने का अभियान चलाया और कुछ ही समय में आग पर नियंत्रण पा लिया। आग ‘कार जोन’ नामक सर्विस सेंटर की दुकान में लगी थी। दुकान मालिक विजय कुमार पुत्र मोहन राम, निवासी भगवानपुर ने प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। आग की चपेट में आने से दुकान के स्टोर रूम में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि, दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने मनाया 21वां स्थापना दिवस, सात कार्मिकों को किया सम्मानित

  • भगत सिंह कोश्यारी बोले—भारतीय ज्ञान परंपरा को कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ना समय की जरूरत
  • कुलपति ने गिनाईं विश्वविद्यालय की उपलब्धियां

हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने शनिवार को अपना 21वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान विश्वविद्यालय की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सात कार्मिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत विभाग के शिक्षार्थियों की समूहगान, शास्त्रीय संगीत और उत्तराखंड के लोकगीतों की प्रस्तुतियों के साथ हुआ। योग विभाग के विद्यार्थियों ने भी आकर्षक योग प्रदर्शन किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि भगत सिंह कोश्यारी ने विश्वविद्यालय को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा को कौशल आधारित पाठ्यक्रमों से जोड़ना जरूरी है। 

शिक्षा ऐसी होनी चाहिए, जिसमें ज्ञान, कौशल और जीवनोपयोगी दक्षताओं का समन्वय हो। विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक और श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने भी विश्वविद्यालय की विकास यात्रा और मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के महत्व पर विचार रखे। समारोह में हेम चन्द्र छिम्वाल, विनोद बिरखानी, कंचन बिष्ट, अनिल नैलवाल, मोहन चन्द्र पांडे, चन्द्रशेखर सुयाल और व्यास सिंह को विश्वविद्यालय के विकास में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने प्रवेश संख्या में वृद्धि, अध्ययन सामग्री वितरण में सुधार, परीक्षाओं के समयबद्ध आयोजन और मात्र 20 दिनों में परीक्षा परिणाम घोषित करने जैसी उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने दीक्षारंभ कार्यक्रम और सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’ सहित डिजिटल माध्यमों से शिक्षार्थियों तक शैक्षणिक सामग्री पहुंचाने की पहल का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी और बड़ी संख्या में शिक्षार्थी मौजूद रहे।

काशीपुर में दो मेडिकल स्टोरों पर छापा, 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद, एक संचालक पर NDPS एक्ट में मुकदमा

  • ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम की अवैध बिक्री का खुलासा
  • दूसरे मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई और दुकान सील

काशीपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कुमाऊं एसओटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईटीआई थाना क्षेत्र के खड़गपुर देवीपुरा स्थित दो मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। संयुक्त टीम ने दोनों दुकानों से ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम की कुल 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की हैं। एक मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई के साथ उसे सील कर दिया गया। आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में 30 अक्टूबर की देर शाम एसओटीएफ कुमाऊं, आईटीआई थाना पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, रोहित कुमार के कृष्णा मेडिकल स्टोर से 2,344 ट्रामाडोल और 600 अल्प्राजोलम की टैबलेट बरामद हुईं। कुल 2,944 टैबलेट मिलने पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। वहीं, घनश्याम सिंह के राधिका मेडिकल स्टोर से 124 ट्रामाडोल और 139 अल्प्राजोलम की टैबलेट बरामद की गईं। इस मामले में औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की, जबकि तहसीलदार ने दुकान को सील कर दिया। आईजी निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। संयुक्त कार्रवाई में एसओटीएफ कुमाऊं की टीम, आईटीआई थाने के उपनिरीक्षक बसंत पंत, कांस्टेबल धर्मेंद्र भारती और औषधि निरीक्षक नीरज कुमार की टीम शामिल रही।

रामनगर के पूछड़ी में 82 मकानों पर चला बुलडोजर, अतिक्रमण हटाने के दौरान महिला को आया हार्ट अटैक

  • सुबह 6:30 बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शुरू हुई कार्रवाई
  • 45 वर्षीय फात्मा अस्पताल में भर्ती, प्रभावित परिवारों के सामने आवास का संकट

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर स्थित तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अपर कोसी क्षेत्र के पूछड़ी गांव में शनिवार सुबह वन भूमि से अतिक्रमण हटाने का बड़ा अभियान शुरू हो गया। सुबह करीब 6:30 बजे जिला प्रशासन, वन विभाग और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान कच्चे और पक्के मकानों को ध्वस्त किया जा रहा है। कार्रवाई के बीच एक 45 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के मुताबिक, महिला को हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उसे तत्काल रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। प्रशासन की यह कार्रवाई अपर कोसी क्षेत्र में फेज-2 के तहत की जा रही है। अभियान में करीब 80 से 82 मकानों को हटाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ फायर टीम, वन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं। पूरे इलाके को कई सुपर जोन, जोन और सेक्टरों में बांटकर कार्रवाई की निगरानी की जा रही है।

कार्रवाई शुरू होने से पहले ही देर रात कई परिवारों ने अपने मकानों को खुद तोड़ना शुरू कर दिया था। लोग घरों से ईंटें, दरवाजे और अन्य जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाते नजर आए। गौरतलब है कि वर्ष 2025 में फेज-1 के तहत करीब 51 परिवारों को हटाया गया था। फेज-2 में 90 से अधिक परिवारों के मकानों पर कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन करीब 9 से 10 परिवारों के मामले उच्च न्यायालय में विचाराधीन होने के चलते उन्हें फिलहाल कार्रवाई से अलग रखा गया है। कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों में भारी मायूसी और चिंता देखने को मिली। महिलाओं और बच्चों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित लोगों का कहना है कि ठंड के मौसम में वे अपने परिवार और बच्चों को लेकर आखिर कहां जाएं। वहीं, महिला फात्मा के पुत्र शादाब ने बताया कि उनका परिवार देर रात से ही घर का सामान हटाने में जुटा था। शनिवार को प्रशासन की कार्रवाई के दौरान उनकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ा। मौके पर मौजूद एंबुलेंस से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पूछड़ी के अपर कोसी क्षेत्र में प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी है। एक ओर वन भूमि से कब्जा हटाने की कार्रवाई चल रही है, वहीं दूसरी ओर प्रभावित परिवारों के सामने आशियाना और पुनर्वास का सवाल गंभीर मानवीय चिंता के रूप में सामने आया है।

हल्द्वानी में मोटर पार्ट्स दुकानों पर आरटीओ का छापा, काली फिल्म और मॉडिफाइड साइलेंसर की जांच

  • कार्रवाई के दौरान अधिकांश दुकानें मिलीं बंद
  •   दुकानदारों को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस
  •   आगे भी जारी रहेगा अभियान

हल्द्वानी। शहर में नियमों के विरुद्ध कारोबार करने वाले मोटर पार्ट्स विक्रेताओं पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आरटीओ प्रवर्तन अरविंद कुमार पांडे के निर्देश पर विभागीय टीम ने तिकोनिया स्थित वर्कशॉप लाइन की दुकानों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान काली फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न जैसी प्रतिबंधित सामग्री की जांच की गई और दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। अभियान के दौरान उस समय स्थिति अलग नजर आई, जब मोटर पार्ट्स की अधिकांश दुकानें बंद मिलीं। 

विभाग के अनुसार, दुकानों के बंद होने के कारण जांच प्रभावित हुई और अभियान को बीच में ही रोकना पड़ा। वहीं, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष योगेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं किए जाने की बात कही। आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने स्पष्ट किया कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत किसी भी तरह का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य मोटर पार्ट्स प्रतिष्ठानों पर भी जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आरटीओ की इस कार्रवाई से मोटर पार्ट्स कारोबारियों में हलचल मची हुई है।

रामनगर में अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर, 82 मकानों को ध्वस्त करने की तैयारी

  • सुरक्षा के लिए पूरा क्षेत्र 4 सुपर जोन, 7 जोन और 14 सेक्टरों में बांटा गया
  • पुलिस-पीएसी की व्यापक तैनाती

रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अपर कोसी क्षेत्र स्थित पूछड़ी में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित ध्वस्तीकरण अभियान के मद्देनजर वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रथम चरण में 51 मकानों को ध्वस्त किया जा चुका है, जबकि दूसरे चरण में करीब 82 मकानों पर कार्रवाई प्रस्तावित है। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि संबंधित क्षेत्र अपर कोसी रामनगर रेंज की अपर कोसी बीट में आता है। दूसरे चरण में 92 मकानों को लेकर नोटिस, अपील और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं। इनमें से करीब 8 से 9 मकानों को न्यायालय से स्थगन आदेश मिला है, जबकि शेष लगभग 82 मकानों को ध्वस्त करने की तैयारी है। फिलहाल करीब चार हेक्टेयर क्षेत्र में कार्रवाई प्रस्तावित है। तीसरे चरण में शेष मकानों को भी चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि अभियान के लिए नैनीताल के अलावा चंपावत, ऊधमसिंह नगर और कुमाऊं के अन्य जिलों से भी पुलिस बल एवं अधिकारियों को बुलाया गया है। स्थानीय पुलिस के साथ पीएसी की भी तैनाती की गई है। पूरे प्रभावित क्षेत्र को चार सुपर जोन, सात जोन और 14 सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। अभियान की ब्रीफिंग में पुलिस, मजिस्ट्रेट और वन विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे। संभावित अव्यवस्था को रोकने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई और गिरफ्तारी से संबंधित व्यवस्थाएं भी की गई हैं। प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए ध्वस्तीकरण अभियान को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

मेरी खबर में आंकड़ों का विरोधाभास सुधारेंमेरी खबर की भाषा और प्रवाह निखारेंमेरी खबर का शीर्षक अधिक संतुलित बनाएं

चमोली में हेलीकॉप्टर हादसा: पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत, हाथी पर्वत क्षेत्र में हुआ था दुर्घटनाग्रस्त

  • बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा था ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर
  • मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक, दुर्घटना की जांच के निर्देश

चमोली/देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का सिविल हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरने के बाद ज्योतिर्मठ तहसील के चाई गांव के ऊपर दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:12 बजे बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी और लगभग 2 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सेना की 9 स्वतंत्र माउंटेन ब्रिगेड की टीम दोपहर 3:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर मौजूद टीम ने हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मृत्यु की पुष्टि की। 

मृतकों में पायलट हिमांशु सभरवाल के अलावा अरुण सालुंके, एचएस नटराज, प्राथपा बचिहल्ली निंगराजन, सुधीर के और शंकरगौड़ा वीबी शामिल हैं। सभी यात्री कर्नाटक के निवासी बताए गए हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन और संबंधित बचाव एजेंसियों ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में घटनास्थल पर आगे की प्रक्रिया और अन्य जरूरी कार्रवाई के लिए टीमें जुटी रहीं। इधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दुर्घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

हल्द्वानी में 17वें जोहार महोत्सव का भव्य आगाज, झांकियों में दिखी शौका संस्कृति की झलक

  • पारंपरिक वेशभूषा, खानपान और लोकरीति-रिवाजों ने मोहा मन
  • 1 नवंबर तक चलेगा तीन दिवसीय आयोजन

हल्द्वानी। शहर में 17वें जोहार महोत्सव का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस महोत्सव में जोहार शौका समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, खानपान और रीति-रिवाजों की मनमोहक झलक देखने को मिल रही है। शुभारंभ के अवसर पर निकाली गई आकर्षक झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा और समाज की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव के पहले दिन झांकियों के माध्यम से जोहार शौका समाज की परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान का प्रदर्शन किया गया। 

आयोजन में कुमाऊं और गढ़वाल के कलाकारों के साथ नेपाल के प्रसिद्ध गायक सुरेश शाही भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा समाज की महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी महोत्सव के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। महोत्सव का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और लोकपरंपराओं को संरक्षित करना है। आयोजकों का मानना है कि ऐसे आयोजन समाज की पहचान और विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, सुरेश भट्ट ने कार्यकर्ताओं को किया सक्रिय

  • जनसंपर्क अभियान के तहत क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा
  • बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान

कालाढूंगी। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने कालाढूंगी क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रूपपुर, चकलुवा में आयोजित बैठक में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट ने पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों को संबोधित किया। बैठक में क्षेत्रीय विकास, स्थानीय समस्याओं और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। रूपपुर निवासी शेर सिंह खोलिया के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सुरेश भट्ट ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव भी रखे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क बढ़ाने और संगठन को सक्रिय बनाने के साथ उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र दिगारी, ग्राम प्रधान नेहा पांडे, भगवान सिंह कुमटिया, धरम सिंह बिष्ट सहित पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। 

2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरेगी सपा, महंत शुभम गिरि ने भरी हुंकार

  • अंकिता भंडारी प्रकरण, बदहाल सड़कें और गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का मुद्दा उठाया
  • संगठन मजबूत करने पर दिया जोर

हल्द्वानी। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के सह-प्रभारी महंत शुभम गिरि हल्द्वानी स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में महंत शुभम गिरि ने अंकिता भंडारी प्रकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह प्रदेश की बेटी से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला है। अंकिता को न्याय दिलाने की मांग और प्रकरण से जुड़े सवालों पर गंभीरता से चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को लेकर भी अपनी बात रखी। 

इसके अलावा प्रदेश में बदहाल सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए सरकार से इन मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की मांग की। गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी नहीं बनाए जाने पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य गठन के पीछे पहाड़ के विकास और क्षेत्रीय असंतुलन को दूर करने की भावना थी, लेकिन राजधानी का मुद्दा अब भी लंबित है। आगामी चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी वर्ष 2027 में पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने वर्ष 2004 का इतिहास दोहराने की दिशा में आगे बढ़ने का दावा भी किया। महंत शुभम गिरि ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं की सुरक्षा, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार आवाज उठाएगी।