- अंकिता भंडारी प्रकरण, बदहाल सड़कें और गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का मुद्दा उठाया
- संगठन मजबूत करने पर दिया जोर
हल्द्वानी। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के सह-प्रभारी महंत शुभम गिरि हल्द्वानी स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में महंत शुभम गिरि ने अंकिता भंडारी प्रकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह प्रदेश की बेटी से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला है। अंकिता को न्याय दिलाने की मांग और प्रकरण से जुड़े सवालों पर गंभीरता से चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को लेकर भी अपनी बात रखी।

इसके अलावा प्रदेश में बदहाल सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए सरकार से इन मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की मांग की। गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी नहीं बनाए जाने पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य गठन के पीछे पहाड़ के विकास और क्षेत्रीय असंतुलन को दूर करने की भावना थी, लेकिन राजधानी का मुद्दा अब भी लंबित है। आगामी चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी वर्ष 2027 में पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने वर्ष 2004 का इतिहास दोहराने की दिशा में आगे बढ़ने का दावा भी किया। महंत शुभम गिरि ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं की सुरक्षा, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार आवाज उठाएगी।
