- कार्रवाई के दौरान अधिकांश दुकानें मिलीं बंद
- दुकानदारों को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस
- आगे भी जारी रहेगा अभियान
हल्द्वानी। शहर में नियमों के विरुद्ध कारोबार करने वाले मोटर पार्ट्स विक्रेताओं पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आरटीओ प्रवर्तन अरविंद कुमार पांडे के निर्देश पर विभागीय टीम ने तिकोनिया स्थित वर्कशॉप लाइन की दुकानों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान काली फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न जैसी प्रतिबंधित सामग्री की जांच की गई और दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। अभियान के दौरान उस समय स्थिति अलग नजर आई, जब मोटर पार्ट्स की अधिकांश दुकानें बंद मिलीं।

विभाग के अनुसार, दुकानों के बंद होने के कारण जांच प्रभावित हुई और अभियान को बीच में ही रोकना पड़ा। वहीं, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष योगेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं किए जाने की बात कही। आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने स्पष्ट किया कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत किसी भी तरह का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य मोटर पार्ट्स प्रतिष्ठानों पर भी जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आरटीओ की इस कार्रवाई से मोटर पार्ट्स कारोबारियों में हलचल मची हुई है।
