गंगोत्री हाईवे पर भीषण हादसा: भागीरथी नदी में गिरी इनोवा, चार की मौत, एक गंभीर घायल, दो अब भी लापता

  • गंगनानी के पास डबरानी की ओर जाते समय हुआ हादसा
  • गुजरात से आए परिवार की कार नदी में समाई
  •   SDRF, NDRF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगनानी के समीप डबरानी की ओर जा रही गुजरात नंबर की इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में चालक समेत सात लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक गंभीर घायल को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया है। हादसे में लापता दो लोगों की तलाश के लिए नदी और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह वाहन संख्या UK08 TA 6040 के दुर्घटनाग्रस्त होकर भागीरथी नदी में गिरने की सूचना मिली। वाहन गंगोत्री की ओर जा रहा था और उसमें गुजरात निवासी छह यात्रियों के साथ चालक सवार था। 

गंगोत्री हाईवे पर भीषण हादसा: भागीरथी नदी में गिरी इनोवा, चार की मौत, एक गंभीर घायल, दो अब भी लापता

सूचना मिलते ही सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर पोस्ट उजेली और भटवाड़ी से SDRF की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचकर SDRF ने स्थानीय पुलिस, NDRF और अन्य बचाव दलों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बचाव अभियान के दौरान नदी तट से चार शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान गुजरात के सूरत निवासी 49 वर्षीय अशोकबेन पटेल, 19 वर्षीय रुतिका अशोकभाई पटेल, 32 वर्षीय घनश्यामभाई सरवालिया और वाहन चालक राहुल अग्रवाल निवासी गोसाईं गली, हरिद्वार के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल 17 वर्षीय वेदांत अशोकभाई पटेल को रेस्क्यू कर उपचार के लिए भेजा गया है। बेहतर उपचार के लिए उसे हेलीकॉप्टर से रेफर करने की प्रक्रिया भी जारी है। हादसे के बाद से 45 वर्षीय सुधाबेन अशोकभाई पटेल निवासी कटारगाम, सूरत और 34 वर्षीय किरणबेन विशालभाई पटेल निवासी सायला, सुरेंद्रनगर, गुजरात लापता हैं। उनकी तलाश में बचाव दल नदी के प्रवाह और आसपास के संभावित क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। SDRF, NDRF और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

Read more

Local News