हल्द्वानी। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। चुनाव में अभी समय है, लेकिन हल्द्वानी विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर टिकट के दावेदार सामने आने लगे हैं। भाजपा के प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुबानन्द जोशी ने भी हल्द्वानी सीट से अपनी दावेदारी पेश कर दी है। इन दिनों वह ‘हल्द्वानी के मन की बात’ अभियान के जरिए शहर के लोगों के बीच पहुंचकर विकास से जुड़ी उनकी अपेक्षाएं और सुझाव जान रहे हैं। कौस्तुबानन्द जोशी का कहना है कि उन्होंने अपनी दावेदारी पार्टी संगठन के सामने रख दी है और इस संबंध में प्रभारी मंत्री को भी अवगत करा दिया है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले वह नगर निगम चुनाव में महापौर पद के लिए भी टिकट की दावेदारी कर चुके हैं, लेकिन उस समय परिस्थितियां उनके अनुकूल नहीं रहीं। जोशी ने कहा कि यदि पार्टी संगठन उन्हें विधानसभा चुनाव में मौका देता है तो वह हल्द्वानी को एक नए और विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के लिए काम करेंगे। फिलहाल उनके ‘हल्द्वानी के मन की बात’ अभियान को आगामी चुनाव से पहले जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने और शहर की समस्याओं व विकास की प्राथमिकताओं को समझने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
