दीपावली पर बैंकों और सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाएगी पुलिस, म्यूल खातों से संदिग्ध लेन-देन पर भी रहेगी नजर

हल्द्वानी। दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वित्तीय लेन-देन को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी शुरू कर दी है। बैंक, एटीएम और सर्राफा प्रतिष्ठानों को निशाने पर लेने वाले अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बैंक प्रबंधकों और सर्राफा कारोबारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध बैंक खातों, म्यूल अकाउंट और बड़ी धनराशि के लेन-देन पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर बुधवार को मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह की अध्यक्षता में गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें त्योहारी सीजन के दौरान बैंक, एटीएम और सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

दीपावली पर बैंकों और सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाएगी पुलिस, म्यूल खातों से संदिग्ध लेन-देन पर भी रहेगी नजर

एसपी ने बैंक प्रबंधकों को खाता खोलते समय खाताधारकों के पते और दस्तावेजों का उचित सत्यापन करने तथा संदिग्ध बैंक खातों और म्यूल अकाउंट पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। म्यूल खातों के जरिए होने वाले संदिग्ध लेन-देन की पहचान के लिए अलर्ट सिस्टम विकसित करने और संदिग्ध धनराशि के हस्तांतरण को रोकने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने को भी कहा गया। पुलिस ने बैंकों से बड़ी धनराशि निकालने वाले ग्राहकों को विशेष रूप से सतर्क करने को कहा है। ऐसे ग्राहकों को अनजान व्यक्तियों से सावधान रहने और किसी के बहकावे में न आने की सलाह दी जाएगी। यदि किसी को पीछा किए जाने या आसपास संदिग्ध गतिविधि का एहसास हो तो तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया जाएगा। सर्राफा कारोबारियों को भी ग्राहकों को सुरक्षा संबंधी सावधानियां बताने और प्रतिष्ठानों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने सभी बैंक प्रबंधकों को प्रतिष्ठानों में सुरक्षा गार्ड तैनात करने, उनके अनिवार्य पुलिस सत्यापन और सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। 

दीपावली पर बैंकों और सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाएगी पुलिस, म्यूल खातों से संदिग्ध लेन-देन पर भी रहेगी नजर

बैंक के बाहरी परिसर और एटीएम के बाहर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। बैंक में आने वाले वरिष्ठ नागरिकों को लेन-देन के दौरान जरूरी सुरक्षा संबंधी जानकारी देने और बैंक परिसरों में संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के साथ अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने पर भी जोर दिया गया। त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के बैंकों और सर्राफा बाजारों में नियमित पुलिस गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। कोतवाली हल्द्वानी प्रभारी को पटेल चौक, सदर बाजार सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और फड़-ठेली लगाने वालों का समय-समय पर सत्यापन कराने को कहा गया है। एसएसपी के निर्देश पर जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को बैंक प्रबंधकों तथा सर्राफा कारोबारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा गया है। नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाएं तथा बैंक या एटीएम से बड़ी धनराशि निकालते समय विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 पर दें।

Read more

Local News