Home Blog Page 8

राज्य स्थापना दिवस पर शहीद स्मारक पहुंचे सीएम धामी, आंदोलन के अमर शहीदों को किया नमन

  • बोले- आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से साकार हुआ उत्तराखंड का सपना
  • शहीदों के सपनों का समृद्ध और आत्मनिर्भर प्रदेश बनाना ही होगी सच्ची श्रद्धांजलि

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर पृथक राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और सामूहिक संकल्प का परिणाम है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके संघर्ष और बलिदान से ही पृथक उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हो सका। राज्य निर्माण के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिली है। राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं के अनुरूप प्रदेश को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास पहुंचाना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य की सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करना लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि शहीद आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

पीएम मोदी ने उत्तराखंड की विकास यात्रा को सराहा, धामी सरकार के प्रयासों को बताया सराहनीय

  • राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री को भेजा विशेष संदेश
  • बोले- ‘21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक’ संकल्प को साकार कर रहा प्रदेश
  • विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत की दिशा में बढ़ रहे कदम

देहरादून। उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शुभकामना संदेश भेजकर प्रदेशवासियों को बधाई दी। अपने विस्तृत संदेश में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, बुनियादी ढांचे के विस्तार और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ‘21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक’ बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक वैभव और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण विशिष्ट पहचान रखता है। चारधाम, पंच केदार, पंच प्रयाग, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश जैसे धार्मिक स्थल देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए केदारनाथ, आदि कैलाश और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बिताए समय को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की पूरी क्षमता है।

प्रधानमंत्री ने पिछले एक दशक में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुए कार्यों को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से पर्यटन, व्यापार और उद्योगों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई। उन्होंने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के पुनर्निर्माण के साथ सीमांत गांवों में वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत हो रहे विकास कार्यों की भी सराहना की। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने पर्यटन, होमस्टे, विंटर टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म और आगामी कुंभ मेले की तैयारियों का उल्लेख किया। इसके साथ ही जल जीवन मिशन, नए मेडिकल कॉलेजों, शिक्षा के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, किसानों के कल्याण और ऊर्जा परियोजनाओं को राज्य की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार बताया। समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और अन्य सुशासन संबंधी कदमों की सराहना करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों के प्रदर्शन को भी प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

प्रधानमंत्री ने लोक संस्कृति, लोकगीतों, पारंपरिक त्योहारों और उत्तराखंड के खानपान को प्रदेश की आत्मा बताते हुए कहा कि विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और हर गांव, परिवार तथा युवा तक विकास के अवसर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश और प्रदेश की उपलब्धियों की सराहना के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और मार्गदर्शन राज्यवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं साकार हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने और ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत पर दुष्कर्म का आरोप, 23 साल पुराने मामले की जांच के आदेश

  • महिला ने पुलिस मुख्यालय को भेजी शिकायत में 2003 की घटना का किया उल्लेख
  • 23 वर्षीय बेटे की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराने की मांग
  • महिला सीओ को सौंपी गई जांच

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत पर वर्ष 2003 में दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। इस संबंध में इंदिरा डेंजी (जैनी) की ओर से पुलिस मुख्यालय को भेजा गया प्रार्थना पत्र शनिवार को देहरादून पुलिस को प्राप्त हुआ। शिकायत में महिला ने घटना के परिणामस्वरूप एक बच्चे को जन्म देने का दावा करते हुए अपने 23 वर्षीय बेटे की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराने और मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2003 में कथित घटना के समय हरक सिंह रावत ने अपनी राजनीतिक पहुंच और सरकार में प्रभाव का इस्तेमाल कर मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने दी। महिला ने यह भी उल्लेख किया है कि उनका 23 वर्षीय बेटा अपनी पहचान के लिए संघर्ष कर रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने महिला अधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी है। उन्हें जांच के बाद आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच शुरू की जा रही है। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

चार कंपनियों से फर्जी दस्तावेजों के जरिए पत्नी को हटाने का आरोप, मुख्य आरोपी समेत भतीजा गिरफ्तार

  • देहरादून पुलिस की एसआईटी ने झांसी और बरेली से दबोचे दोनों आरोपी
  • महिला के फर्जी हस्ताक्षर कर भतीजे को निदेशक बनाने का आरोप
  • मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं 44 आपराधिक मुकदमे

देहरादून। चार कंपनियों में निदेशक के पद से पत्नी को कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए हटाने के मामले में देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू और उसके भतीजे सतेंद्र राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को झांसी और उसके भतीजे को बरेली से पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को यमुना कॉलोनी निवासी रेखा आर्य ने कैंट कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने गिरधारी लाल साहू पर पूर्व में विवाहित होने के बावजूद उनसे विवाह करने, मारपीट, गाली-गलौच और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के साथ ही फर्जी हस्ताक्षर व दस्तावेज तैयार कर चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने का आरोप लगाया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में नौ सदस्यीय एसआईटी गठित की। जांच में सामने आए तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस का आरोप है कि गिरधारी लाल ने अपने भतीजे सतेंद्र राठौर के साथ मिलकर वादिनी के फर्जी हस्ताक्षर किए और उन्हें चार कंपनियों—देवों के देव महादेव, बनखंडी रुद्राक्ष धाम, श्री अंबे ऑटो डीलर्स प्राइवेट लिमिटेड और श्री बनखंडी धाम डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पद से हटाकर सतेंद्र को निदेशक बनवा दिया। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 44 आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें कई राज्यों में भेजी गई थीं। फिलहाल एसआईटी दोनों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।

हल्द्वानी में सुबह-सुबह चला प्रशासन का बुलडोजर, FCI परिसर में बनी अवैध मजार ध्वस्त

  • दो सप्ताह पहले दिया गया था नोटिस
  • सरकारी गोदाम की भंडारण क्षमता प्रभावित होने का दिया गया हवाला
  • प्रशासन के अनुसार प्रदेश में अब तक 604 अवैध मजारें हटाई गईं

हल्द्वानी। सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत हल्द्वानी प्रशासन ने शनिवार तड़के राजपुरा स्थित भारतीय खाद्य निगम (FCI) परिसर में बनी अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में पहुंची प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए संरचना को हटवा दिया। प्रशासन के अनुसार, सरकारी गोदाम परिसर में बनी इस संरचना को हटाने के लिए करीब दो सप्ताह पहले विधिक प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी किया गया था और इसे स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय में संरचना नहीं हटाए जाने पर शनिवार सुबह प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। 

अधिकारियों के मुताबिक, इस अतिक्रमण के कारण गोदाम की भंडारण क्षमता भी प्रभावित हो रही थी।बताया गया कि कुछ समय पहले यहां काम करने के लिए बाहरी राज्यों से आए श्रमिकों ने इस मजार का निर्माण कराया था। प्रशासन ने इसे सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान का हिस्सा बताते हुए दावा किया कि प्रदेश में अब तक 604 अवैध मजारें हटाई जा चुकी हैं। गौरतलब है कि एक दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उत्तराखंड सरकार की अवैध मजारों और मदरसों के खिलाफ कार्रवाई का समर्थन किया था। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की बात कहते रहे हैं। राजपुरा में हुई इस कार्रवाई को भी सरकार के इसी अभियान की कड़ी माना जा रहा है।

सुरक्षित और स्वस्थ दीपावली मनाएं, आतिशबाजी में बरतें सावधानी: सीएमओ डॉ. रश्मि पंत

  • पटाखे जलाते समय बच्चों को अकेला न छोड़ें
  • जलने पर 20 मिनट तक ठंडे बहते पानी से करें उपचार
  • मिलावटी मिठाइयों और प्रदूषण से बचने की भी अपील

नैनीताल। दीपावली की खुशियों के बीच स्वास्थ्य और सुरक्षा से कोई समझौता न हो, इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने जनपदवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीपावली रोशनी, खुशियों और आपसी सौहार्द का पर्व है, इसलिए इसे उत्साह के साथ मनाने के साथ ही अपने और परिवार के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना जरूरी है। डॉ. पंत ने आतिशबाजी के दौरान बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने देने, पानी की बाल्टी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने तथा घरों, वाहनों और ज्वलनशील पदार्थों के आसपास पटाखे न जलाने की सलाह दी। उन्होंने सूती एवं सुरक्षित कपड़े पहनने और आंखों व हाथों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

उन्होंने आगाह किया कि पटाखों से निकलने वाला धुआं और ध्वनि प्रदूषण अस्थमा, हृदय एवं सांस संबंधी रोगियों के साथ बुजुर्गों, छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में अनावश्यक आतिशबाजी से बचने और यथासंभव ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने खानपान में भी सावधानी बरतने को कहा। उन्होंने मिलावटी मिठाइयों और खुले खाद्य पदार्थों से परहेज करने, ताजा व स्वच्छ भोजन करने तथा अत्यधिक तैलीय और मीठे खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखने की सलाह दी। डॉ. पंत ने बताया कि पटाखों से जलने की स्थिति में प्रभावित स्थान को करीब 20 मिनट तक सामान्य ठंडे बहते पानी के नीचे रखें। जले हुए हिस्से पर घी, तेल या टूथपेस्ट जैसे घरेलू पदार्थ न लगाएं। जरूरत पड़ने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचें। उन्होंने जनपदवासियों से दीपावली को पर्यावरण अनुकूल, प्रदूषण मुक्त और सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील करते हुए सभी को स्वस्थ, सुरक्षित एवं मंगलमय दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

हल्द्वानी में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन चोरों समेत मैकेनिक गिरफ्तार, छह बाइक बरामद

  • हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल में करते थे चोरी
  • मैकेनिक काटकर बेचता था बाइकों के पार्ट्स
  • पुलिस टीम को 2500 रुपये का इनाम

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन कथित वाहन चोरों और चोरी की बाइक खरीदने वाले एक मैकेनिक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र से बाइक चोरी कर मैकेनिक को बेचता था, जिसके बाद चोरी के वाहनों को बेचने या उनके पार्ट्स अलग कर खपाने का काम किया जाता था। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर 5 नवंबर को गौला बाईपास रोड से आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान करन पाठक, योगेश कुमार आर्या, दीपक शर्मा और विजय श्रीवास्तव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विजय पेशे से मोटरसाइकिल मैकेनिक है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें स्प्लेंडर प्लस, स्प्लेंडर प्रो और पल्सर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे बाइक चोरी कर विजय को बेचते थे और वह उन्हें आगे बेचने के साथ उनके पार्ट्स काटकर भी खपाता था। पुलिस के अनुसार, बरामद बाइकें बनभूलपुरा, मुखानी, काठगोदाम, हल्द्वानी और भीमताल क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं।

एसएसपी नैनीताल ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

फ्लैट में चल रहा था लाखों का जुआ, पुलिस ने आठ जुआरियों को दबोचा

  • भरत विहार में छापेमारी कर 2.20 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद
  • फ्लैट मालिक पर अवैध रूप से जुआ खिलाने का आरोप
  • ताश की चार गड्डियां और मोबाइल फोन भी मिले

ऋषिकेश। ऋषिकेश में एक फ्लैट के भीतर चल रहे जुए के खेल का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। भरत विहार स्थित फ्लैट में पुलिस ने छापेमारी कर जुआ खेल रहे आरोपियों को मौके से दबोचा। कार्रवाई के दौरान जुए में लगाई गई 2 लाख 20 हजार 650 रुपये की नकदी, ताश की चार गड्डियां और विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक अपने फ्लैट में अवैध रूप से जुआ खिलवा रहा था। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 5 नवंबर को कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भरत विहार क्षेत्र के एक फ्लैट में जुए का खेल चल रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। फ्लैट के अंदर आठ व्यक्ति ताश के पत्तों पर जुआ खेलते हुए मिले। पुलिस ने मौके से सभी को गिरफ्तार कर नकदी और अन्य सामान बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल निवासी बैराज रोड ऋषिकेश, अरविंद कुमार निवासी मनीराम रोड देहरादून, विवेक निवासी शिवाजी नगर ऋषिकेश, प्रशांत कुमार निवासी भारत विहार ऋषिकेश, प्रवीण निवासी विस्थापित क्षेत्र ऋषिकेश, गगन बर्तवाल निवासी भारत विहार ऋषिकेश, सुधीर कांत निवासी आवास विकास ऋषिकेश और एकांत गोयल निवासी भारत विहार ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 2,20,650 रुपये नकद, ताश के 208 पत्ते यानी चार गड्डियां और विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 584/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक कविन्द्र राणा, अमित कुमार, बिनेश कुमार सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, आवश्यक सेवाओं के कर्मचारियों को भी मतदान का मिलेगा मौका

  • अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने विभागों के साथ की बैठक
  • मतदान दिवस पर ड्यूटी करने वाले कार्मिकों के लिए डाक मतपत्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान के दिन आवश्यक सेवाओं में तैनात रहने वाले कर्मचारियों को भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिल सके, इसके लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष व्यवस्था की कवायद शुरू कर दी है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने संबंधित विभागों को ऐसे कार्मिकों की सूची जल्द उपलब्ध कराने और पूरी प्रक्रिया के संचालन के लिए मुख्यालय स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में आयोजित बैठक में डॉ. जोगदंडे ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आवश्यक सेवाओं की श्रेणी में अधिसूचित किए जाने वाले विभागों, कार्यालयों और उपक्रमों के अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाओं में कार्यरत ऐसे कार्मिक, जिनकी मतदान दिवस पर ड्यूटी रहेगी, उन्हें डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों का विवरण यथाशीघ्र निर्वाचन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान के दिन ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों को डाक मतपत्र के जरिए मतदान कराने की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रत्येक विभाग में मुख्यालय स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी नामित करने को कहा। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव के दौरान आवश्यक सेवाओं में जिम्मेदारी निभाने वाला कोई भी कर्मचारी अपने मताधिकार से वंचित न रहे और मतदान में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित हो सके। बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी सहित पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, परिवहन, पशुपालन, सूचना एवं लोक संपर्क, दूरदर्शन केंद्र, ऊर्जा निगम और पेयजल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

नीली बत्ती लगाकर घूम रहा था फर्जी RPF अधिकारी, डोईवाला पुलिस ने दबोचा

  • खुद को सहायक सुरक्षा आयुक्त बताकर लोगों पर झाड़ रहा था रौब
  • अर्टिगा कार से RPF की पी-कैप और बैज बरामद
  • कर्ज चुकाने के लिए बनाई थी फर्जी अधिकारी बनने की योजना

देहरादून। नीली बत्ती लगी कार, RPF की वर्दी वाली कैप और बैज के सहारे खुद को रेलवे सुरक्षा बल का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ने वाले एक व्यक्ति को डोईवाला पुलिस और RPF की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को RPF के मुरादाबाद मंडल में सहायक सुरक्षा आयुक्त (AC) बता रहा था और कथित तौर पर इसी पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को प्रभावित कर ठगी करने की फिराक में था। पुलिस ने उसके कब्जे से नीली बत्ती लगी अर्टिगा कार, RPF की पी-कैप और बैज बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 5 नवंबर को डोईवाला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति खुद को RPF का वरिष्ठ अधिकारी बताकर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है। सूचना पर डोईवाला पुलिस और RPF देहरादून की संयुक्त टीम ने लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास रेलवे लाइन के समीप चेकिंग शुरू की।

इस दौरान नीली बत्ती लगी मारुति सुजुकी अर्टिगा कार UK 07 HQ 2387 को रोककर तलाशी ली गई। कार के डैशबोर्ड पर RPF की पी-कैप रखी मिली। वाहन में मौजूद व्यक्ति ने खुद को RPF के मुरादाबाद मंडल का सहायक सुरक्षा आयुक्त बताया, लेकिन पूछताछ के दौरान वह अपने पद से संबंधित कोई पहचान पत्र या वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने RPF के मंडल मुख्यालय से जानकारी की तो इस नाम का कोई अधिकारी तैनात होना सामने नहीं आया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह RPF में अधिकारी नहीं है। उसकी पहचान स्मित कुमार पुत्र राजीव शर्मा निवासी ग्राम शिवाला कला, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कर्ज में डूबे होने के कारण लोगों पर रौब जमाकर आसानी से पैसे कमाने के इरादे से फर्जी अधिकारी बनने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अर्टिगा कार सीज कर दी है। उसके खिलाफ कोतवाली डोईवाला में मुकदमा संख्या 343/2026 के तहत बीएनएस की धारा 204 और 205 में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।