Home Blog Page 7

रामनगर के छोई में घर से 50 मीटर दूर मिला बुजुर्ग महिला का शव

  • मिट्टी से सना मिला शव, पास में टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद
  • पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

रामनगर। रामनगर क्षेत्र के छोई में मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके घर से करीब 50 से 60 मीटर की दूरी पर पड़ा मिला। शव मिट्टी से सना हुआ था और पास ही एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है। फिलहाल महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे डायल 112 के माध्यम से थाना रामनगर को सूचना मिली कि छोई में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। 

जांच के दौरान शव की शिनाख्त विमला देवी के रूप में हुई। महिला का शव उसके घर से लगभग 50 से 60 मीटर दूर मिला था। सीओ के मुताबिक, शव मिट्टी से सना हुआ था और उसके पास एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी पड़ा मिला। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिलने पर उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नशे के इंजेक्शन को लेकर दोस्त ने ही की हत्या, गला घोंटकर शव गटर में फेंका, पुलिस ने किया खुलासा

  • लापता युवक की तलाश के दौरान दोस्त पर हुआ शक
  • पूछताछ में हत्या की बात कबूलने का पुलिस का दावा
  • आरोपी की निशानदेही पर शव, हत्या में इस्तेमाल नाड़ा और 600 रुपये बरामद

खटीमा। ऊधम सिंह नगर के खटीमा में लापता 20 वर्षीय युवक अभय उर्फ लल्लू की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद में युवक के पुराने दोस्त ने ही उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को घटनास्थल के पास गटर में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर शव, हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा और 600 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 17 शिव कॉलोनी निवासी रवि ने 9 नवंबर को कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर बताया था कि उनका 20 वर्षीय भाई अभय उर्फ लल्लू 7 नवंबर की रात करीब नौ बजे घर से बिना बताए चला गया था। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी। जांच और सुरागरसी के दौरान पुलिस को अभय के परिचित संजय गुप्ता पर शक हुआ। बताया गया कि संजय ने मृतक का मोबाइल फोन उसके परिजनों को यह कहते हुए लौटाया था कि उसे फोन रास्ते में पड़ा मिला था। संदेह के आधार पर पुलिस उसे पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान संजय ने अभय की हत्या कर शव गटर में छिपाने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी संजय और अभय पुराने दोस्त थे और दोनों नशे के आदी थे। 7 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे दोनों शिव कॉलोनी चौराहे पर मिले और इसके बाद कॉलोनी के पीछे स्थित खाली मैदान में चले गए। आरोपी के कथित बयान के अनुसार, दोनों स्मैक का सेवन करने के लिए इंजेक्शन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान एक इंजेक्शन गिरने और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर संजय ने पहले अभय का गला दबाया और फिर उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने अभय के पास रखे करीब 2,300 रुपये और मोबाइल फोन अपने पास रख लिए। इसके बाद शव को घटनास्थल से करीब 15 से 20 मीटर दूर स्थित गटर में फेंककर छिपा दिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मोबाइल फोन की पहचान हो जाने और पकड़े जाने के डर से उसने 8 नवंबर को फोन मृतक के बड़े भाई रवि को लौटा दिया था। वहीं, मृतक से मिले 2,300 रुपये में से 1,700 रुपये दीपावली पर खर्च कर दिए और शेष 600 रुपये उसके पास बचे थे। 

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम की मौजूदगी में शव तथा हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा बरामद किया। आरोपी की पहचान संजय गुप्ता पुत्र बालकिशन गुप्ता, निवासी वार्ड नंबर 17 शिव कॉलोनी, खटीमा, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 600 रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी खटीमा थाने में चोरी, हत्या से संबंधित और अन्य आपराधिक धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को चिकित्सकीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी कमल कुमार लुण्ठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्या, उपनिरीक्षक राकेश राय, उपनिरीक्षक वेदपाल सिंह, कांस्टेबल किशोर कुमार और कांस्टेबल कमल पाल शामिल रहे।

साइबर ठगी पर लगाम लगाने के लिए STF की नई पहल, 1930 कंट्रोल रूम में तैनात हुआ SBI का नोडल अधिकारी

  • ठगी की रकम को तत्काल होल्ड या फ्रीज कराने में मिलेगी मदद
  • बैंकिंग और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से साइबर अपराधियों पर कसेगा शिकंजा
  • अन्य प्रमुख बैंकों के अधिकारियों की तैनाती भी प्रस्तावित

देहरादून। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पीड़ितों की मेहनत की कमाई को सुरक्षित कराने के लिए उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब साइबर ठगी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के कंट्रोल रूम में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है। इस व्यवस्था से पुलिस और बैंक के बीच सीधे समन्वय के जरिए ठगी की रकम को समय रहते संबंधित बैंक खातों में होल्ड या फ्रीज कराने में मदद मिलेगी। एसटीएफ के अनुसार, उत्तराखंड स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (US4C) के अंतर्गत स्थापित फ्रॉड मिटिगेशन सेंटर (CFMC) के माध्यम से यह व्यवस्था शुरू की गई है। इसका उद्देश्य साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में पुलिस और प्रमुख बैंकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। इसके तहत ठगी की रकम को आगे दूसरे खातों में स्थानांतरित होने से रोकने, संदिग्ध बैंक खातों की पहचान करने और रकम की लेयरिंग यानी अलग-अलग खातों के माध्यम से धनराशि के हस्तांतरण का विश्लेषण करने में तेजी लाई जाएगी।

एसटीएफ के अधीन संचालित CFCFRMS और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के तहत देहरादून स्थित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में SBI ने अपने नोडल अधिकारी की तैनाती की है। इस व्यवस्था में बैंकिंग और वित्तीय लेन-देन की जानकारी रखने वाले अधिकारी पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे, जिससे साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतों पर तकनीकी और वित्तीय स्तर पर एक साथ कार्रवाई की जा सकेगी। एसटीएफ के मुताबिक, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ठगी के बाद अपराधी रकम को तत्काल अलग-अलग बैंक खातों और अन्य माध्यमों से स्थानांतरित करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में शिकायत मिलने के बाद बैंकिंग लेन-देन की जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के बीच तेजी से तालमेल जरूरी है, ताकि संदिग्ध धनराशि को समय रहते होल्ड या फ्रीज कराया जा सके। नई व्यवस्था से बैंकिंग सूचनाओं के लिए होने वाले पत्राचार और प्रतीक्षा समय में भी कमी आने की उम्मीद है। 

एसटीएफ की योजना इस व्यवस्था को और व्यापक बनाने की है। निकट भविष्य में अन्य प्रमुख बैंकों के नोडल अधिकारियों को भी उत्तराखंड स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर के भवन में एक ही स्थान पर तैनात किए जाने का प्रस्ताव है। इससे पुलिस और विभिन्न बैंकों के बीच प्रत्यक्ष समन्वय स्थापित कर साइबर अपराधों के विरुद्ध एकीकृत कार्रवाई की जा सकेगी। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर अपराधों की प्रकृति लगातार जटिल और तकनीकी होती जा रही है। ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई के लिए तकनीकी जानकारी के साथ बैंकिंग और वित्तीय विशेषज्ञता भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से फाइनेंशियल और टेक्निकल तंत्र को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पीड़ितों को त्वरित सहायता मिल सके और ठगी की धनराशि सुरक्षित कराने की संभावनाएं बढ़ाई जा सकें। एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को आगे हस्तांतरित होने से रोकने और उसे सुरक्षित कराने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।

नैनीताल में अवैध पार्किंग पर प्रशासन का शिकंजा, 85 वाहनों के चालान

  • तल्लीताल से हनुमानगढ़ी तक चला संयुक्त अभियान
  • सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों पर कार्रवाई
  • जाम से निजात दिलाना प्रशासन का लक्ष्य

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर तल्लीताल से हनुमानगढ़ी के बीच सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से खड़े 85 वाहनों के चालान किए। कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। उप जिलाधिकारी नवाज़िश खलिक ने बताया कि सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण अक्सर यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है।

इसी समस्या से निपटने के लिए संयुक्त अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाना है, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ ही नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में परेशानी न हो। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पर्यटकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना और उनकी यात्रा को सुखद एवं यादगार बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

भाई दूज की छुट्टी का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल, उत्तराखंड शासन ने किया खंडन

  • 11 नवंबर को अवकाश घोषित किए जाने का दावा पूरी तरह निराधार
  • कूटरचित आदेश प्रसारित करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी

देहरादून। उत्तराखंड में भाई दूज के अवसर पर 11 नवंबर को सरकारी अवकाश घोषित किए जाने का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शासन ने इसका खंडन किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा अवकाश आदेश पूरी तरह कूटरचित और निराधार है। शासन ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से फर्जी आदेश का खंडन प्रसारित करने के निर्देश दिए हैं।  सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेन्द्र कुमार की ओर से महानिदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा 11 नवंबर 2026 को भाई दूज के अवकाश का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। 

पत्र के अनुसार, इस आदेश में पूर्व में जारी महानवमी के अवकाश संबंधी अधिसूचना संख्या 1457, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 के साथ कूटरचना कर भाई दूज के अवकाश का आदेश तैयार किया गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि 19 अक्टूबर 2026 को महानवमी के अवसर पर घोषित अवकाश की अधिसूचना में छेड़छाड़ कर 11 नवंबर के लिए भाई दूज का अवकाश दर्शाया गया है। ऐसा कोई आधिकारिक अवकाश आदेश जारी नहीं किया गया है। सचिव ने सूचना विभाग से इस फर्जी आदेश का प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में व्यापक रूप से खंडन कराने को कहा है, ताकि आम जनता के बीच किसी प्रकार का भ्रम न फैले। साथ ही फर्जी आदेश तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई किए जाने का विषय भी पत्र में उठाया गया है।

दिवाली मनाने दोस्त के घर गया युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला, शरीर पर चाकू के निशान, हत्या का मुकदमा दर्ज

  • देहरादून के केवल विहार निवासी अर्श अंसारी की मौत से परिवार में मचा कोहराम
  • पिता ने दोस्त श्रेयस और उसके साथियों पर लगाया हत्या का आरोप

देहरादून। दिवाली मनाने दोस्त के घर गया एक युवक अगली सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। युवक के शरीर पर चोट और चाकू से वार के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पिता की तहरीर पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने युवक के दोस्त श्रेयस मंमगाई और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, केवल विहार, सहस्त्रधारा रोड निवासी नदीम अंसारी ने 9 नवंबर को कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 8 नवंबर को उनके बेटे अर्श अंसारी के दोस्त श्रेयस मंमगाई निवासी नेहरू कॉलोनी ने दिवाली मनाने के लिए अर्श को अपने घर बुलाया था। 

रात में जब उन्होंने फोन कर बेटे के बारे में जानकारी ली तो उन्हें बताया गया कि अर्श सुबह घर आ जाएगा। वादी के अनुसार, अगली सुबह श्रेयस की मां का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनका बेटा मोर्चरी में मृत अवस्था में पड़ा है। परिजन जब मोर्चरी पहुंचे तो अर्श के शरीर पर चोट और चाकू से वार के निशान पाए गए। इसके बाद पिता ने श्रेयस और उसके दोस्तों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कोतवाली डालनवाला में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

बेटे ने पिता की चाकू मारकर की हत्या, पारिवारिक विवाद में वारदात, आरोपी हिरासत में

  • राजपुर के चलांग-कुल्हन क्षेत्र में हुई सनसनीखेज घटना
  • गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए मदन राणा ने उपचार के दौरान तोड़ा दम

देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे ने अपने ही पिता पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, सोमवार 9 नवंबर को कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि सहस्त्रधारा रोड स्थित चलांग-कुल्हन क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने पिता को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है।

 सूचना पर राजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया। हालांकि, उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि मदन राणा के 35 वर्षीय बेटे नितिन राणा का किसी बात को लेकर उनसे पारिवारिक विवाद हो गया था।आरोप है कि विवाद के दौरान नितिन ने अपने पिता पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। वहीं, कार्रवाई करते हुए आरोपी नितिन राणा को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दीवार बनाने को लेकर खूनी संघर्ष, मामा-भांजे के विवाद में भांजे की मौत, दो के खिलाफ हत्या का मुकदमा

  • देहरादून के तरला अधोईवाला में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदला
  • घातक हथियार से हमले में 26 वर्षीय गौरव की उपचार के दौरान मौत
  • पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला में दीवार बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित ने गौरव पर घातक हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक गौरव आरोपी नितिन कुमार का भांजा बताया जा रहा है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है। पुलिस के अनुसार, सोमवार 9 नवंबर को 112 के माध्यम से तरला अधोईवाला में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना रायपुर से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित का गौरव, मटरू, भोली और कमला के साथ दीवार बनाने को लेकर विवाद हुआ था। 

इसी दौरान नितिन और रोहित पर गौरव के साथ मारपीट करते हुए घातक हथियार से हमला करने का आरोप है। घटना में गंभीर रूप से घायल गौरव को पुलिस ने अन्य घायलों के साथ निजी वाहन से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान गौरव पुत्र स्वर्गीय चमनलाल बागड़ी, निवासी मोहनी रोड, डालनवाला, उम्र करीब 26 वर्ष की मौत हो गई। वहीं, रोहित उर्फ भोली और कमला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक के भाई करण कुमार की लिखित तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल और फील्ड यूनिट की टीमों ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

फर्नीचर की दुकान में लगी भीषण आग, मशक्कत के बाद पाया काबू

  • गैस गोदाम रोड पर आग लगने से इलाके में मची अफरा-तफरी
  • हल्द्वानी और ऊंचापुल से पहुंचीं दमकल की गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, जनहानि की सूचना नहीं

हल्द्वानी। शहर के छड़ायल चौराहे के पास एस मोड़, गैस गोदाम रोड स्थित एक फर्नीचर की दुकान में सोमवार शाम अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी नैनीताल गौरव किरार के अनुसार, सोमवार 9 नवंबर को शाम 7:09 बजे फर्नीचर की दुकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही 7:10 बजे फायर स्टेशन हल्द्वानी से एक अग्निशमन यूनिट घटनास्थल के लिए रवाना की गई। 

आग की विकरालता को देखते हुए रामलीला मैदान ऊंचापुल में तैनात नजदीकी फायर यूनिट को भी 7:12 बजे मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए शाम 7:14 बजे घटनास्थल के नजदीकी फायर हाइड्रेंट को खुलवाया। इसके बाद 7:16 बजे एक अन्य अग्निशमन वाहन भी मौके के लिए रवाना किया गया। तीनों यूनिटों के समन्वित प्रयासों से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। करीब एक घंटे तक चले प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों और दुकान में हुए नुकसान का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है। दमकल विभाग के अनुसार, घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

राज्य स्थापना दिवस पर शहीदों को किया नमन, आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित

  • एमबीपीजी कॉलेज सभागार में आयोजित समारोह में राज्य आंदोलन के संघर्ष और बलिदान को किया गया याद
  • वक्ताओं ने 26 वर्षों की विकास यात्रा पर की चर्चा

हल्द्वानी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज सभागार में राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक स्वर्गीय नारायण सिंह जंतवाल के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों के ऐतिहासिक संघर्ष, बलिदान और योगदान को याद करते हुए शहीदों को नमन किया गया। समारोह में वक्ताओं ने उत्तराखंड राज्य गठन के 26 वर्षों की विकास यात्रा और इस दौरान हासिल की गई उपलब्धियों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान जिस एकजुटता और संघर्ष की भावना के साथ अलग राज्य की मांग उठाई गई थी, उसी भावना को बनाए रखते हुए उत्तराखंड को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने की जरूरत है। 

वक्ताओं ने राज्य की विभिन्न नीतियों और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए राज्य आंदोलनकारियों से प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में दर्जा मंत्री हुकम सिंह कुंवर, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, मोहन पाठक, शंकर कोरंगा और केदार पलड़िया ने अपने विचार रखे। उन्होंने राज्य आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी जगमोहन चिलवाल, लक्ष्मी डंगवाल, अवतार सिंह, तरुण पंत, कैलाश साह, पंकज सुयाल, केशव दत्त, रीता फर्त्याल, भास्कर बृजवासी, धर्मानंद पलड़िया और हेमंत बगड़वाल सहित अन्य आंदोलनकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और उपजिलाधिकारी मोनिका भी उपस्थित रहीं।