Home Blog Page 6

IIT रुड़की के भवन में 20 वर्षीय छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका मिला

  • देर रात सुरक्षा अधिकारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गार्डों की मदद से खुलवाया कमरे का दरवाजा
  •   फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य, गाजियाबाद निवासी था छात्र

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की के गोविंद भवन में एक 20 वर्षीय छात्र का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिलने से परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। क्षेत्राधिकारी भगवानपुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की देर रात आईआईटी रुड़की के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली रुड़की को सूचना दी कि गोविंद भवन में एक छात्र ने फांसी लगा ली है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, रात्रि अधिकारी ध्वजवीर सिंह और पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम गोविंद भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर बीएस-10 में पहुंची, जहां दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर सुरक्षा गार्डों की सहायता से उसे खुलवाया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

कमरे के अंदर एक छात्र चादर के फंदे के सहारे पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान आयुष रजौरिया पुत्र शैलेश रजौरिया, निवासी 410 बांके बिहारी शरणम, राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है। मौके पर मौजूद आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा ने छात्र का परीक्षण किया और मृत्यु लगभग पांच से छह घंटे पहले होने की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डेय भी मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने छात्र के लैपटॉप को पासवर्ड के माध्यम से खोलकर आवश्यक निरीक्षण की कार्रवाई भी की। वहीं, साक्ष्य संकलन के लिए फील्ड यूनिट को बुलाया गया। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के पहुंचने पर पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। छात्र की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

उत्तराखंड शासन ने अधिकारियों के तबादले के आदेश किए जारी

  • कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 ने 2 नवंबर को जारी किया शासनादेश
  • अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने राज्य सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) के अधिकारियों के स्थानांतरण और नई तैनाती को लेकर आदेश जारी किए हैं। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 2 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश में संबंधित अधिकारियों को वर्तमान पदभार से अवमुक्त करते हुए नई तैनाती के पदभार पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। 

शासनादेश के अनुसार, स्थानांतरित अधिकारियों को अपने वर्तमान पदभार एवं विभाग से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले पद पर तत्काल कार्यभार संभालना होगा।  इसके साथ ही कार्यभार ग्रहण करने से संबंधित आख्या और प्रमाणक कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01, उत्तराखंड शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह आदेश अनु सचिव तजम्मुल हुसैन खान की ओर से जारी किया गया है। हालांकि, उपलब्ध शासनादेश की प्रति में अधिकारियों के नाम और उनकी पुरानी एवं नई तैनाती का विवरण शामिल नहीं है।

नैनीताल पुलिस ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, ड्यूटी के दौरान मिले और खोए दो मोबाइल फोन मालिकों को लौटाए

  • रानीबाग में सीपीयू जवानों को मिला सैमसंग मोबाइल
  • हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने खोजबीन कर लौटाया आईफोन 16 प्रो मैक्स

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए दो लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे। पुलिसकर्मियों ने न केवल ड्यूटी के दौरान सड़क पर मिले मोबाइल को उसके मालिक तक पहुंचाया, बल्कि बाजार में गुम हुए महंगे आईफोन को भी तलाश कर सुरक्षित सुपुर्द किया। पुलिस की इस पहल की सराहना की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को रानीबाग क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान उपनिरीक्षक जगत सिंह भंडारी और हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह को सड़क पर एक सैमसंग मोबाइल फोन पड़ा मिला। पुलिसकर्मियों ने मोबाइल के स्वामी की जानकारी जुटाई और मोहम्मद अबूजर पुत्र जाहिर हसन निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश को मौके पर बुलाकर उनका मोबाइल फोन सकुशल वापस सौंप दिया।

वहीं, हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए बाजार में खोया एप्पल आईफोन 16 प्रो मैक्स बरामद कर उसके मालिक को लौटा दिया। सुनार गली, मुखानी निवासी अमित गुप्ता पुत्र स्वर्गीय हरि शंकर गुप्ता का मोबाइल कहीं गिर गया था। पुलिस ने खोजबीन और आवश्यक प्रयासों के बाद मोबाइल बरामद कर अमित गुप्ता को सुपुर्द कर दिया। नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क, सार्वजनिक स्थान या अन्य किसी जगह पर मोबाइल फोन अथवा कोई कीमती वस्तु मिलने पर उसे अपने पास रखने के बजाय नजदीकी पुलिस थाने या चौकी में जमा कराएं, ताकि संबंधित व्यक्ति तक उसकी वस्तु सुरक्षित पहुंचाई जा सके।

14 नवंबर को हल्द्वानी में पहली बार होगा ‘युवा उत्सव भजन क्लबिंग’, आध्यात्मिक संगीत के जरिए युवाओं को जोड़ने की पहल

  • एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होगा कार्यक्रम
  • महापौर गजराज सिंह बिष्ट और दिव्य ज्योति जागृति संस्थान ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर दी जानकारी
  • स्वामी विवेकानंद के विचारों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प पर रहेगा फोकस

हल्द्वानी। युवाओं को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और स्वामी विवेकानंद के विचारों से जोड़ने के उद्देश्य से हल्द्वानी में पहली बार ‘युवा उत्सव भजन क्लबिंग’ का आयोजन किया जा रहा है। 14 नवंबर को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर नगर निगम सभागार में महापौर गजराज सिंह बिष्ट और आयोजक संस्था SAM दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान आयोजन के उद्देश्य और इसकी रूपरेखा की जानकारी दी गई। प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह आयोजन युवाओं में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है। भजन क्लबिंग के माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिक संगीत से जोड़ते हुए भारतीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और जीवन मूल्यों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि युवा शक्ति का सही मार्गदर्शन और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ाव एक सशक्त, संस्कारित एवं आत्मनिर्भर समाज की नींव है। स्वामी विवेकानंद ने हमेशा युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और देश व समाज के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि चरित्र निर्माण, अनुशासन, सेवा भावना और दृढ़ संकल्प के माध्यम से ही बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनके भीतर सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। महापौर ने युवाओं से विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाकर युवाओं को जागरूक, चरित्रवान और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

रामनगर में विमला देवी हत्याकांड का खुलासा, पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप, तीन गिरफ्तार

– सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिला अहम सुराग

– महिला को पीटकर ले जाते और बाद में शव फेंकते दिखाई दिए संदिग्ध

– हत्या में प्रयुक्त डंडे, लोहे का पाना और पत्थर बरामद

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में 56 वर्षीय विमला देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते अंजाम दिया गया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, लोहे का पाना, पत्थर और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रामनगर को सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पहचान विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, उम्र 56 वर्ष, निवासी किशनपुर छोई के रूप में की। घटनास्थल के निरीक्षण में महिला के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान मिले। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेजा। मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 356/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते और बाद में वाहन से उसका शव घटनास्थल के पास फेंकते दिखाई दिए। इसके बाद तकनीकी और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस का दावा है कि जांच में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल की पुरानी रंजिश सामने आई। बताया गया कि वह अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना रखता था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विमला देवी पर हमला किया और उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य दो आरोपियों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय दबोचा गया, जब वे रामनगर से फरार होने की फिराक में थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित फर्त्याल (32) पुत्र स्वर्गीय गोविंद सिंह, निवासी किशनपुर छोई, सैरान (21) पुत्र मुरसलीन, निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे खताड़ी और मो. अब्बूजर (22) पुत्र मो. विलाल, निवासी खताड़ी, रामनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर, वाहन संख्या UK04 AN6012 और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, इन्हीं वस्तुओं का इस्तेमाल वारदात में किया गया था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी नैनीताल ने घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में शामिल पुलिस एवं एसओजी टीम के कार्य की सराहना करते हुए टीम को 2,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

12 साल बाद फिर चर्चा में आया हल्द्वानी का कशिश हत्याकांड, परिजनों ने उठाई न्याय की मांग

  • सुप्रीम कोर्ट से मुख्य आरोपी के बरी होने के बाद पीड़ित परिवार ने सरकार पर वादाखिलाफी का लगाया आरोप
  • 20 नवंबर से प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

हल्द्वानी। उत्तराखंड में अंकिता और जैनी से जुड़े मामलों के बीच हल्द्वानी का 12 साल पुराना कशिश हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में आ गया है। वर्ष 2014 में छह वर्षीय मासूम कशिश की हत्या के मामले में परिजनों ने एक बार फिर न्याय की मांग उठाई है। कशिश के पिता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भावुक होते हुए सरकार से मामले में ठोस कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की गुहार लगाई। परिजनों के मुताबिक, इस मामले में मुख्य आरोपी अख्तर अली को सुप्रीम कोर्ट से बरी किए जाने के बाद परिवार की न्याय की उम्मीदों को झटका लगा है। कशिश के पिता ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटीशन दाखिल करने की बात कही थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कशिश के पिता ने सवाल उठाया कि जैनी के मामले में कार्रवाई की जा रही है, लेकिन उत्तराखंड की बेटी कशिश के मामले में चुप्पी क्यों है? उन्होंने कहा कि उनका परिवार पिछले 12 वर्षों से न्याय की आस लगाए बैठा है, लेकिन अब तक उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मामले में पुनर्विचार याचिका दाखिल करने सहित न्याय के लिए ठोस पहल नहीं की तो 20 नवंबर से प्रदेशभर में आंदोलन शुरू किया जाएगा। कशिश के परिवार ने सरकार से अपने पूर्व आश्वासन को पूरा करने और मामले में न्यायिक विकल्पों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।

गौला खनन की समस्याओं को लेकर वाहन स्वामियों का प्रदर्शन, चार मांगों के समाधान के लिए सौंपा ज्ञापन

  • नाम परिवर्तन में देरी, फिटनेस फीस और जीपीएस की अनिवार्यता से राहत देने की मांग
  • वाहनों की भार क्षमता पूर्व निर्धारित मानकों के अनुसार तय करने की उठाई आवाज

हल्द्वानी। गौला खनन का नया सत्र शुरू होने के साथ ही खनन कार्य से जुड़े वाहन स्वामियों की समस्याएं भी सामने आने लगी हैं। विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गौला वाहन स्वामियों ने गौला खनन मजदूर उत्थान समिति (रजि.) के बैनर तले एसडीएम कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी नैनीताल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से सौंपा। वाहन स्वामियों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट और गहरा सकता है। ज्ञापन में वाहन स्वामियों ने बताया कि वे गौला खनन कार्य से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, लेकिन नए खनन सत्र के दौरान कई व्यावहारिक और आर्थिक समस्याओं के चलते वाहन संचालन शुरू करने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने वाहनों के स्वामित्व परिवर्तन यानी नामांतरण की प्रक्रिया में हो रही देरी को जल्द दूर करने की मांग की, ताकि वाहन स्वामी समय पर अपना काम शुरू कर सकें।

वाहन स्वामियों ने फिटनेस फीस में पूर्व की भांति छूट देने और वाहनों में जीपीएस लगाने की अनिवार्यता से भी पहले की तरह राहत प्रदान करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि इन व्यवस्थाओं के चलते वाहन स्वामियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसके अलावा गौला खनन में वाहनों की भार क्षमता पूर्व में स्वीकृत मानकों के अनुसार निर्धारित करने की मांग की गई। ज्ञापन में डंपर की क्षमता 120 कुंतल, टिप्पर की 100 कुंतल और ट्रैक्टर की 80 कुंतल निर्धारित किए जाने की मांग रखी गई। समिति के बैनर तले पहुंचे वाहन स्वामियों ने जिलाधिकारी से संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश देने की अपील की। उनका कहना है कि गौला खनन से हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है, ऐसे में इन मांगों पर जल्द निर्णय लेकर वाहन स्वामियों को राहत दी जानी चाहिए।

सड़क, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण पर रहेगा विशेष फोकस, नवनियुक्त नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने संभाला कार्यभार

  • शहरवासियों की छोटी से बड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करना प्राथमिकता
  • लीगेसी वेस्ट और फ्रेश वेस्ट के समयबद्ध निस्तारण पर भी दिया जोर

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की नवनियुक्त नगर आयुक्त आईएएस आशिमा गोयल ने पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने कहा कि किसी भी नगर निगम क्षेत्र में सड़क, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण से जुड़ी समस्याएं प्रमुख होती हैं। 

हल्द्वानी में भी इन विषयों पर काम करने की जरूरत है। उनका प्रयास रहेगा कि शहरवासियों को छोटे स्तर से लेकर बड़े स्तर तक की समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उनकी शिकायतों का जल्द से जल्द निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि शहर में कूड़ा निस्तारण भी एक प्रमुख चुनौती के रूप में सामने आ रहा है। विशेष रूप से लीगेसी वेस्ट (पुराना जमा कूड़ा) और फ्रेश वेस्ट (प्रतिदिन निकलने वाला कूड़ा) का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। नवनियुक्त नगर आयुक्त ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना उनका प्रमुख उद्देश्य रहेगा।

कैंची धाम के पास 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौत, चार घायल

  • निगलाट क्षेत्र में आधी रात हुआ दर्दनाक हादसा
  •   SDRF ने कड़ी मशक्कत के बाद चार लोगों को खाई से सुरक्षित निकाला
  • मृतक का शव पुलिस को सौंपा

नैनीताल। कैंची धाम के समीप निगलाट क्षेत्र में गुरुवार मध्यरात्रि एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बरेली के पांच लोगों को लेकर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। एसडीआरएफ के अनुसार, 12 नवंबर की मध्यरात्रि नैनीताल आपदा कंट्रोल रूम से कैंची धाम के पास निगलाट क्षेत्र में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही खैरना स्थित एसडीआरएफ पोस्ट से उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी पांच लोग कार संख्या UP 25 EJ 4586 में सवार थे और वाहन गहरी खाई में गिर गया था।

एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चार घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया। हादसे में कार चालक अनुज तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई थी। टीम ने उनका शव भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हादसे में घायल सनी (23), रवि, संचित और संदीप शर्मा सभी बरेली के निवासी हैं। वहीं मृतक की पहचान 29 वर्षीय अनुज तिवारी पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली के रूप में हुई है। वह दुर्घटनाग्रस्त कार चला रहे थे। फिलहाल हादसे के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

उत्तराखंड में प्रशासनिक फेरबदल, IAS और PCS अधिकारियों के तबादले व नई तैनाती के आदेश जारी

  • शासन के कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग ने जारी किया आदेश
  • अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदभार ग्रहण करने के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और राज्य सिविल सेवा (PCS) के अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 11 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को उनके वर्तमान पदभार से अवमुक्त करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरण और तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। संबंधित अधिकारियों को अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले पद पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करना होगा। इसके साथ ही अधिकारियों को नवीन पदभार ग्रहण करने की आख्या और प्रमाणक कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01, उत्तराखंड शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश पर अनु सचिव तजम्मुल हुसैन खान के हस्ताक्षर हैं।