- निगलाट क्षेत्र में आधी रात हुआ दर्दनाक हादसा
- SDRF ने कड़ी मशक्कत के बाद चार लोगों को खाई से सुरक्षित निकाला
- मृतक का शव पुलिस को सौंपा
नैनीताल। कैंची धाम के समीप निगलाट क्षेत्र में गुरुवार मध्यरात्रि एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बरेली के पांच लोगों को लेकर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। एसडीआरएफ के अनुसार, 12 नवंबर की मध्यरात्रि नैनीताल आपदा कंट्रोल रूम से कैंची धाम के पास निगलाट क्षेत्र में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही खैरना स्थित एसडीआरएफ पोस्ट से उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी पांच लोग कार संख्या UP 25 EJ 4586 में सवार थे और वाहन गहरी खाई में गिर गया था।

एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चार घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया। हादसे में कार चालक अनुज तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई थी। टीम ने उनका शव भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हादसे में घायल सनी (23), रवि, संचित और संदीप शर्मा सभी बरेली के निवासी हैं। वहीं मृतक की पहचान 29 वर्षीय अनुज तिवारी पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली के रूप में हुई है। वह दुर्घटनाग्रस्त कार चला रहे थे। फिलहाल हादसे के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।









