- तल्लीताल से हनुमानगढ़ी तक चला संयुक्त अभियान
- सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों पर कार्रवाई
- जाम से निजात दिलाना प्रशासन का लक्ष्य
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर तल्लीताल से हनुमानगढ़ी के बीच सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से खड़े 85 वाहनों के चालान किए। कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। उप जिलाधिकारी नवाज़िश खलिक ने बताया कि सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण अक्सर यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है।

इसी समस्या से निपटने के लिए संयुक्त अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाना है, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ ही नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में परेशानी न हो। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पर्यटकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना और उनकी यात्रा को सुखद एवं यादगार बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









