- मिट्टी से सना मिला शव, पास में टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद
- पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
रामनगर। रामनगर क्षेत्र के छोई में मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके घर से करीब 50 से 60 मीटर की दूरी पर पड़ा मिला। शव मिट्टी से सना हुआ था और पास ही एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है। फिलहाल महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे डायल 112 के माध्यम से थाना रामनगर को सूचना मिली कि छोई में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।

जांच के दौरान शव की शिनाख्त विमला देवी के रूप में हुई। महिला का शव उसके घर से लगभग 50 से 60 मीटर दूर मिला था। सीओ के मुताबिक, शव मिट्टी से सना हुआ था और उसके पास एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी पड़ा मिला। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिलने पर उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









