भाई दूज की छुट्टी का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल, उत्तराखंड शासन ने किया खंडन

  • 11 नवंबर को अवकाश घोषित किए जाने का दावा पूरी तरह निराधार
  • कूटरचित आदेश प्रसारित करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी

देहरादून। उत्तराखंड में भाई दूज के अवसर पर 11 नवंबर को सरकारी अवकाश घोषित किए जाने का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शासन ने इसका खंडन किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा अवकाश आदेश पूरी तरह कूटरचित और निराधार है। शासन ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से फर्जी आदेश का खंडन प्रसारित करने के निर्देश दिए हैं।  सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेन्द्र कुमार की ओर से महानिदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा 11 नवंबर 2026 को भाई दूज के अवकाश का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। 

भाई दूज की छुट्टी का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल, उत्तराखंड शासन ने किया खंडन

पत्र के अनुसार, इस आदेश में पूर्व में जारी महानवमी के अवकाश संबंधी अधिसूचना संख्या 1457, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 के साथ कूटरचना कर भाई दूज के अवकाश का आदेश तैयार किया गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि 19 अक्टूबर 2026 को महानवमी के अवसर पर घोषित अवकाश की अधिसूचना में छेड़छाड़ कर 11 नवंबर के लिए भाई दूज का अवकाश दर्शाया गया है। ऐसा कोई आधिकारिक अवकाश आदेश जारी नहीं किया गया है। सचिव ने सूचना विभाग से इस फर्जी आदेश का प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में व्यापक रूप से खंडन कराने को कहा है, ताकि आम जनता के बीच किसी प्रकार का भ्रम न फैले। साथ ही फर्जी आदेश तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई किए जाने का विषय भी पत्र में उठाया गया है।

Advertisement

Read more

Local News