- देहरादून के केवल विहार निवासी अर्श अंसारी की मौत से परिवार में मचा कोहराम
- पिता ने दोस्त श्रेयस और उसके साथियों पर लगाया हत्या का आरोप
देहरादून। दिवाली मनाने दोस्त के घर गया एक युवक अगली सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। युवक के शरीर पर चोट और चाकू से वार के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पिता की तहरीर पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने युवक के दोस्त श्रेयस मंमगाई और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, केवल विहार, सहस्त्रधारा रोड निवासी नदीम अंसारी ने 9 नवंबर को कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 8 नवंबर को उनके बेटे अर्श अंसारी के दोस्त श्रेयस मंमगाई निवासी नेहरू कॉलोनी ने दिवाली मनाने के लिए अर्श को अपने घर बुलाया था।

रात में जब उन्होंने फोन कर बेटे के बारे में जानकारी ली तो उन्हें बताया गया कि अर्श सुबह घर आ जाएगा। वादी के अनुसार, अगली सुबह श्रेयस की मां का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनका बेटा मोर्चरी में मृत अवस्था में पड़ा है। परिजन जब मोर्चरी पहुंचे तो अर्श के शरीर पर चोट और चाकू से वार के निशान पाए गए। इसके बाद पिता ने श्रेयस और उसके दोस्तों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कोतवाली डालनवाला में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।









