Home Blog Page 5

वन्यजीवों के हमलों से बढ़ती मौतों पर फूटा आक्रोश, हरीश पनेरू के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रदर्शन

  • वन विभाग कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
  • मृतकों के परिजनों से किए गए वादे पूरे करने और हमलों पर रोक लगाने के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम

हल्द्वानी। भीमताल विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में वन्यजीवों के हमलों से हो रही मौतों और लोगों के घायल होने की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को कांग्रेस नेता हरीश पनेरू के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों और क्षेत्रीय लोगों ने वन विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान वन संरक्षक नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर मृतकों के परिजनों से किए गए वादों को पूरा करने और भविष्य में वन्यजीवों के हमलों को रोकने के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया कि पिछले वर्षों में बाघ के हमलों से भीमताल विधानसभा क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा सांप, भालू और सूअर जैसे वन्यजीवों के हमलों में भी लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और कई लोग घायल हुए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार और वन विभाग इन घटनाओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिसके चलते हर साल इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वन्यजीवों के हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। जंगली जानवरों द्वारा किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने मृतकों के परिजनों से किए गए वादों को तत्काल पूरा करने, प्रभावित परिवारों को राहत देने और आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। हरीश पनेरू और क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और वन्यजीवों के हमलों व किसानों के नुकसान को रोकने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

गोला बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर मौत

  • इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने सुबह 9:30 बजे हुआ हादसा
  • मृतक की पहचान शक्तिफार्म निवासी प्रदीप हलदार के रूप में हुई

हल्द्वानी। कोतवाली बनभूलपुरा क्षेत्र के गोला बाईपास रोड पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने सुबह करीब 9:30 बजे एक स्कॉर्पियो कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, बाइक संख्या UK 06 BK 0927 का चालक गोला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर जाने के लिए अपना वाहन मोड़ रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पैर का पंजा भी शरीर से अलग हो गया। 

दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक की पहचान प्रदीप हलदार पुत्र अनंत हलदार निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को एंबुलेंस के माध्यम से भेज दिया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से नकदी और अन्य जरूरी सामान भी मिला। गौरतलब है कि गोला बाईपास रोड पर पिछले दिन भी सड़क दुर्घटना हुई थी। लगातार हो रहे हादसों ने इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

गोला पार्किंग के सामने कार और ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत, छह साल के बच्चे समेत चार घायल

  • हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार
  • घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया
  • बनभूलपुरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

हल्द्वानी। बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र में गोला बाईपास रोड स्थित गोला पार्किंग के सामने रविवार सुबह कार और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत चार लोग घायल हो गए, जिनमें छह और 13 वर्ष के दो बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। जानकारी के अनुसार, घटना 15 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे की है। कार संख्या UK 04 K 3159 और ई-रिक्शा संख्या UK 04 TB 5536 दोनों गोला पुल से नीचे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोला पार्किंग के सामने दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू की। ई-रिक्शा में चालक पूरन जोशी (26) पुत्र गंगादत्त जोशी निवासी पूर्वी खेड़ा, गौलापार, विद्या पलड़िया (58) पत्नी गंगादत्त पलड़िया निवासी अमृतपुर तथा भावेश (13) और वेद (6) पुत्र जगदीश चंद्र निवासी पूर्वी खेड़ा, गौलापार सवार थे। हादसे में चारों घायल हो गए। पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार कार चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में प्रशासन का एक्शन, कटघरिया का त्रिशूल होटल सील

  • बिना अनुमति संचालित हो रहा था होटल
  • सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम ने पुलिस व प्राधिकरण की टीम के साथ की कार्रवाई

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटघरिया स्थित त्रिशूल होटल को सील कर दिया। शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और एसडीएम मोनिका के नेतृत्व में पुलिस, प्रशासन और प्राधिकरण की संयुक्त टीम होटल पहुंची और सीलिंग की कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार छात्र नेता समेत चार आरोपियों पर इसी होटल में वारदात को अंजाम देने का आरोप है। जांच में होटल बिना अनुमति संचालित पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस ने छात्र नेता धीरज बिष्ट समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद अब प्रशासन ने भी होटल के संचालन से संबंधित अनियमितताओं पर कदम उठाया है।

हल्द्वानी में गर्भवती महिला की मौत पर PSP अस्पताल के बाहर धरना, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

  • तीन दिन पहले कराया गया था भर्ती
  • 13 नवंबर की रात हुई 22 वर्षीय अर्शदीप कौर की मौत
  • इलाज में लापरवाही का आरोप

हल्द्वानी। PSP अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। 22 वर्षीय अर्शदीप कौर की मौत के बाद शनिवार को परिजनों ने अस्पताल के बाहर धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, मृतका अर्शदीप कौर पत्नी तलविंदर सिंह, ग्राम सीतापुर, गौलापार दानीबंगर की निवासी थी। 

परिजनों के मुताबिक, महिला को 11 नवंबर को PSP अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 13 नवंबर की रात उसकी मृत्यु हो गई। मृतका की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और वह गर्भवती थी। धरना-प्रदर्शन के दौरान परिजनों के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप भुल्लर भी मौजूद रहे। उन्होंने परिजनों की मांगों का समर्थन किया। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। महिला की मौत के वास्तविक कारणों और उपचार में लापरवाही के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हल्द्वानी में नाबालिग छात्रा से दुराचार के आरोपों पर अभाविप सख्त, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग

  • प्रदेश मंत्री यशवंत पवार बोले—पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता करेगा संगठन
  • छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामले को बताया अत्यंत गंभीर

हल्द्वानी। शहर में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुराचार की गंभीर घटना के आरोप सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। परिषद ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि पीड़िता को जल्द न्याय मिलना चाहिए और छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा से जुड़े ऐसे मामलों को पूरी गंभीरता से लिया जाना आवश्यक है।

अभाविप उत्तराखंड के प्रदेश मंत्री यशवंत पवार ने कहा कि संगठन इस गंभीर प्रकरण में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़िता को त्वरित न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि अभाविप छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से देख रही है। परिषद ने स्पष्ट किया कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए संगठन हरसंभव प्रयास करेगा।

रुद्रपुर जिला अस्पताल हत्याकांड: 12 घंटे में मुख्य आरोपी विकास कुमार मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, अब तक तीन आरोपी दबोचे

  • जगतपुरा में दो टेलीकॉम संचालकों के बीच विवाद के बाद जिला अस्पताल परिसर में हुई थी मारपीट
  • सीने पर नुकीली वस्तु से हमले में नितेश उर्फ राज जौहरी की हुई थी मौत
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

रुद्रपुर। जगतपुरा हत्याकांड में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसएसपी अजय गणपति के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए तत्काल टीमें गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जिला अस्पताल रुद्रपुर परिसर में दोबारा मारपीट हुई। इसी दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में वादी दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट से वैज्ञानिक निरीक्षण कराया तथा मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए गए। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद मुख्य आरोपी विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार और विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार, तीनों निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलभट्टा, दिनेशपुर और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि संकलित साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दुष्कर्म मामला: पुलिस का त्वरित एक्शन, छह घंटे के भीतर चारों नामजद आरोपी गिरफ्तार

  • नाबालिग को बहला-फुसलाकर होटल ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप
  • एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित टीम ने की कार्रवाई
  • आरोपी कथित तौर पर ITI गैंग से जुड़े

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों नामजद आरोपियों को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नाबालिग को डराने-धमकाने और बहला-फुसलाकर होटल ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। गिरफ्तार किए गए चारों युवक शहर में चर्चित बताए जा रहे ITI गैंग के सदस्य हैं। नैनीताल पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में देर रात पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में तहरीर दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि चार युवकों ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर और डराकर होटल ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।  पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी कथित तौर पर शहर में सक्रिय ITI गैंग से जुड़े हुए हैं। मामले की कार्रवाई की एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं निगरानी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिगों और महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना कर रही है। नाबालिग पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।

हल्द्वानी में नाबालिग से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज, चार युवकों पर नामजद आरोप, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित

  • कटघरिया के एक होटल में वारदात का आरोप
  •   परिजनों की शिकायत पर मुखानी थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
  • एसपी सिटी बोले- महिला दरोगा को सौंपी गई विवेचना, होटल संचालक पर भी होगी कार्रवाई

हल्द्वानी। हल्द्वानी में नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर मुखानी कोतवाली पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि कटघरिया क्षेत्र स्थित एक होटल में देर रात नाबालिग के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई। मामले में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। बताया जा रहा है कि नामजद आरोपियों में एक युवक ABVP से जुड़ा छात्रसंघ अध्यक्ष पद का प्रत्याशी भी है।

एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने बताया कि मुखानी कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को नामजद किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस होटल में कथित वारदात हुई, उसके संचालक के खिलाफ भी जांच की जाएगी। यदि बिना पहचान सत्यापन के किसी को कमरा उपलब्ध कराने की बात सामने आती है तो होटल संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। नाबालिग से जुड़े मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

हल्द्वानी के निजी अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

  • मौत के बाद अस्पताल में परिजनों का आक्रोश, कार्रवाई की मांग
  • CMO डॉ. रश्मि पंत ने 24 से 48 घंटे में अस्पताल से मांगी रिपोर्ट, मातृ मृत्यु की होगी विस्तृत ऑडिट

हल्द्वानी। हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और संबंधित अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी संज्ञान लेते हुए मातृ मृत्यु की जांच और विस्तृत ऑडिट की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि एक निजी अस्पताल में एक महिला की मृत्यु होने की जानकारी उनके संज्ञान में आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक महिला गर्भवती थी और गोलापार क्षेत्र की रहने वाली थी। उन्होंने कहा कि मातृ मृत्यु के प्रत्येक मामले में स्वास्थ्य विभाग को मैटरनल डेथ सर्विलांस एंड रिस्पॉन्स (MDSR) के तहत रिपोर्टिंग और समीक्षा करनी होती है। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन को तत्काल पत्र भेजकर निर्देश दिए गए हैं कि यदि यह मातृ मृत्यु का मामला है तो निर्धारित प्रारूप में 24 से 48 घंटे के भीतर पूरी रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। रिपोर्ट में मृत्यु के कारणों और इलाज के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया का विवरण मांगा गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

उन्होंने बताया कि गोलापार क्षेत्र मोटाहल्दू के अंतर्गत आता है। वहां के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (MOIC) की टीम को महिला के घर जाकर सामुदायिक स्तर पर आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। टीम एक सप्ताह बाद महिला के परिवार और आसपास के स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं का जायजा लेगी। इसके तहत यह भी देखा जाएगा कि गर्भावस्था के दौरान महिला को नियमित जांच, टीकाकरण, कैल्शियम और फोलिक एसिड जैसी जरूरी सुविधाएं मिली थीं या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि गर्भावस्था को हाई रिस्क श्रेणी में चिह्नित किया गया था या नहीं और स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्धारित सेवाएं उपलब्ध कराई गई थीं या नहीं। डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि अस्पताल की रिपोर्ट और सामुदायिक स्तर पर होने वाले आकलन के आधार पर मृत्यु के कारणों का विश्लेषण किया जाएगा। यह भी पता लगाया जाएगा कि कहीं स्वास्थ्य सेवाओं, जांच या उपचार के स्तर पर कोई कमी तो नहीं रही। उन्होंने बताया कि पहले उनकी अध्यक्षता में मातृ मृत्यु की समीक्षा की जाएगी और इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में भी ऑडिट कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की सख्त निगरानी की बात कही है। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों और इलाज में किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, इसका खुलासा जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।