हल्द्वानी के निजी अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

  • मौत के बाद अस्पताल में परिजनों का आक्रोश, कार्रवाई की मांग
  • CMO डॉ. रश्मि पंत ने 24 से 48 घंटे में अस्पताल से मांगी रिपोर्ट, मातृ मृत्यु की होगी विस्तृत ऑडिट

हल्द्वानी। हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और संबंधित अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी संज्ञान लेते हुए मातृ मृत्यु की जांच और विस्तृत ऑडिट की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि एक निजी अस्पताल में एक महिला की मृत्यु होने की जानकारी उनके संज्ञान में आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक महिला गर्भवती थी और गोलापार क्षेत्र की रहने वाली थी। उन्होंने कहा कि मातृ मृत्यु के प्रत्येक मामले में स्वास्थ्य विभाग को मैटरनल डेथ सर्विलांस एंड रिस्पॉन्स (MDSR) के तहत रिपोर्टिंग और समीक्षा करनी होती है। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन को तत्काल पत्र भेजकर निर्देश दिए गए हैं कि यदि यह मातृ मृत्यु का मामला है तो निर्धारित प्रारूप में 24 से 48 घंटे के भीतर पूरी रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। रिपोर्ट में मृत्यु के कारणों और इलाज के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया का विवरण मांगा गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

हल्द्वानी के निजी अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

उन्होंने बताया कि गोलापार क्षेत्र मोटाहल्दू के अंतर्गत आता है। वहां के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (MOIC) की टीम को महिला के घर जाकर सामुदायिक स्तर पर आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। टीम एक सप्ताह बाद महिला के परिवार और आसपास के स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं का जायजा लेगी। इसके तहत यह भी देखा जाएगा कि गर्भावस्था के दौरान महिला को नियमित जांच, टीकाकरण, कैल्शियम और फोलिक एसिड जैसी जरूरी सुविधाएं मिली थीं या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि गर्भावस्था को हाई रिस्क श्रेणी में चिह्नित किया गया था या नहीं और स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्धारित सेवाएं उपलब्ध कराई गई थीं या नहीं। डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि अस्पताल की रिपोर्ट और सामुदायिक स्तर पर होने वाले आकलन के आधार पर मृत्यु के कारणों का विश्लेषण किया जाएगा। यह भी पता लगाया जाएगा कि कहीं स्वास्थ्य सेवाओं, जांच या उपचार के स्तर पर कोई कमी तो नहीं रही। उन्होंने बताया कि पहले उनकी अध्यक्षता में मातृ मृत्यु की समीक्षा की जाएगी और इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में भी ऑडिट कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की सख्त निगरानी की बात कही है। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों और इलाज में किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, इसका खुलासा जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Advertisement

Read more

Local News