दुष्कर्म मामला: पुलिस का त्वरित एक्शन, छह घंटे के भीतर चारों नामजद आरोपी गिरफ्तार

  • नाबालिग को बहला-फुसलाकर होटल ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप
  • एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित टीम ने की कार्रवाई
  • आरोपी कथित तौर पर ITI गैंग से जुड़े

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों नामजद आरोपियों को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नाबालिग को डराने-धमकाने और बहला-फुसलाकर होटल ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। गिरफ्तार किए गए चारों युवक शहर में चर्चित बताए जा रहे ITI गैंग के सदस्य हैं। नैनीताल पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में देर रात पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में तहरीर दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि चार युवकों ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर और डराकर होटल ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

दुष्कर्म मामला: पुलिस का त्वरित एक्शन, छह घंटे के भीतर चारों नामजद आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।  पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी कथित तौर पर शहर में सक्रिय ITI गैंग से जुड़े हुए हैं। मामले की कार्रवाई की एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं निगरानी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिगों और महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना कर रही है। नाबालिग पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।

Advertisement

Read more

Local News