- हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार
- घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया
- बनभूलपुरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
हल्द्वानी। बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र में गोला बाईपास रोड स्थित गोला पार्किंग के सामने रविवार सुबह कार और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत चार लोग घायल हो गए, जिनमें छह और 13 वर्ष के दो बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। जानकारी के अनुसार, घटना 15 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे की है। कार संख्या UK 04 K 3159 और ई-रिक्शा संख्या UK 04 TB 5536 दोनों गोला पुल से नीचे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोला पार्किंग के सामने दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू की। ई-रिक्शा में चालक पूरन जोशी (26) पुत्र गंगादत्त जोशी निवासी पूर्वी खेड़ा, गौलापार, विद्या पलड़िया (58) पत्नी गंगादत्त पलड़िया निवासी अमृतपुर तथा भावेश (13) और वेद (6) पुत्र जगदीश चंद्र निवासी पूर्वी खेड़ा, गौलापार सवार थे। हादसे में चारों घायल हो गए। पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार कार चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

