Home Blog Page 4

PSP अस्पताल प्रकरण: चिकित्सकों के साथ हिंसा पर IMA सख्त, कहा- डॉक्टरों की सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं

  • गर्भवती महिला की मौत के बाद अस्पताल में हुई घटना पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने जताया आक्रोश
  • चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा पर जीरो टॉलरेंस की मांग

हल्द्वानी। PSP अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत के बाद चिकित्सकों के साथ हुई हिंसा की घटना को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) हल्द्वानी ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसोसिएशन ने घटना पर गहरा क्षोभ और आक्रोश व्यक्त करते हुए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा की कड़े शब्दों में निंदा की। IMA ने स्पष्ट किया कि डॉक्टरों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जा सकता। एसोसिएशन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के विरुद्ध हिंसक घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य हैं। ऐसी घटनाओं से न केवल चिकित्सा पेशे से जुड़े लोगों की गरिमा और सुरक्षा प्रभावित होती है, बल्कि पूरी स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था के सामने भी गंभीर चुनौती खड़ी होती है।

IMA पदाधिकारियों ने कहा कि चिकित्सकों के खिलाफ किसी भी प्रकार की हिंसा को लेकर संगठन की नीति शून्य सहिष्णुता की है। इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। संगठन ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित कार्यस्थल उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इससे पहले 17 नवंबर को शाम 4:30 बजे IMA भवन, हल्द्वानी में आपातकालीन आम सभा (GBM) आयोजित की गई, जिसमें PSP अस्पताल की घटना और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। इसके बाद प्रेस वार्ता के माध्यम से एसोसिएशन ने अपना पक्ष रखा। संगठन की ओर से संरक्षक डॉ. एनएस भट्ट, अध्यक्ष डॉ. पंकज महेश और सचिव डॉ. दीपक अग्रवाल सहित कार्यकारिणी सदस्यों ने चिकित्सकों की सुरक्षा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

गोला नदी में खनन शुरू होने की जगी उम्मीद, दो-तीन दिन में प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी

  • सीमांकन का काम लगभग पूरा, खनन मार्ग भी तैयार
  • वन विभाग और निगम मिलकर गेट खोलने की कार्रवाई में जुटे

हल्द्वानी। गौला नदी में खनन शुरू होने का इंतजार कर रहे वाहन स्वामियों और खनन कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर है। वन विभाग ने खनन की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सीमांकन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और खनन के लिए बनाए जाने वाले रास्तों का काम भी पूरा कर लिया गया है। विभाग अब गेट खोलने की तैयारी में जुटा है। अधिकारियों के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों के भीतर खनन शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है।

तराई पूर्वी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी आईएफएस राहुल मिश्रा ने बताया कि गौला नदी में खनन की तैयारियों के तहत सीमांकन का कार्य शुरू कराया गया था, जो लगभग पूरा हो चुका है। खनन क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए आवश्यक रास्ते भी तैयार कर दिए गए हैं। अब गेट खोलने की प्रक्रिया शेष है, जिसके लिए संबंधित निगम के साथ मिलकर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गेट खोलने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने के लिए कार्रवाई गतिमान है। विभाग की कोशिश है कि अगले दो-तीन दिनों के भीतर खनन शुरू करने की प्रक्रिया में आगे बढ़ा जाए।

हल्द्वानी में 64.80 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, बुलंदशहर से लाया था नशे की खेप

  • मंडी क्षेत्र में PWD गेट के पास SOG और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
  • 216 ग्राम स्मैक बरामद, आरोपी हिमाचल प्रदेश में भी NDPS मामले में जा चुका है जेल

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हल्द्वानी में एक आरोपी को 216 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत पुलिस ने करीब 64 लाख 80 हजार रुपये आंकी है। एसओजी और कोतवाली हल्द्वानी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई मंडी क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी गेट के पास चेकिंग के दौरान की। पुलिस के अनुसार, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में नशे की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता तथा एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। 16 नवंबर को मंडी क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी गेट के पास संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश कुमार (30) पुत्र ईश्वरी प्रसाद, निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का काम करता है और पैसों के लालच में अपने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर लाया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हिमाचल प्रदेश में भी एनडीपीएस के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, टीपी नगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार और एसओजी के हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा तथा भानू ओली शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

भीषण बस हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्री बस, 8 की मौत, 26 घायल

  • हरिद्वार से चमोली जा रही बस गूलर पुल के पास हुई दुर्घटनाग्रस्त
  • SDRF ने दुर्गम रास्ते से रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया

टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जनपद में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गूलर बाजार के समीप हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गूलर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। एसडीआरएफ के अनुसार, हादसा 17 नवंबर 2026 को सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। बस संख्या UK09PA-9779 हरिद्वार से चमोली की ओर जा रही थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ब्यासी स्थित एसडीआरएफ पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम मौके के लिए रवाना हुई और पहुंचते ही रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की ढालवाला पोस्ट और वाहिनी मुख्यालय से अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गईं। निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में जवानों ने दुर्गम भूभाग और विषम परिस्थितियों के बीच बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान 26 घायलों को स्ट्रेचर की मदद से कठिन रास्ते से सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से एंबुलेंस के जरिए उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना में जान गंवाने वाले आठ लोगों के शव भी एसडीआरएफ जवानों ने बस से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाए। इसके बाद शवों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। बचाव दलों ने घटनास्थल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, प्रशासन, अन्य राहत एजेंसियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों से बचाव अभियान पूरा किया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने गौशालाओं और ट्रंचिंग ग्राउंड का किया निरीक्षण, कचरा निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश

  • गंगापुर कबडाल स्थित निर्माणाधीन गौशाला का लिया जायजा
  • ट्रंचिंग ग्राउंड में लीगेसी वेस्ट के जल्द निस्तारण और ताजे कचरे के प्रबंधन पर दिया जोर

हल्द्वानी। नगर निगम की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और स्वच्छता कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त आईएएस आशिमा गोयल ने सोमवार को शहर की दोनों गौशालाओं, ट्रंचिंग ग्राउंड और एमआरएफ सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन गौशाला के कार्यों का जायजा लेने के साथ ही कूड़ा निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी कंपनी के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने सबसे पहले गंगापुर कबडाल स्थित गौशाला में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने ट्रंचिंग ग्राउंड पहुंचकर वहां कूड़ा निस्तारण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यरत कंपनी के कार्मिकों को निर्देश दिए कि लीगेसी वेस्ट के निस्तारण का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। साथ ही प्रतिदिन एकत्रित होने वाले फ्रेश वेस्ट के उचित प्रबंधन और निस्तारण में भी तेजी लाई जाए।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने और कचरे के व्यवस्थित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि कार्यों में लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए।

हरिद्वार में अवैध असलहा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में बदमाश को लगी गोली

  • बहादराबाद पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा
  • पांच पिस्टल, एक तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद
  • पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद गन्ने के खेत में हुई मुठभेड़

हरिद्वार। जनपद में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के खिलाफ बहादराबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई पुलिस कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर पांच अवैध .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में बहादराबाद पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ लोग बौंगला तिराहे पर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक व्यक्ति पैदल और दो लोग मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया, जबकि मुकुल पाल भागकर गन्ने के खेत में घुस गया।

पुलिस का दावा है कि पीछा करने पर मुकुल पाल ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद दोबारा गोली चलाने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लगी। तलाशी में मुकुल के पास से दो .32 बोर पिस्टल और एक मोबाइल फोन, जबकि भूपेन्द्र के कब्जे से .315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। वहीं, विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाई गई दो पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने 16 नवंबर की रात ग्राम बडैड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान चौथे आरोपी प्रशांत कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस मिले। इस तरह पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कथित असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है।

कार्रवाई में दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल पाल निवासी ग्राम बमौरी, थाना सरधना, मेरठ, भूपेन्द्र निवासी ग्राम मंसूरपुर जोहरा, मुजफ्फरनगर, विशाल कुमार निवासी बहादराबाद और प्रशांत कुमार निवासी दादूपुर गोविंदपुर, रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकुल पाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 तथा अन्य तीन आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई में बहादराबाद पुलिस के साथ सीआईयू रुड़की की टीम भी शामिल रही। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।

कंगना रनौत के पुराने वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ प्रसारित करने पर मुकदमा दर्ज

  • करवा चौथ के व्रत से जोड़कर सोशल मीडिया पर किया जा रहा था वीडियो वायरल
  • भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री की शिकायत पर राजपुर थाने में कार्रवाई

देहरादून। भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को कथित रूप से झूठे और भ्रामक तथ्यों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में देहरादून पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वीडियो को करवा चौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु के लिए व्रत रखने से जोड़कर वायरल किए जाने की शिकायत की गई थी। पुलिस ने अज्ञात सोशल मीडिया आईडी संचालकों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने थाना राजपुर में लिखित शिकायत दी।  उन्होंने बताया कि सांसद कंगना रनौत का राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर भ्रामक कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियों के साथ प्रसारित किया जा रहा है। 

आरोप है कि वीडियो को 29 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए करवा चौथ का वैवाहिक व्रत रखने जैसी भ्रामक जानकारी से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है। शिकायत में कहा गया कि इस तरह वीडियो को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर सांसद की गरिमा और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ महिलाओं के सम्मान तथा धार्मिक भावनाओं को भी आहत किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विवेचना प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को सौंपी गई है। पुलिस संबंधित सोशल मीडिया आईडी और वीडियो प्रसारित करने वालों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण बर्दाश्त नहीं : सुमित हृदयेश

  • कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ निकाला विरोध मार्च
  • राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और महिला सुरक्षा की उठाई मांग

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग बालिका से सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर आरोपों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को विधायक सुमित हृदयेश और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि मामले में भाजपा और एबीवीपी से जुड़े लोगों के नाम सामने आना बेहद चिंताजनक है। किसी भी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिलना या जांच प्रभावित करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा देने, मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने तथा दोष सिद्ध होने पर आरोपियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की।

महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकार को महिला सुरक्षा के दावों से आगे बढ़कर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने भी मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में महिला अपराधों पर अंकुश लगाने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, महिला हेल्पलाइन को प्रभावी बनाने और पीड़ित परिवारों को धमकी व दबाव से सुरक्षा देने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि पीड़िता को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन में हेमंत बगड़वाल, हरीश पनेरू, मलय बिष्ट, सुहैल सिद्दीकी, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, जाकिर हुसैन, मेहुल साह, सालिम सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खस्ताहाल सड़क को लेकर लोक निर्माण विभाग कार्यालय पर धरना, अधिकारियों से हुई तीखी नोकझोंक

  • लाइन नंबर-17 आजाद नगर की सड़क लंबे समय से बदहाल
  • सामाजिक कार्यकर्ता उवैस राजा ने क्षेत्रीय लोगों के साथ उठाई निर्माण की मांग

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों को लेकर सोमवार को लोगों का आक्रोश सामने आया। सामाजिक कार्यकर्ता उवैस राजा के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोगों ने तिकोनिया स्थित लोक निर्माण विभाग के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लाइन नंबर-17 आजाद नगर की टूटी सड़क का निर्माण जल्द कराने की मांग उठाई। इस दौरान विभागीय अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

उवैस राजा ने कहा कि लाइन नंबर-17 आजाद नगर की सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद क्षेत्र की इस सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है। सड़क की बदहाली से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हरीश चंद्र जोशी ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की और उनकी मांगों को सुना। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क का निर्माण जल्द शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिल सके।

नाबालिग से दुष्कर्म का मामला गरमाया, महिला कांग्रेस ने मुखानी कोतवाली में दिया धरना

  • प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
  • पीड़ित परिवार को धमकाने और दबाव बनाने का लगाया आरोप

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले को लेकर सियासत गरमा गई है। घटना के विरोध में सोमवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला महिला कार्यकर्ताओं के साथ मुखानी कोतवाली पहुंचीं और कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गईं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि पीड़िता के परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर मामले में पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए, न कि उसे डराने या दबाव में लेने की कोशिश होनी चाहिए। महिला कांग्रेस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को भी पकड़ने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने, घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाने और किसी भी दोषी को बचने नहीं देने की मांग की। धरने पर बैठीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि पीड़िता को न्याय मिलने और परिवार को सुरक्षा सुनिश्चित होने तक उनकी आवाज उठती रहेगी।