Home Blog Page 3

1.80 करोड़ के लोन के बदले 9 लाख की रिश्वत! बैंक ऑफ बड़ौदा का मैनेजर और दो एजेंट गिरफ्तार

  • सीबीआई ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक एजेंट को रंगे हाथ पकड़ा
  • लोन पास कराने के नाम पर मांगी गई थी 5 फीसदी कमीशन की रकम

देहरादून। बैंक से 1.80 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत और वितरित कराने के बदले नौ लाख रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के शाखा प्रबंधक और दो डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (डीएसए) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने लोन की रकम का पांच प्रतिशत बतौर रिश्वत मांगा था।सीबीआई के अनुसार, इस मामले में 18 नवंबर 2026 को शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बैंक की इंदिरा नगर शाखा में 1.80 करोड़ रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि लोन स्वीकृत कराने और राशि जारी कराने के एवज में आरोपियों ने नौ लाख रुपये की मांग की थी। इसमें से 2.50 लाख रुपये पहले ही नकद लिए जा चुके थे, जबकि शेष 6.50 लाख रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था।

सीबीआई के मुताबिक, आरोपियों के कहने पर शिकायतकर्ता ने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक दिए थे और शेष 50 हजार रुपये नकद देने की बात कही थी। 18 नवंबर को सीबीआई ने जाल बिछाकर एक डीएसए को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद बैंक शाखा प्रबंधक और एक अन्य डीएसए को भी मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया। सीबीआई ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के आवासीय परिसरों पर तलाशी लेकर आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी भी जब्त की है। तीनों आरोपियों को देहरादून स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस कस्टडी रिमांड के आवेदन पर 23 नवंबर को सुनवाई होगी। मामले में सीबीआई की आगे की जांच जारी है।

सीएम धामी के खिलाफ कथित धमकी भरी टिप्पणी पर भाजयुमो आक्रामक, विधायक हरीश धामी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

  • भाजयुमो नैनीताल ने एसएसपी को सौंपी तहरीर
  • जौलजीबी मेले में की गई टिप्पणियों को बताया आपत्तिजनक

हल्द्वानी। जौलजीबी मेले के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ धारचूला विधायक हरीश धामी की कथित अभद्र और धमकी भरी टिप्पणियों को लेकर सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला नैनीताल ने इस मामले में विरोध जताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को तहरीर सौंपी और विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। भाजयुमो जिलाध्यक्ष चंदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में तथा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी की मौजूदगी में संगठन के पदाधिकारी एसएसपी कार्यालय पहुंचे। 

युवा मोर्चा नेताओं ने आरोप लगाया कि जौलजीबी मेले के दौरान विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री के प्रति आपत्तिजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने पुलिस से मामले का संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान जिला महामंत्री कनिष्क ढींगरा, जिला उपाध्यक्ष रक्षित तिवारी, जिला मंत्री करण श्रीवास्तव, हर्ष राजौर, तुषार जुनेजा, रजत नेगी, बिमल कांडपाल, पंकज कोरंगा और रोहन चौधरी सहित युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हल्द्वानी में सफाई व्यवस्था की पोल खुली, औचक निरीक्षण में कई कर्मचारी और सफाई नायक मिले गायब

  • नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने पांच टीमों के साथ 15 वार्डों में की जांच
  • अनुपस्थित कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

हल्द्वानी। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने गुरुवार सुबह बड़े स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। नगर आयुक्त आशिमा गोयल के नेतृत्व में पांच अलग-अलग टीमों ने 15 वार्डों में सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। इस दौरान कई सफाई कर्मचारी और सफाई नायक अपने निर्धारित कार्यस्थलों से अनुपस्थित मिले, जिस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। 

नगर आयुक्त ने स्वयं वार्ड संख्या 3, 4 और 6 का निरीक्षण किया, जबकि निगम के अन्य अधिकारियों की चार टीमों ने वार्ड 11, 17, 18, 25, 26, 27, 34, 36, 37, 57, 58 और 60 में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।  निरीक्षण में मिली अनियमितताओं पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी सफाई कर्मचारियों और सफाई नायकों को निर्धारित समय पर कार्यस्थल पर उपस्थित होकर पूरी कार्यावधि में जिम्मेदारी निभानी होगी। समयबद्ध उपस्थिति दर्ज करना भी अनिवार्य होगा। नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही सफाई व्यवस्था में जवाबदेही तय करने के लिए आगे भी औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का आरोप: उद्योगपति से पांच करोड़ नकद, चार प्लॉट और वाहन हड़पने की शिकायत

  • महिला समेत छह लोगों पर धमकी देकर करोड़ों की वसूली का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
  • एसपी सिटी बोले—जांच के आधार पर होगी कार्रवाई

हल्द्वानी। शहर के एक प्रतिष्ठित उद्योगपति ने महिला समेत छह लोगों पर हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग और रंगदारी के जरिए करोड़ों रुपये तथा संपत्ति हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित सुभाष चंद्र गुप्ता की शिकायत पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में करीब दो करोड़ रुपये बाजारू कीमत के चार प्लॉट, पांच करोड़ रुपये नकद व ऑनलाइन भुगतान के अलावा एक कार और स्कूटी लेने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित का आरोप है कि वर्ष 2015 में ज्योति सिंह से उसकी जान-पहचान हुई थी। बाद में कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के नाम पर उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा। 

शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 से दोबारा धमकाकर रकम और संपत्ति की मांग की गई। पीड़ित ने ज्योति सिंह के साथ मोहम्मद मुश्ताक और चार अन्य लोगों के इस कथित वसूली प्रकरण में शामिल होने का आरोप लगाया है। साथ ही झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही है। एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने बताया कि सुभाष चंद्र गुप्ता की तहरीर पर ब्लैकमेलिंग और रंगदारी से संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। वादी ने अपनी शिकायत में महिला को पांच करोड़ रुपये नकद, करीब दो करोड़ रुपये की संपत्ति और एक कार देने की बात कही है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान तेज, 251 वाहनों के चालान, 10 सीज

  • स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बसों की भी हुई जांच
  • 20 बसों का निरीक्षण कर चार के चालान
  • सात चालकों के डीएल निरस्तीकरण की कार्रवाई

हल्द्वानी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस ने जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। 16 नवंबर से चल रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत पुलिस ने अब तक 251 वाहनों के चालान किए हैं, जबकि नियमों के उल्लंघन पर 10 वाहनों को सीज किया गया है। इसके साथ ही सात वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस ने 20 स्कूल बसों की जांच की, जिनमें अनियमितताएं मिलने पर चार बसों के चालान किए गए। 

अभियान के दौरान कुल 33 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला गया। चेकिंग के दौरान पुलिस स्कूल बसों, वैन, कैब और यात्री वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता जांच रही है। इसके अलावा वाहनों की निर्धारित क्षमता, आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक चिकित्सा किट और अन्य अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी परखी जा रही है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को अभियान गंभीरता से जारी रखने तथा स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों और संचालकों से आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।

रेलवे प्रकरण में आज नहीं हो सकी सुनवाई, अब 19 नवंबर को मामला सूचिबद्ध

  • अब्दुल मतीन सिद्दीकी बनाम भारत संघ मामले को मुख्य न्यायाधीश की पीठ के समक्ष किया गया सूचीबद्ध

हल्द्वानी। रेलवे प्रकरण से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को प्रस्तावित सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले को 19 नवंबर 2026 को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है। केस की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के समक्ष होगी।

मामला अब्दुल मतीन सिद्दीकी बनाम भारत संघ के नाम से दर्ज है। इसकी डायरी संख्या 289/2023 है, जबकि सिविल अपील संख्या 3518/2023 के रूप में यह पंजीकृत है। सुप्रीम कोर्ट की अद्यतन सूची के अनुसार, 19 नवंबर को यह मामला क्रम संख्या 120 पर सूचीबद्ध किया गया है।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह संपन्न, 14,857 विद्यार्थियों को मिली उपाधि

  • राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आठ शोधार्थियों को पीएचडी और 36 मेधावियों को स्वर्ण पदक से किया सम्मानित, अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि

हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि और 36 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के तहत कुल 14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान की गईं। वहीं, प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ तथा भारतीय रेल सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।

समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और NAAC की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय 94 शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के जरिए उच्च शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से शिक्षा को समाज और राष्ट्र की सेवा से जोड़ने तथा विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने का आह्वान किया। उच्च शिक्षा मंत्री ने नई शिक्षा नीति, शोध, नवाचार और रोजगारपरक शिक्षा पर जोर दिया। समारोह में विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन भी किया गया तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं शोध कार्यों के लिए प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया।

18 हजार रुपये मानदेय और स्थायी नौकरी की मांग, भोजनमाताओं का बुद्ध पार्क में दूसरे दिन भी धरना जारी

  • प्रदेशव्यापी दो दिवसीय हड़ताल के तहत तिकोनिया में जुटीं भोजनमाताएं
  • सरकार पर वर्षों से मांगों की अनदेखी करने का लगाया आरोप

हल्द्वानी। न्यूनतम 18 हजार रुपये मानदेय, स्थायी रोजगार और श्रमिक सुविधाओं की मांग को लेकर प्रगतिशील भोजनमाता संगठन, उत्तराखंड के बैनर तले भोजनमाताओं का तिकोनिया स्थित बुद्ध पार्क में चल रहा दो दिवसीय धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदेशव्यापी हड़ताल के तहत धरने पर बैठी महिलाओं ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि वर्षों से सरकारी विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी निभाने के बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय पर काम करना पड़ रहा है। संगठन का कहना है कि भोजनमाताओं को वर्तमान में लगभग तीन हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जाता है, जो महंगाई के दौर में परिवार चलाने के लिए पर्याप्त नहीं है। भोजन बनाने के अलावा उनसे सफाई, बागवानी और चौकीदारी जैसे अतिरिक्त कार्य भी कराए जाते हैं। परीक्षा, प्रशिक्षण, कागजी कार्य और चुनाव ड्यूटी में भी उनकी सेवाएं ली जाती हैं, लेकिन इन अतिरिक्त जिम्मेदारियों के लिए अलग से पारिश्रमिक नहीं दिया जाता। धरने पर बैठी महिलाओं ने कहा कि कई भोजनमाताएं 20 वर्षों या उससे अधिक समय से विद्यालयों में सेवाएं दे रही हैं, लेकिन आज तक उनके रोजगार की कोई स्थायी सुरक्षा नहीं है। 

विद्यालयों के विलय या छात्र संख्या कम होने का हवाला देकर उन्हें काम से हटा दिया जाता है। संगठन ने नियमित अवकाश, बीमारी की छुट्टी और सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई। भोजनमाताओं ने न्यूनतम मानदेय 18 हजार रुपये करने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का दर्जा देने और सभी को स्थायी करने की मांग उठाई। इसके साथ ही साप्ताहिक, आकस्मिक और बीमारी संबंधी अवकाश, पीएफ व ईएसआई की सुविधा, विद्यालय बंद होने या विलय की स्थिति में नजदीकी विद्यालय में समायोजन तथा मानदेय सीधे बैंक खातों में भेजने की मांग की गई। संगठन ने लंबित मानदेय, वर्दी और बोनस का समय पर भुगतान, सुरक्षित रसोई, गैस-पानी की व्यवस्था तथा भेदभाव और उत्पीड़न के मामलों में कार्रवाई की भी मांग रखी।

संगठन ने अक्षयपात्र फाउंडेशन द्वारा तैयार भोजन की व्यवस्था पर रोक लगाने और भोजनमाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिनिधियों के साथ नियमित वार्ता आयोजित करने की मांग भी उठाई। महिलाओं का कहना है कि सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है, लेकिन सरकारी विद्यालयों में वर्षों से काम कर रही भोजनमाताओं को अब तक सम्मानजनक मानदेय और श्रमिक अधिकार नहीं मिल पाए हैं।

उत्तराखंड में IAS अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी

  • शासन के कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग ने जारी किया आदेश
  • अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों के स्थानांतरण और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 की ओर से 17 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को उनकी वर्तमान तैनाती से कार्यमुक्त करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शासनादेश में निर्देश दिए गए हैं कि स्थानांतरित अधिकारी अपने वर्तमान पदभार से तत्काल कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले पद पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद कार्यभार ग्रहण करने से संबंधित आख्या और प्रमाणक कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 को उपलब्ध कराना होगा। यह आदेश अपर सचिव नवनीत पांडे की ओर से जारी किया गया है। शासन के इस फैसले के तहत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालनी होगी।

हल्द्वानी रेलवे प्रकरण: सुप्रीम कोर्ट में 18 नवंबर को सुनवाई, मुख्य न्यायाधीश की पीठ के समक्ष सूचीबद्ध मामला

  • अब्दुल मतीन सिद्दीकी बनाम भारत संघ मामले की सुनवाई तीन न्यायाधीशों की पीठ करेगी
  • 2023 में दायर याचिका से जुड़ा है प्रकरण

हल्द्वानी। हल्द्वानी के रेलवे प्रकरण से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट में 18 नवंबर 2026 को सुनवाई निर्धारित की गई है। यह मामला अब्दुल मतीन सिद्दीकी बनाम भारत संघ के नाम से शीर्ष अदालत में सूचीबद्ध है। सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक केस डिटेल के अनुसार, इस मामले को मुख्य न्यायाधीश और दो अन्य न्यायाधीशों की पीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया गया है।

18 नवंबर की सुनवाई के लिए गठित पीठ में मुख्य न्यायाधीश के साथ न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना शामिल हैं। मामला सूची में क्रम संख्या 118 पर दर्ज है। फिलहाल उपलब्ध केस स्टेटस में सुनवाई की तारीख और पीठ का विवरण दर्ज है। सुनवाई के बाद अदालत में हुई कार्यवाही और किसी संभावित आदेश की जानकारी आधिकारिक अपडेट के आधार पर सामने आएगी।