कंगना रनौत के पुराने वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ प्रसारित करने पर मुकदमा दर्ज

  • करवा चौथ के व्रत से जोड़कर सोशल मीडिया पर किया जा रहा था वीडियो वायरल
  • भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री की शिकायत पर राजपुर थाने में कार्रवाई

देहरादून। भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को कथित रूप से झूठे और भ्रामक तथ्यों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में देहरादून पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वीडियो को करवा चौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु के लिए व्रत रखने से जोड़कर वायरल किए जाने की शिकायत की गई थी। पुलिस ने अज्ञात सोशल मीडिया आईडी संचालकों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने थाना राजपुर में लिखित शिकायत दी।  उन्होंने बताया कि सांसद कंगना रनौत का राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर भ्रामक कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियों के साथ प्रसारित किया जा रहा है। 

कंगना रनौत के पुराने वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ प्रसारित करने पर मुकदमा दर्ज

आरोप है कि वीडियो को 29 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए करवा चौथ का वैवाहिक व्रत रखने जैसी भ्रामक जानकारी से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है। शिकायत में कहा गया कि इस तरह वीडियो को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर सांसद की गरिमा और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ महिलाओं के सम्मान तथा धार्मिक भावनाओं को भी आहत किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विवेचना प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को सौंपी गई है। पुलिस संबंधित सोशल मीडिया आईडी और वीडियो प्रसारित करने वालों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Read more

Local News