- राजपुर के चलांग-कुल्हन क्षेत्र में हुई सनसनीखेज घटना
- गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए मदन राणा ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे ने अपने ही पिता पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, सोमवार 9 नवंबर को कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि सहस्त्रधारा रोड स्थित चलांग-कुल्हन क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने पिता को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है।

सूचना पर राजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया। हालांकि, उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि मदन राणा के 35 वर्षीय बेटे नितिन राणा का किसी बात को लेकर उनसे पारिवारिक विवाद हो गया था।आरोप है कि विवाद के दौरान नितिन ने अपने पिता पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। वहीं, कार्रवाई करते हुए आरोपी नितिन राणा को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









