Home Blog Page 38

सरकारी जमीनों के हस्तांतरण को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला, राहुल छिमवाल बोले- बंद हो जमीनों की बंदरबांट

  • पटवाडांगर, मरचूला और एचएमटी रानीबाग की जमीनों को लेकर उठाए सवाल
  • फैसले वापस नहीं हुए तो सड़क पर उतरने की चेतावनी

हल्द्वानी। सरकारी जमीनों के हस्तांतरण और उपयोग को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। हल्द्वानी में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश की बेशकीमती सरकारी जमीनों को यूआईआईडीबी और सिडकुल के माध्यम से हस्तांतरित कर बड़े उद्योगपतियों और बाहरी लोगों को देने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने सरकार से जमीनों से जुड़े ऐसे फैसलों को वापस लेने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। राहुल छिमवाल ने कहा कि नैनीताल जिले के पटवाडांगर और मरचूला-कॉर्बेट क्षेत्र की जमीनों के साथ ही एचएमटी रानीबाग की जमीन को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी जमीनों को निजी हितों के लिए इस्तेमाल किए जाने की तैयारी की जा रही है और इससे राज्य के हित प्रभावित होंगे।

पटवाडांगर को लेकर सरकारी रिकॉर्ड में UIIDB की ओर से प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट के लिए भूमि आवंटन संबंधी निविदा जारी होने की पुष्टि होती है। आधिकारिक UIIDB वेबसाइट पर इस परियोजना का RFP सूचीबद्ध है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि राज्य की बहुमूल्य जमीनों से जुड़े फैसलों में पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिन जमीनों को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं, उनके हस्तांतरण और आवंटन संबंधी फैसलों की समीक्षा की जाए तथा जनहित के विपरीत किसी भी प्रक्रिया को रोका जाए। छिमवाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जमीनों के मुद्दे को लेकर पार्टी आने वाले दिनों में व्यापक स्तर पर विरोध-प्रदर्शन की रणनीति तैयार करेगी।

पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल स्थगित, मिला आश्वासन

  • एक लाख रुपये मासिक स्टाइपेंड की मांग को लेकर आठ दिन से आंदोलनरत थे डॉक्टर
  • समाधान नहीं हुआ तो फिर शुरू होगा आंदोलन

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल परिसर में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले आठ दिनों से आंदोलन कर रहे पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों ने फिलहाल अपनी हड़ताल दो सप्ताह के लिए स्थगित कर दी है। डॉक्टरों के देहरादून स्थित प्रतिनिधिमंडल की सरकार और स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद उन्हें मांगों पर कार्रवाई के लिए 15 से 20 दिन का आश्वासन मिला है। इसके बाद डॉक्टरों ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया। पीजी रेजिडेंट डॉक्टर लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में जिम्मेदारियों, लगातार बढ़ते कार्यभार और प्रशिक्षण के दौरान होने वाले खर्च को देखते हुए वर्तमान स्टाइपेंड पर्याप्त नहीं है। 

डॉक्टरों की प्रमुख मांग न्यूनतम एक लाख रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड किए जाने की है। इसी मांग को लेकर उन्होंने आठ दिन पहले हड़ताल शुरू की थी। डॉक्टरों के अनुसार देहरादून में प्रतिनिधियों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष उनकी मांगों को रखा। वार्ता के दौरान अधिकारियों की ओर से 15 से 20 दिन के भीतर मामले में समाधान की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। आश्वासन मिलने के बाद पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया है। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि यह हड़ताल स्थायी रूप से समाप्त नहीं की गई है। यदि तय समय सीमा के भीतर उनकी मांगों पर कोई ठोस समाधान नहीं निकलता है, तो वे दोबारा हड़ताल शुरू करने के साथ आगे की रणनीति तय करेंगे। फिलहाल सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिलने वाले निर्णय पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है।

अभियंता दिवस पर सर एम. विश्वेश्वरैया को किया नमन, ईमानदारी और अनुशासन से कर्तव्य निभाने का संकल्प

  • उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी के PIU हल्द्वानी कार्यालय में हुआ आयोजन
  • अभियंताओं ने महान अभियंता के जीवन और कार्यों को किया याद

हल्द्वानी। भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर मंगलवार को उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी के अभियंताओं की ओर से PIU हल्द्वानी कार्यालय के सभागार में अभियंता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभियंताओं ने सर एम. विश्वेश्वरैया के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने और अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह एवं गुरप्रीत देवोल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित अभियंताओं ने भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 

इस दौरान वक्ताओं ने उनके जीवन, कार्यशैली और देश के विकास में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। अभियंताओं ने कहा कि सर एम. विश्वेश्वरैया का जीवन तकनीकी दक्षता, अनुशासन, समर्पण और ईमानदारी की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपने कार्यक्षेत्र में अपनाते हुए जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह एवं गुरप्रीत देवोल के अलावा समस्त सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, अन्य अभियंता एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अभियंता दिवस के महत्व और तकनीकी क्षेत्र में अभियंताओं की भूमिका पर भी चर्चा की गई।

सुशीला तिवारी अस्पताल में जटिल स्पाइनल कॉर्ड ट्यूमर की सफल सर्जरी, दो मरीजों को मिली नई उम्मीद

  • 15 वर्षीय किशोरी और 75 वर्षीय बुजुर्ग के दोनों पैरों की शक्ति थी लगभग शून्य
  • 4 से 6 घंटे चली जटिल सर्जरी के बाद पैरों में दिखा सुधार

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में न्यूरोसर्जरी विभाग ने स्पाइनल कॉर्ड ट्यूमर के दो जटिल मामलों की सफल सर्जरी कर चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। खास बात यह रही कि दोनों मरीज ऑपरेशन से पहले गंभीर न्यूरोलॉजिकल कमजोरी से जूझ रहे थे और उनके दोनों पैरों की शक्ति लगभग शून्य हो चुकी थी। चलने में असमर्थ 15 वर्षीय किशोरी और 75 वर्षीय बुजुर्ग मरीज में सफल सर्जरी के बाद पैरों की शक्ति में सुधार देखने को मिला है। दोनों मरीजों की जांच के दौरान स्पाइनल कॉर्ड में ट्यूमर की पुष्टि हुई थी, जिसके कारण उनकी पैरों की शक्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई थी। न्यूरोसर्जन डॉ. अखिलेश जोशी के नेतृत्व में दोनों मरीजों की जटिल सर्जरी की गई। प्रत्येक ऑपरेशन में करीब चार से छह घंटे का समय लगा। सर्जरी के बाद दोनों मरीजों की न्यूरोलॉजिकल स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया और अब वे पहले की तुलना में बेहतर स्थिति में हैं तथा चलने-फिरने की दिशा में सुधार कर रहे हैं।

डॉ. अखिलेश जोशी ने बताया कि स्पाइनल कॉर्ड ट्यूमर की सर्जरी बेहद संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण होती है। ट्यूमर के आसपास महत्वपूर्ण नसें और स्पाइनल कॉर्ड मौजूद रहते हैं, ऐसे में सर्जरी के दौरान ट्यूमर को सुरक्षित तरीके से निकालने के साथ-साथ स्पाइनल कॉर्ड और नसों को संरक्षित रखना बेहद जरूरी होता है। अस्पताल में हुई इन दोनों जटिल सर्जरी को कुमाऊं क्षेत्र के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे गंभीर न्यूरोसर्जिकल समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों के अस्पतालों का रुख करने की जरूरत कम हो सकती है और क्षेत्र में ही उन्नत न्यूरोसर्जिकल उपचार की सुविधा उपलब्ध होने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। दो अलग उम्र के इन दोनों मरीजों के लिए बीमारी ने चलने की क्षमता लगभग छीन ली थी, लेकिन सफल सर्जरी के बाद अब पैरों की शक्ति में सुधार की शुरुआत हुई है। अस्पताल की न्यूरोसर्जरी टीम की यह उपलब्धि गंभीर स्पाइनल कॉर्ड ट्यूमर से जूझ रहे मरीजों के लिए उपचार की नई उम्मीद लेकर आई है।

नशे के खिलाफ STF की दोहरी कार्रवाई, 1.15 किलो चरस और नशीली दवाएं बरामद

  • पिरान कलियर में मेडिकल स्टोर से 1150 ट्रामाडोल कैप्सूल व 10 कोडीन सिरप बरामद
  • काठगोदाम में चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी/हरिद्वार। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ STF ने लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। पिरान कलियर में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की बिक्री की सूचना पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि काठगोदाम में STF कुमाऊं यूनिट और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1 किलो 150 ग्राम चरस के साथ दो कथित तस्करों को पकड़ा गया। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। STF के अनुसार, 15 सितंबर को पिरान कलियर स्थित मोनी मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई के दौरान 1150 Puroxiwin Spas ट्रामाडोल कैप्सूल और 10 कोडीन कफ सिरप बरामद किए गए। मौके पर मौजूद कुर्बान अली निवासी महमूदपुर और आदिल निवासी मुकरपुर दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज या चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन प्रस्तुत नहीं कर सके। दोनों के खिलाफ थाना कलियर में NDPS Act की धारा 8/22/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं, 16 सितंबर को STF कुमाऊं यूनिट ने थाना काठगोदाम पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चेकिंग के दौरान मनोज चंद्र निवासी पाटी, चम्पावत और संजय चंद्र निवासी अनरपा, पाटी को 1 किलो 150 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। STF के मुताबिक बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पांच लाख रुपये है। आरोपियों के कब्जे से एक स्कूटी भी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चम्पावत क्षेत्र से चरस खरीदकर नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में ऊंचे दामों पर बेचते थे। STF अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। STF ने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

जवाहर नगर में युवक का संदिग्ध हालत में शव मिलने से हड़कंप

  • सुबह सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बनभूलपुरा पुलिस
  • युवक की हालत को लेकर जांच जारी

हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर वार्ड नंबर 14 में बुधवार सुबह एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। जवाहर नगर चौकी के पास एक घर में युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार अमन ठाकुर पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, उत्तर प्रदेश, जवाहर नगर में परवीना पत्नी जगदीश के यहां रह रहा था। बुधवार सुबह करीब 8 बजे बनभूलपुरा कोतवाल दिनेश फर्त्याल को सूचना मिली कि अमन का शव संदिग्ध हालत में घर के अंदर पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही कोतवाल ने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा और स्वयं भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटनास्थल से जुटाए जा रहे साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

डिवाइडर पर चढ़ी रामनगर डिपो की बस

  • हल्द्वानी में बड़ा हादसा टला, बस में सवार यात्रियों और राहगीरों को नहीं आई चोट
  • दुर्घटना के बाद लगा जाम, पुलिस ने खुलवाया

हल्द्वानी। रामनगर से हल्द्वानी आ रही रामनगर डिपो की रोडवेज बस मंगलवार रात करीब 8:45 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस संख्या UK-07-PA-2918 आगे चल रही बाइक को पास लेने के दौरान अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में बस सवार यात्रियों और राहगीरों को किसी तरह की चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस हल्द्वानी की ओर आ रही थी। इसी दौरान कुसुमखेड़ा चौराहे के पास आगे चल रही बाइक को पास देने के प्रयास में बस डिवाइडर पर चढ़ गई। बस के डिवाइडर पर चढ़ते ही मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। दुर्घटना के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित होने से कुछ समय के लिए जाम लग गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए जाम खुलवाया। बस को सड़क से हटाने के लिए क्रेन बुलाने की कार्रवाई की गई। कोतवाली मुखानी के प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी ने बताया कि बस को क्रेन की मदद से हटवाया जा रहा है। प्रथम दृष्टया सड़क चौड़ीकरण के लिए चल रहा निर्माण कार्य दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में किसी के घायल नहीं होने से पुलिस और यात्रियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा रहा है।

एंथे 2026 लॉन्च: छात्रों की क्षमता परखेगा देश का बड़ा टैलेंट हंट एग्जाम

  • 1 करोड़ से अधिक रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा पार कर चुका एंथे, 
  • कक्षा V से XII तक के छात्रों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन परीक्षा
  • NEET और JEE के टॉपर्स की सफलता से भी जुड़ा रहा है एग्जाम

हल्द्वानी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अपनी क्षमता, मजबूत पक्ष और सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों को समय रहते पहचानना बेहद अहम है। इसी उद्देश्य के साथ आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड (एईएसएल) ने आकाश नेशनल टैलेंट हंट एग्जाम (एंथे) 2026 लॉन्च किया है। पिछले 16 वर्षों से आयोजित हो रही यह परीक्षा अब तक 1 करोड़ से अधिक छात्रों के रजिस्ट्रेशन के साथ देश के प्रमुख और लंबे समय से संचालित छात्र मूल्यांकन प्लेटफॉर्म में शामिल हो चुकी है। एंथे को केवल छात्र की रैंक या स्कोर तय करने वाली परीक्षा के बजाय एक डायग्नोस्टिक असेसमेंट के रूप में तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य छात्रों को यह समझने में मदद करना है कि उनकी वर्तमान अकादमिक तैयारी किस स्तर पर है, किन विषयों में उनकी पकड़ मजबूत है और किन क्षेत्रों में उन्हें अधिक मेहनत और मार्गदर्शन की जरूरत है। एईएसएल के एमडी एवं सीईओ चंद्र शेखर गरिसा रेड्डी ने कहा कि एंथे का उद्देश्य सिर्फ छात्रों को स्कॉलरशिप देना नहीं है, बल्कि उन्हें अपनी अकादमिक क्षमता को समझने और भविष्य की तैयारी के लिए सही दिशा हासिल करने में मदद करना है। उनके अनुसार पिछले 16 वर्षों में एक करोड़ से अधिक छात्रों ने एंथे के माध्यम से अपनी तैयारी को बेंचमार्क करने का प्रयास किया है।

एंथे में पूछे जाने वाले सवालों को एक विशेष उद्देश्य के साथ तैयार किया जाता है और उन्हें संबंधित कॉन्सेप्ट एवं कॉम्पिटेंसी से जोड़ा जाता है। इससे छात्रों के प्रदर्शन का केवल अंक आधारित मूल्यांकन नहीं होता, बल्कि उनकी तैयारी और विषयगत समझ से जुड़े विभिन्न पहलुओं को भी पहचानने का प्रयास किया जाता है। एंथे की उपयोगिता का दावा उन छात्रों की सफलता से भी जोड़ा गया है, जिन्होंने आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया। NEET UG 2026 के टॉप 100 में जगह बनाने वाले आकाश के 41 छात्रों में से 31 छात्र पहले एंथे में क्वालीफाई कर चुके थे। वहीं JEE Advanced 2026 के टॉप 100 में शामिल आकाश के 11 छात्रों में से 7 छात्र एंथे से जुड़े रहे। कंपनी का कहना है कि ये आंकड़े शुरुआती स्तर पर छात्रों की क्षमता की पहचान, व्यवस्थित तैयारी और निरंतर मार्गदर्शन के महत्व को दर्शाते हैं। एंथे में शामिल होने वाले छात्रों को परीक्षा के बाद ‘एंथे इंटेलिजेंस रिपोर्ट’ भी दी जाएगी। इस रिपोर्ट का उद्देश्य छात्रों के परीक्षा प्रदर्शन को उपयोगी अकादमिक जानकारी में बदलना है, ताकि उन्हें अपनी मजबूतियों और कमियों को समझने में मदद मिल सके। इसमें अकादमिक असेसमेंट, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी और एग्जाम बिहेवियर जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाता है।

एंथे 2026 कक्षा V से XII तक के छात्रों के लिए आयोजित किया जाएगा। परीक्षा में छात्र ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से शामिल हो सकेंगे। ऑनलाइन परीक्षा 27 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक, जबकि ऑफलाइन परीक्षा 11 अक्टूबर, 25 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। एंथे 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं और छात्र आधिकारिक एंथे पोर्टल के साथ देशभर में मौजूद आकाश सेंटर के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा में सफल और पात्र छात्रों को आकाश के क्लासरूम, हाइब्रिड और डिजिटल प्रोग्राम्स के लिए स्कॉलरशिप का लाभ भी मिल सकेगा। कंपनी के मुताबिक एंथे का लक्ष्य छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा की अंतिम तैयारी से काफी पहले अपनी क्षमता और तैयारी का वास्तविक आकलन करने का अवसर देना है, ताकि वे समय रहते अपनी अकादमिक रणनीति में जरूरी बदलाव कर सकें।

48 घंटे में हरदीप सिंह हत्याकांड का खुलासा, दंपती गिरफ्तार

  • रुपयों के लेन-देन के विवाद में रची गई थी हत्या की साजिश
  • लाइसेंसी पिस्टल, खोखा कारतूस और कार बरामद
  • हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी सामने आई

रुद्रपुर। कुंडा क्षेत्र में हुए हरदीप सिंह हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली कुंडा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह रुपयों के लेन-देन से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल, खोखा कारतूस और कार भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक 13 सितंबर 2026 को रजविन्दर कौर पत्नी सुखदेव सिंह, निवासी गुलजारपुर, थाना काशीपुर ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके पुत्र हरदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना के अनुसार संदीप सिंह ने अपनी पत्नी और हरदीप सिंह की मां की मौजूदगी में हरदीप को गोली मारी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 274/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 61(2) बीएनएस और धारा 30 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में गहन छानबीन के साथ संदिग्धों से पूछताछ की तथा वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों को जुटाकर उनका विश्लेषण किया। 

पुलिस के अनुसार लगातार किए गए प्रयासों और विवेचना के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि संदीप सिंह उर्फ सोना, उम्र 40 वर्ष, निवासी गौरा फार्म, थाना कोतवाली कुंडा को हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त बनाया गया है। वहीं उसकी पत्नी संदीप कौर, उम्र 35 वर्ष को हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और नष्ट करने के षडयंत्र में शामिल पाया गया है। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद साक्ष्यों को मिटाने की कोशिश में महिला की भूमिका भी जांच के दौरान सामने आई। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, खोखा कारतूस और अभियुक्त की कार बरामद की है। पुलिस अब बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों को विवेचना का हिस्सा बनाकर मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक हत्याकांड का त्वरित खुलासा एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित टीमों की लगातार मेहनत और तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के विश्लेषण का परिणाम है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक सौरभ कुमार, गोविन्द मेहता, मनोज देव, सोनू सिंह, नवीन चन्द्र जोशी, अपर उपनिरीक्षक रविश राम तथा कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार, संजय कुमार, गणेश मेहरा, भरत बिष्ट, राजीव कुमार और राजकुमार शामिल रहे।

जनसेवा, सादगी और संघर्ष की मिसाल थे स्व. गुलाब सिंह, 100वीं जयंती पर स्वराज आश्रम में कांग्रेसजनों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

  • विधायक सुमित हृदयेश बोले—उनके आदर्श आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत

हल्द्वानी। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय गुलाब सिंह की 100वीं जन्म जयंती पर हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में कांग्रेसजनों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन को याद किया। वक्ताओं ने स्व. गुलाब सिंह के सादगीपूर्ण जीवन, संघर्ष और जनसेवा के प्रति समर्पण को कांग्रेस की राजनीतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि स्व. गुलाब सिंह कांग्रेस के समर्पित सिपाही और जनसेवा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध नेता थे। उनका पूरा जीवन जनता और समाज की सेवा के उच्च आदर्शों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि राजनीति में पद से अधिक महत्वपूर्ण जनता और समाज के प्रति जिम्मेदारी होती है और स्व. गुलाब सिंह ने अपने जीवन में इस भावना को पूरी निष्ठा के साथ चरितार्थ किया। सुमित हृदयेश ने कहा कि स्व. गुलाब सिंह की सादगी, सहजता, संघर्षशीलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को हमेशा याद किया जाएगा। उनकी 100वीं जयंती पर श्रद्धांजलि देना केवल एक वरिष्ठ नेता को याद करना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि स्व. गुलाब सिंह का व्यक्तित्व सादगी, संघर्ष और सेवा की भावना से परिपूर्ण था। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में जिस निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया, वह आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे वरिष्ठ नेताओं के संघर्ष और समर्पण ने कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि स्व. गुलाब सिंह कांग्रेस की विचारधारा और संगठन के प्रति पूरी तरह समर्पित व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता कायम रखी। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं का जीवन नई पीढ़ी को यह संदेश देता है कि राजनीति केवल सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता और समाज की सेवा का महत्वपूर्ण जरिया है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्व. गुलाब सिंह के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उनके संघर्ष, सादगी और जनसेवा की भावना को आत्मसात कर कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने जनहित, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के लिए लगातार कार्य करने तथा स्व. गुलाब सिंह के आदर्शों को अपने सार्वजनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।