Home Blog Page 16

गैरसैंण में दो दिवसीय सत्र पर यशपाल आर्य का हमला, बोले- लोकतांत्रिक परंपराओं की निभाई जा रही रस्म अदायगी

  • सत्र गैरसैंण में, लेकिन अहम बैठकें देहरादून में कराने पर उठाए सवाल
  • विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा के गैरसैंण में प्रस्तावित दो दिवसीय अंतिम सत्र को लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विधानसभा सत्र को महज दो दिनों तक सीमित रखकर लोकतांत्रिक परंपराओं की औपचारिकता निभा रही है। सत्र गैरसैंण में आयोजित किए जाने के बावजूद कार्यमंत्रणा समिति और विधानमंडल दल के नेताओं की महत्वपूर्ण बैठकें देहरादून में कराने के निर्णय पर भी उन्होंने सवाल उठाए। यशपाल आर्य ने कहा कि पंचम विधानसभा के पूरे कार्यकाल में संसदीय परंपराओं की लगातार अनदेखी की गई है। गैरसैंण को उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी और पर्वतीय क्षेत्रों की आकांक्षाओं का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि सत्र से संबंधित महत्वपूर्ण बैठकें भी गैरसैंण में ही आयोजित की जानी चाहिए थीं। उन्होंने सरकार और विधानसभा सचिवालय से सवाल किया कि जब सदन की कार्यवाही गैरसैंण में होनी है, तो सत्र की कार्यसूची और कार्यवाही तय करने वाली बैठकें देहरादून में क्यों कराई जा रही हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, पलायन, महंगाई, भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे हैं, जिन पर विधानसभा में विस्तार से चर्चा होनी चाहिए। इसके बावजूद अंतिम सत्र को केवल दो दिनों तक सीमित रखना जनता की समस्याओं पर चर्चा और सरकार को जवाबदेह बनाने के अवसर कम करता है। उन्होंने विधानसभा के पूरे कार्यकाल में सदन की कम बैठकों पर भी चिंता जताई। आर्य ने कांग्रेस की परिवर्तन रैलियों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सत्र से तीन दिन पहले वरिष्ठ कांग्रेस विधायकों को देहरादून बुलाने का निर्णय रैलियों में उनकी भागीदारी को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका सदन तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं उठाना भी उसकी जिम्मेदारी है। कांग्रेस जनता के मुद्दों को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से मांग की कि विधानसभा के अंतिम सत्र की अवधि बढ़ाई जाए और कार्यमंत्रणा समिति सहित विधानमंडल दल के नेताओं की सभी महत्वपूर्ण बैठकें गैरसैंण में आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार को संसदीय मर्यादाओं, लोकतांत्रिक परंपराओं और गैरसैंण की गरिमा का सम्मान करते हुए निर्णय लेना चाहिए, ताकि जनता का लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास मजबूत हो सके।

रामनगर में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत चार गिरफ्तार

  • बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप
  • हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश किए जाने का पुलिस का दावा

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश करने का भी आरोप है। पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के बुढनपुर गांव निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर 2026 को रामनगर कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र निवासी उवेश के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। आरोप है कि शादी में सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग कर रहा था। तहरीर में आरोप लगाया गया कि 16 अक्टूबर को कोहिनूर की हत्या कर दी गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की गिरफ्तारी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और विवेचना में सामने आया कि कोहिनूर और उसके पति के बीच दहेज की रकम तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद होता था। पुलिस का दावा है कि घटना वाले दिन विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को कमरे में चारपाई पर गिराया गया, उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया और हाथ-पैर पकड़कर गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उवेश (22), उसकी मां नसरीन (50), भाई अनस (23) और बहन शबा (20), सभी निवासी खताड़ी क्षेत्र, रामनगर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित व्यक्तियों की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, चौकी प्रभारी छोई देवेंद्र सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक सोमेंद्र सिंह तथा हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भंडारी और महिला कांस्टेबल हरदेश कौर शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

हल्द्वानी में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 25 से 30 स्ट्रक्चर पर कार्यवाही 

  • तीनपानी से नरीमन चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई
  • नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन सख्त

हल्द्वानी। शहर में सड़क चौड़ीकरण की राह में आ रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। तीनपानी से नरीमन चौराहे, काठगोदाम तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत गुरुवार को प्रशासन और यूयूएसडीए की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाए। इस दौरान करीब 25 से 30 स्ट्रक्चरों से अतिक्रमण हटाए जाने की जानकारी सामने आई है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि नैनीताल-बरेली मार्ग शहर का प्रमुख रास्ता है, जहां भारी यातायात का दबाव रहता है। इस मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने की परियोजना लंबे समय से चल रही है। संबंधित लोगों को करीब आठ से नौ महीने पहले नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए गए।

लोगों को बरसात के दौरान काम प्रभावित होने और दशहरे के त्योहार के मद्देनजर अतिरिक्त समय भी दिया गया था, लेकिन समयसीमा पूरी होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि शेष क्षेत्र में भी कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को दोपहर तीन बजे के बाद यदि संबंधित लोग स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा। सड़क चौड़ीकरण पूरा होने से इस व्यस्त मार्ग पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, तहसीलदार कुलदीप पांडे, यूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर गुरप्रीत देओल सहित प्रशासन और यूयूएसडीए की टीम मौजूद रही।

हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग और मारपीट का आरोप, एंटी रैगिंग कमेटी ने शुरू की जांच

  • एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र को अस्पताल में कराना पड़ा भर्ती
  • पिता की शिकायत पर कॉलेज प्रशासन हरकत में

हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र के साथ कथित मारपीट और रैगिंग का मामला सामने आने से कॉलेज प्रशासन में हलचल मच गई है। छात्र के पिता की शिकायत के बाद कॉलेज प्रशासन और एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि वार्षिकोत्सव ‘क्रीसेंडो’ की तैयारियों के दौरान कुछ सीनियर छात्रों पर जूनियर छात्र के साथ मारपीट और रैगिंग करने का आरोप है। घटना के बाद छात्र को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

मामले की शिकायत मिलने के बाद यूजीसी के निर्धारित नियमों के तहत एंटी रैगिंग कमेटी जांच कर रही है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही पीड़ित छात्र के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को ऐसे मामलों में सख्ती बरतने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अब जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और आरोपों में कितनी सच्चाई है।

सरकारी आवासों में बिना मीटर बिजली इस्तेमाल का मामला गरमाया, यूपीसीएल करेगा जांच

  • अधीक्षण अभियंता रवि कुमार राजोरा ने अधिशासी अभियंता को दिए जांच के निर्देश
  • बोले—मीटर नहीं लगने की वजह सामने आने के बाद होगी कार्रवाई

हल्द्वानी। आम उपभोक्ताओं का बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने में देर नहीं करने वाला विद्युत विभाग अब सरकारी आवासों में बिना मीटर बिजली इस्तेमाल और पुराने बंद मीटरों के मामले की जांच करेगा। कोतवाली के समीप पूल्ड हाउस योजना के तहत बने आवासों में बिजली मीटर नहीं लगे होने और वर्षों पुराने बंद मीटरों के इस्तेमाल से जुड़ी खबर प्रकाशित होने के बाद यूपीसीएल हरकत में आया है। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता रवि कुमार राजोरा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में अखबार के माध्यम से आया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया जा रहा है कि संबंधित आवासों की जांच कर यह पता लगाया जाए कि किन आवासों में मीटर नहीं लगे हैं और इसके पीछे क्या वजह है। 

उन्होंने कहा कि जहां मीटर नहीं होंगे, वहां मीटर लगवाने की कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मीटर क्यों नहीं लगाए गए और आगे क्या कार्रवाई की जानी है। गौरतलब है कि एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार, कोतवाली के पास स्थित पूल्ड हाउस के कुछ आवासों में बिजली मीटर गायब हैं, जबकि कुछ में करीब 16 साल पुराने बंद मीटर लगे हुए हैं। खबर में यह भी दावा किया गया कि कुछ स्थानों पर बिजली के तारों में कट लगाकर लाइन खींची गई है और वास्तविक खपत मापने के बजाय अनुमान के आधार पर बिल भेजे जा रहे हैं। इन आवासों में पुलिस, प्रशासन, राजस्व और कर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी रहते हैं। मामला सामने आने के बाद अब विभागीय जांच से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि बिजली कनेक्शन और मीटरों की स्थिति क्या है तथा नियमों के अनुरूप बिजली बिलिंग हो रही है या नहीं।

1.108 किलो चरस के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

  • एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम ने आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास पकड़ा आरोपी
  • पूछताछ में कसोल से चरस लाकर बेचने की बात सामने आई

देहरादून। उत्तराखंड में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास एक युवक को 1 किलो 108 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी हिमाचल प्रदेश के कसोल क्षेत्र से चरस लाकर देहरादून में बेचने की बात कह रहा है। मामले में थाना क्लेमेंटटाउन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसटीएफ के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास चेकिंग की जा रही थी। 

इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई तो उसके काले रंग के बैग से चरस बरामद हुई। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में मादक पदार्थ की पुष्टि होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान युसुफ (22), निवासी ग्रीन व्यू, दून गली, मालसी, देहरादून के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार का निवासी बताया गया है। एसटीएफ और थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले में बरामद चरस के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। एसटीएफ ने युवाओं, अभिभावकों और शिक्षकों से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने युवाओं से नशे से दूर रहने और किसी भी लालच में नशा तस्करी जैसे अपराध में शामिल नहीं होने का आह्वान किया। साथ ही, नशा तस्करी की जानकारी मिलने पर निकटतम पुलिस थाने या एसटीएफ/एएनटीएफ को सूचना देने की अपील की है।

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, हल्द्वानी में 23 अक्टूबर से EVM की जांच

  • जिले की 1541 बैलेट यूनिट, 2716 कंट्रोल यूनिट और 2224 VVPAT मशीनों की होगी फर्स्ट लेवल चेकिंग
  • राजनीतिक दलों की मौजूदगी में पूरी होगी प्रक्रिया

हल्द्वानी। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत निर्वाचन विभाग ने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की जांच की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बुधवार को हल्द्वानी स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया गया। जिले में मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) 23 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मोनिका ने बताया कि एफएलसी की तैयारियों के लिए वेयरहाउस हॉल खोला गया है। यहां सफाई, एफएलसी टीम के बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियां की जाएंगी। 

उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न कराई जाएगी। एफएलसी के दौरान भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के विशेषज्ञ इंजीनियर प्रत्येक मशीन की कार्यक्षमता की जांच करेंगे। जांच में खराब पाई जाने वाली मशीनों को अस्वीकार कर दिया जाएगा। निर्वाचन विभाग के अनुसार इस प्रक्रिया को पूरा करने में करीब 10 से 12 दिन लगने की संभावना है। जिले में उपलब्ध मशीनों में 1541 बैलेट यूनिट (बीयू), 2716 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 2224 वीवीपैट शामिल हैं। संयुक्त निरीक्षण के दौरान निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों के साथ भाजपा, कांग्रेस, बसपा सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

यूजीसी नियमों, जातिगत आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट पर पुनर्विचार की मांग, 22 अक्टूबर को हल्द्वानी में जनसंवाद

  • रामपुर रोड स्थित रेस्टोरेंट में प्रेसवार्ता कर आयोजकों ने दी जानकारी
  • हीरानगर के लगन गार्डन में दोपहर 3:30 बजे होगी बैठक

हल्द्वानी। यूजीसी के नए नियमों, शिक्षा एवं सरकारी सेवाओं में जातिगत आरक्षण और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम को लेकर हल्द्वानी में जनसंवाद बैठक आयोजित की जाएगी। आयोजकों ने इन नियमों और व्यवस्थाओं को वापस लेने या समाप्त करने की मांग पर खुली चर्चा करने की बात कही है। बुधवार को रामपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेसवार्ता में बैठक की जानकारी दी गई। जनसंवाद गुरुवार, 22 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे हीरानगर स्थित लगन गार्डन में होगा। आयोजकों के अनुसार बैठक में उच्च शिक्षण संस्थानों में यूजीसी के नए नियमों, शिक्षा और सरकारी नौकरियों में जाति आधारित आरक्षण तथा एससी-एसटी एक्ट से जुड़े प्रावधानों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उनका कहना है कि शिक्षा और रोजगार में समान अवसर, योग्यता, पारदर्शिता तथा आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से वंचित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी चर्चा होनी चाहिए।

प्रेसवार्ता में प्रकाश हर्बोला ने कहा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़ी नीतियों पर खुला संवाद जरूरी है और नीति निर्माण में युवाओं की आवाज सुनी जानी चाहिए। वहीं, लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया पर जोर देते हुए कहा कि वास्तविक पीड़ितों को सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए तथा किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने संबंधित कानूनों में बदलाव और उन्हें समाप्त करने की मांग पर संवैधानिक दायरे में चर्चा किए जाने की बात कही। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि बैठक का उद्देश्य किसी जाति या समुदाय के प्रति वैमनस्य पैदा करना नहीं, बल्कि संबंधित नीतियों और कानूनों पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विचार-विमर्श करना है। बैठक में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। चर्चा में सामने आने वाले सुझावों को संकलित कर सक्षम सरकारी स्तर तक पहुंचाने और आगे की रणनीति तय करने पर भी विचार किया जाएगा।

हल्द्वानी के वार्ड 43 में सड़क निर्माण शुरू, हजारों लोगों को मिलेगी राहत

  • प्रेमानंद कॉलोनी-दिव्य रतन छड़ायल में 400 मीटर सड़क पर बीएम कार्य जारी
  • गैस गोदाम रोड और आरटीओ रोड को जोड़ता है मार्ग

हल्द्वानी। शहर के वार्ड संख्या 43 में सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। एडीबी सहायतित हल्द्वानी परियोजना के अंतर्गत प्रेमानंद कॉलोनी और दिव्य रतन, छड़ायल क्षेत्र में करीब 400 मीटर लंबी सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। 

सड़क पर बीएम (बिटुमिनस मैकडम) बिछाने का काम किया जा रहा है, जिसके आज पूरा होने की संभावना जताई गई है। यह सड़क गैस गोदाम रोड और आरटीओ रोड को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण लिंक मार्ग है। इसके पुनर्निर्माण से वार्ड 43 के हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। सड़क बेहतर होने से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।

115 साल पुरानी हल्द्वानी की रामलीला में हुआ रावण दहन, उमड़ा जनसैलाब

  • आतिशबाजी रही दशहरा महोत्सव का मुख्य आकर्षण
  • हजारों दर्शकों ने देखा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रावण दहन

हल्द्वानी। शहर की 115 साल पुरानी श्री प्राचीन रामलीला में विजयदशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। दशहरे के अवसर पर रावण दहन देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे। रावण के पुतले का दहन और शानदार आतिशबाजी कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे। इस बार रिमोट से संचालित पुतले ने भी लोगों का ध्यान खींचा। रामलीला मैदान में देर तक दर्शकों की भीड़ बनी रही और लोगों ने उत्साह के साथ आयोजन का आनंद लिया।

रामलीला देखने पहुंचे लोगों ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश देता है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाना और सत्य के मार्ग पर चलना हर व्यक्ति का कर्तव्य है। लोगों ने कहा कि हल्द्वानी की प्राचीन रामलीला शहर की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाना जरूरी है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। रावण दहन के साथ लोगों ने बुराइयों का त्याग कर अच्छाई का साथ देने का संकल्प दोहराया। 115 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा ने एक बार फिर हल्द्वानी में दशहरे की रौनक बढ़ा दी।