- तीनपानी से नरीमन चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई
- नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन सख्त
हल्द्वानी। शहर में सड़क चौड़ीकरण की राह में आ रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। तीनपानी से नरीमन चौराहे, काठगोदाम तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत गुरुवार को प्रशासन और यूयूएसडीए की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाए। इस दौरान करीब 25 से 30 स्ट्रक्चरों से अतिक्रमण हटाए जाने की जानकारी सामने आई है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि नैनीताल-बरेली मार्ग शहर का प्रमुख रास्ता है, जहां भारी यातायात का दबाव रहता है। इस मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने की परियोजना लंबे समय से चल रही है। संबंधित लोगों को करीब आठ से नौ महीने पहले नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए गए।

लोगों को बरसात के दौरान काम प्रभावित होने और दशहरे के त्योहार के मद्देनजर अतिरिक्त समय भी दिया गया था, लेकिन समयसीमा पूरी होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि शेष क्षेत्र में भी कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को दोपहर तीन बजे के बाद यदि संबंधित लोग स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा। सड़क चौड़ीकरण पूरा होने से इस व्यस्त मार्ग पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, तहसीलदार कुलदीप पांडे, यूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर गुरप्रीत देओल सहित प्रशासन और यूयूएसडीए की टीम मौजूद रही।
